अब पशुओं के चारे पर संकट, खली, चूनी, चोकर और भूसा के दाम काफी बढ़े
लॉक डाउन के दौरान पशुओं के चारे पर भी संकट है। एक पखवारे में पशुओं का चारा तीन से चार रुपये प्रति किलो महंगा हुआ है। रोक के चलते चारे की गाड़ियां बाहर से नहीं आ पा रही हैं। पहले जहां प्रतिदिन 10 गाड़ी माल आता था वहीं अब मुश्किल से एक गाड़ी ही माल आ पा रहा है। खली-चूनी के आढ़तियों का स्टॉक भी खत्म होने के कगार पर है।
आढ़तियों के अनुसार 22 मार्च से पहले चोकर, मसूर चूनी, अरहर चूनी, चना चूनी के दाम बढ़ गए हैं। आगे भी उम्मीद है कि दाम बढ़ेगा। क्योंकि फैक्ट्रियों में मजदूर नहीं है, गाड़ी वाले आने-जाने को तैयार नहीं हो रहे हैं। रामनगर भूसा मंडी में 800 रुपये प्रति क्विंटल भूसा बिक रहा है। सरसों खली पहले 15 रुपये किलो थी वहीं अब 30 रुपये और तीसी खली पहले 30 रुपये में थी अब 50-60 रुपये किलो बिक रहा है।
- सामान पहले अब
- चोकर 2000-2100 2500-2600
- अरहर चूनी 2100-2200 2400-2500
- मसूर चूनी 2200 2300-2500
- चना चूनी 2200 2400-2500
- भूसा 350-400 750-800
नोट- सभी के दाम प्रति क्विंटल में हैं।
माल की आवक कम होने के कारण समस्या है। लॉक डाउन से पूर्व प्रतिदिन 10 गाड़ी माल आता था, इस समय एक गाड़ी माल आ रहा है। वह भी नियमित नहीं। आने वाले दिनों में और भी दाम बढ़ने के आसार हैं।
विज्ञापन विज्ञापन
आरके गुप्ता, खली-चूनी आढ़ती, पांडेयपुर