वाराणसी: सर्किट हाउस के पास से महिला की चेन लूटने वाले बदमाशों को पुलिस ने दबोचा, पूछताछ में बड़ा खुलासा
बीते माह 25 मई को वाराणसी के सर्किट हाउस में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद थे। बाहर तगड़ी सुरक्षा थी। इसके बाद भी बदमाशों ने वहां पर एक महिला की गले की चेन नोचकर भाग निकले थे। घटना के 9वें दिन पुलिस ने उन बदमाशों को धर दबोचा।
विस्तार
वाराणसी के सर्किट हाउस के पास बीते 25 मई की सुबह टहलने निकली महिला की गले से चेन नोच कर फरार बाइक सवार तीन बदमाशों को पुलिस ने दबोच लिया है। घटना के 9 दिन बाद वाराणसी कैंट पुलिस के हाथ सफलता लगी। बदमाशों के पास से चेन और लूट में इस्तेमाल बाइक, असलहा और कारतूस भी बरामद हुआ।
पुलिस की पूछताछ में दस हजार इनामी प्रद्युम्न उर्फ प्रदीप निवासी लहरतारा ने चौंकाने वाला खुलासा किया। बताया कि लूट और छिनैती के लिए फुलवरिया से चोरी की बाइक भाड़े पर मंडुवाडीह थाना अंतर्गत महेशपुर निवासी आयुष उर्फ केमी दो से तीन हजार रुपये में उपलब्ध कराता था।
पुलिस ने आयुष उर्फ केमी, अमन उर्फ अमर निवासी महेशपुर को भी गिरफ्तार किया। पुलिस को यह सफलता दर्जनों सीसीटीवी फुटेज और अन्य कई संदिग्धों को उठाकर पूछताछ के बाद मिली। कैंट पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम इन शातिर अपराधियों के पीछे लगी हुई थी। 25 मई की सुबह अर्दली बाजार निवासी कंचन श्रीवास्तव सर्किट हाउस से गुजर रही थी, तभी बाइक सवार प्रद्युम्न और अमन ने झपट्टा मार गले से चेन नोचकर फरार हो गए थे। उस समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सर्किट हाउस के अंदर थे और बाहर पुलिसकर्मियों की तगड़ी सुरक्षा थी।
इसके बावजूद बदमाशों ने दुस्साहस कर महिला के गले से चेन नोचकर फरार हो गए थे। कैंट एसीपी अभिमन्यु मांगिलक ने बताया कि अपराधियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीम लगी हुई थी। गुरुवार सुबह नदेसर स्थित चौराहे से तीनों अपराधियों के मौजूद होने की सूचना मिली तो कैंट इंस्पेक्टर राकेश सिंह और क्राइम ब्रांच की टीम ने जाल बिछाते हुए तीनों को गिरफ्तार किया।
इनके कब्जे से लूट में इस्तेमाल चोरी की बाइक, सोने की चेन और असलहा भी बरामद हुआ। शातिर अपराधी प्रद्युम्न पर 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। लूट, छिनैती और चोरी मामले में पूर्व में भी वह कई बार जेल जा चुका है। इनके गिरोह का सरगना आर्यन गुप्ता उर्फ छग्गू है, जिसके ऊपर लूट, चोरी, छिनैती के दर्जन भर मुकदमे है। इस समय छग्गू जेल में है।