टीका लगवाने वालों से बात करेंगे पीएम मोदी, काशी में तीन जगहों पर होगा संवाद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाराणसी में शुक्रवार को होने वाले टीकाकरण की सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले दिन यानी 16 जनवरी को टीका लगवाने वाले लोगों से बातचीत कर इसके असर के बारे में जानकारी हासिल करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय से इसकी हरी झंडी मिलने के बाद अब स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन इसकी तैयारियों में जुट गया है। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है।
शुक्रवार को बीएचयू अस्पताल, महिला अस्पताल, दीनदयाल अस्पताल समेत 15 जगहों पर दो सत्रों में टीकाकरण की व्यवस्था की गई है, जहां सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक टीके लगाए जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिला महिला अस्पताल और दीनदयाल अस्पताल के अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हाथी पर 16 जनवरी को टीका लगवाने वाले लोगों से बातचीत करेंगे।
प्रधानमंत्री किन लोगों से बात करेंगे इस पर अभी कोई भी अधिकारी बोलने को तैयार नहीं है लेकिन सूत्रों की मानें तो जिला महिला अस्पताल में एसआईसी डॉक्टर लिली श्रीवास्तव समेत दीनदयाल अस्पताल के सीएमएस डॉ. वी शुक्ला, दो अन्य के अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हाथी पर स्वास्थ्य कर्मियों से बातचीत कर इसके प्रभाव के बारे में पीएम जानकारी लेंगे।
टीकाकरण केंद्रों पर पहुंची वैक्सीन
शुक्रवार को जिन टीकाकरण केंद्रों पर टीका लगाया जाना है, बृहस्पतिवार की दोपहर तक वहां वैक्सीन पहुंच गई और सभी टीकाकरण केंद्रों से जुड़े नोडल अधिकारी और जिला प्रशासन की ओर से नामित मजिस्ट्रेट ने यहां टीका लगाए जाने संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इन केंद्रों पर होगा टीकाकरण
जिला महिला चिकित्सालय, दीनदयाल चिकित्सालय, आइएमएस बीएचयू, बीएलडब्लू रेलवे हॉस्पिटल, हेरिटेज मेडिकल कालेज, एलबीएस हॉस्पिटल रामनगर।
स्वास्थ्य केंद्र
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अराजीलाइन, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोलापुर, ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ागांव, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरहुआ, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिंडरा (गंगापुर मंगारी), शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिसिरपुर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरपतपुर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हाथी बाजार।