अस्पताल में भर्ती अधेड़ की मौत: मां ने पत्नी और बेटे पर लगाया हत्या का आरोप, किया चक्काजाम; मारपीट का मामला
जिले के पूरनपट्टी गांव निवासी दिलीप कुमार राजभर की रविवार सुबह अस्पताल में मौत हो गई। उनकी मां ने पत्नी और बेटे पर मारपीट कर हत्या का आरोप लगाते हुए डुबकियां-जयरामपुर मार्ग जाम कर दिया। पुलिस के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच की जा रही है।
विस्तार
चौबेपुर थाना क्षेत्र के पूरनपट्टी गांव निवासी एक अधेड़ की रविवार सुबह अस्पताल में मौत हो गई। उसकी मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की मां ने अपनी बहू और पोते पर बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया। इसके विरोध में उन्होंने गांव के कुछ लोगों के साथ डुबकियां-जयरामपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर जाम समाप्त कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, पूरनपट्टी गांव निवासी दिलीप कुमार राजभर (55) पुत्र केदार राजभर की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें पहाड़िया स्थित शांति अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां रविवार सुबह उनकी मौत हो गई। अस्पताल से मौत की सूचना मिलने पर उनकी मां मौके पर पहुंचीं। उन्होंने बेटे की मौत को सामान्य नहीं मानते हुए बहू और पोते पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया।
परिजनों में कोहराम
मां का आरोप था कि पत्नी और बेटे ने दिलीप के साथ मारपीट की थी, जिसके कारण उनकी मौत हुई। इसके बाद उन्होंने गांव के कुछ लोगों के साथ डुबकियां-जयरामपुर मार्ग पर पहुंचकर सड़क जाम कर दिया। सड़क पर जाम लगने से आवागमन प्रभावित हुआ। इसकी सूचना मिलने पर चौबेपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने मृतक की मां और अन्य परिजनों को समझाया। अधिकारियों ने मामले की जांच कराने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजनों ने जाम समाप्त कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि दिलीप कुमार राजभर शराब पीने के आदी थे। उनकी मौत के बाद मां ने बहू और बेटे पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए शिवपुर स्थित मर्चरी हाउस भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगी।