दिल्ली में थाने के अंदर खूनखराबा: नौ पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला, हमलावर भागा; एनकाउंटर में मारीं छह गोलियां
दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में काउंसिलिंग के लिए बुलाए गए नबील ने चाकू से हमला कर पांच पुलिसकर्मियों को घायल कर दिया। वह एक राहगीर का स्कूटर छीनकर फरार हुआ। चितली कबर में पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर भी उसने हमला किया, जिसमें चार जवान घायल हुए। जवाबी फायरिंग में नबील के पैरों में छह गोलियां लगीं।
विस्तार
दिल्ली के जामा मस्जिद थाना में सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे एक बड़ी घटना हुई। पारिवारिक विवाद की शिकायत पर थाने बुलाए गए नबील नामक व्यक्ति ने पुलिसकर्मियों पर अचानक चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में पांच पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिसकर्मियों के गर्दन और चेहरे पर चोटें
नबील को उसकी मां और बहन से जुड़े एक पारिवारिक विवाद के मामले में थाने बुलाया गया था। उसने अचानक पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मियों को गर्दन और चेहरे पर चोटें आईं। उन्हें तुरंत संजीवनी अस्पताल ले जाया गया। बाद में बेहतर उपचार के लिए सर गंगा राम अस्पताल रेफर कर दिया गया। हमले के बाद आरोपी नबील थाना से भाग निकला। भागने में मदद के लिए उसने रास्ते में एक दोपहिया वाहन भी लूट लिया। सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की ऑपरेशंस यूनिट की एक टीम ने उसका पीछा करना शुरू किया।
आरोपी का पीछा और दोबारा हमला
ऑपरेशंस यूनिट की टीम ने आरोपी नबील को चितली कबर इलाके में ट्रैक किया। जब पुलिस टीम ने उसे पकड़ने का प्रयास किया। नबील ने एक बार फिर पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इस स्थिति में पुलिस टीम को आत्मरक्षा में गोली चलानी पड़ी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई
पुलिस ने खतरे को बेअसर करने और आरोपी को नियंत्रण में लाने के लिए गोली चलाई। यह कार्रवाई नबील के लगातार हमलों के जवाब में की गई। घायल पुलिसकर्मियों का इलाज जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
