Varanasi Weather: दिन से ढ़ाई गुना ज्यादा ठिठुर रहीं रातें, 50-100 मीटर तक रही दृश्यता; पड़ीं ओस की फुहारें
Varanasi News: यूपी के अन्य जिलों की तरह वाराणसी में भी ठंड का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। अलाव नहीं जलने से लोगों को दिक्कतें हो रही हैं। ग्रामीण इलाकों में कोहरे के कारण किसानों को भी ज्यादा परेशानी हो रही है।
विस्तार
Varanasi Weather Today: जिले का पारा भले ही एक डिग्री ऊपर आ गया हो मगर ठिठुरन पहले से भी ज्यादा रही। बनारस की रातें अब दिन के मुकाबले ढ़ाई गुना ज्यादा ठंडी हो गईं हैं। बुधवार को रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री कम 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 4.8 डिग्री ज्यादा 16.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
मंगलवार देर रात के बाद से जिले में घना कोहरा भी छा गया और बुधवार की सुबह दृश्यता 50 से 100 मीटर तक आ गई। इस दौरान दिन में हवा भी 11-14 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बही। वहीं अलसुबह एक घंटे तक ओस की फुहारें भी पड़ीं। वहीं वाराणसी के कई स्थानों पर अलाव नहीं जलने से राहगीरों को भी दिक्कतें हो रही हैं। वे लोग भी ठंड में राहत पाने के लिए चाय की दुकानों पर खड़े होकर आग ताप रहे हैं।
8 जनवरी के बढ़ेगा पारा
यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आठ जनवरी के बाद से ठिठुरन और कोहरे थोड़ी कमी हो सकती है। बृहस्पतिवार से लेकर शनिवार तक कोहरे के यलो अलर्ट की चेतावनी जारी की गई है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश को प्रभावित करने वाले सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद बर्फबारी वाले पहाड़ी इलाकों से प्रदेश में आ रही ठंडी और सूखी उत्तरी-पश्चिमी पछुआ हवाओं के प्रभाव से चार जनवरी तक ज्यादा ठंड थी। इसी से तापमान नीचे जा रहा था। लेकिन अब जम्मू कश्मीर तक ही पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव है। ऐसे में 11 जनवरी तक कोहरे घना नहीं होगा और तापमान में बढ़ोतरी होने से ठंड थोड़ी कम हो सकती है।
