हत्या करने के लिए पांच लाख और जिसकी हत्या करनी थी उससे भी लिए पांच लाख, पुलिस के हत्थे चढ़ा सुपारी किलर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाराणसी में जमानत करा कर जेल से हत्या के लिए भेजे गए छित्तूपुर निवासी अर्जुन देव को शिवपुर थाने की पुलिस ने रविवार को चुप्पेपुर से गिरफ्तार कर लिया। अर्जुन देव के पास से एक तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए हैं।
अर्जुन के अनुसार, वह जिला जेल में बंद बर्खास्त सिपाही संजय यादव के गिरोह का सदस्य है। संजय और अशोक यादव ने उसकी और पंकज यादव की जमानत कराई थी। मुकेश यादव की हत्या के लिए उसे पांच लाख की सुपारी दी गई थी। इसके साथ ही अर्जुन ने मुकेश से भी पांच लाख की रंगदारी मांगी थी।
सीओ कैंट अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि चुप्पेपुर निवासी मुकेश यादव से पांच लाख की रंगदारी मांगी गई थी। पैसा न देने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई थी। इंस्पेक्टर शिवपुर राजीव रंजन उपाध्याय ने तफ्तीश शुरू की तो सामने आया कि जेल में बंद संजय यादव और उसके गिरोह के गुर्गों का इसके पीछे हाथ है।
इंस्पेक्टर शिवपुर को रविवार की सुबह सूचना मिली कि चुप्पेपुर में संजय यादव के गिरोह का अर्जुन मौजूद है। इस सूचना पर शिवपुर इंस्पेक्टर ने दरोगा रामनरेश यादव के साथ घेरेबंदी कर अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया। अर्जुन के खिलाफ हत्या और हत्या का प्रयास सहित अन्य गंभीर आरोपों में सात मुकदमे दर्ज हैं।
जेल से आपराधिक गतिविधियां संचालित कर रहा संजय
अर्जुन ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि संजय जेल से ही आपराधिक गतिविधियां संचालित कर रहा है। संजय के गिरोह में सीरगोवर्धनपुर का अशोक यादव, बलिया का रौबिन सिंह, मिर्जापुर के अहरौरा का पंकज यादव और वह शामिल है। संजय यादव और मुकेश की पुरानी रंजिश है। गौरतलब है कि बीते दिनों संजय की ढाई करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति गैंगस्टर एक्ट के तहत जब्त की गई थी।