प. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा का अनावरण कर सकते हैं पीएम, पीएमओ ने मांगा ब्यौरा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 फरवरी को पड़ाव स्थित प. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा का अनावरण कर सकते हैं। बुधवार को प्रधानमंत्री कार्यालय ने पड़ाव स्थित गन्ना संस्थान परिसर में लगाई जा रही प्रतिमा और अन्य कामों की प्रगति का ब्यौरा मांगा है। इसके बाद स्थानीय प्रशासन ने स्थलीय निरीक्षण का रिपोर्ट भेज दी है।
वाराणसी और चंदौली की सीमा पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के चिंतक पं. दीनदयाल उपाध्याय की पंच धातु की 63 फीट ऊंची प्रतिमा लगाई जा रही है। गन्ना संस्थान की जमीन को संस्कृति विभाग को हस्तांतरित करके यहां संग्रहालय और अन्य दर्शनीय स्थल विकसित करने की योजना है। प्रतिमा का काम लगभग पूरा हो गया है और 11 फरवरी तक यहां काम पूरा कर लिया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 फरवरी को जंगमबाड़ी मठ के वीर शैव महाकुंभ कार्यक्रम में शामिल होने वाराणसी आएंगे। ऐसे में पीएमओ ने प. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा और उससे जुड़ी परियोजना की जानकारी मांगी है। सूत्रों की माने तो प्रधानमंत्री पड़ाव स्थित प्रतिमा स्थल पर जाकर अनावरण कर सकते हैं। ऐसे में प्रशासन अब इसके आसपास ही जनसभा स्थल का विकल्प भी तलाश रहा है। हालांकि पीएमओ ने अभी इस कार्यक्रम के लिए किसी तरह की अनुमति नहीं दी है। मगर, प्रशासन इस संभावित कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए अपनी तैयारी में जुट गया है।
चंदौली प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी
16 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे की सूचना पर वाराणसी और चंदौली प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर बुधवार की शाम कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने वाराणसी और चंदौली के डीएम के साथ निरीक्षण किया। उन्होंने हेलिपैड, सभास्थल जाने वाले रास्तों को देखा। साथ ही अधिकारियों को समय से कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया।
चौराहे के समीप बन रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मारक का लोकार्पण 16 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर सकते हैं। कार्यक्रम स्थल पर चल रहे कार्यों का निरीक्षण के लिए पहुंचे कमिश्नर ने सभास्थल, हेलिपैड का निरीक्षण किया। क्षेत्र के अवधूत भगवान राम समाधि स्थल, सूजाबाद स्थित गंगा घाट और निर्माणाधीन स्मारक स्थल का निरीक्षण किया।