व्हाट्सएप वेब के इस्तेमाल को लेकर सरकार ने जारी की चेतावनी: क्या है इसके पीछे की वजह? जानिए हर सवाल का जवाब
- I4C ने ऑफिस, साइबर कैफे और सार्वजनिक कंप्यूटर पर WhatsApp Web इस्तेमाल करने को लेकर चेतावनी दी है।
- लॉगिन सेशन खुला रहने पर निजी चैट, कॉन्टैक्ट और ग्रुप की जानकारी लीक हो सकती है।
- साइबर अपराधी आपके अकाउंट से दूसरों को मैसेज भेजकर फिशिंग और वित्तीय धोखाधड़ी कर सकते हैं।
- हर इस्तेमाल के बाद मैन्युअली लॉगआउट करें, अनजान डिवाइस हटाएं।

विस्तार
अगर आप ऑफिस, साइबर कैफे या किसी दूसरे के कंप्यूटर पर WhatsApp Web इस्तेमाल करते हैं, तो थोड़ी सावधानी बरतने की जरूरत है। केंद्रीय गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाली भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र I4C की साइबर सुरक्षा यूनिट ने यूजर्स को चेतावनी दी है। एजेंसी के मुताबिक कंप्यूटर पर WhatsApp Web लॉगिन छोड़ देना आपकी निजी चैट, कॉन्टैक्ट और ग्रुप की जानकारी दूसरों तक पहुंचा सकता है। इतना ही नहीं, साइबर अपराधी आपके अकाउंट का इस्तेमाल करके दोस्तों और रिश्तेदारों को ठगने की कोशिश भी कर सकते हैं। ऐसे में सवाल है कि WhatsApp Web इस्तेमाल करना कितना सुरक्षित है और इससे बचने के लिए क्या सावधानियां बरतनी चाहिए? आइए सवाल-जवाब में समझते हैं।
सवाल- सरकार ने WhatsApp Web को लेकर क्या चेतावनी दी है?
जवाब
- I4C ने यूजर्स को सलाह दी है कि वे ऑफिस, साइबर कैफे, पब्लिक कंप्यूटर या दूसरे साझा सिस्टम पर WhatsApp Web इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतें। अगर किसी कंप्यूटर पर आपका अकाउंट लॉगिन रह जाता है, तो दूसरा व्यक्ति आपकी निजी बातचीत, कॉन्टैक्ट और ग्रुप चैट देख सकता है। इससे आपकी गोपनीय जानकारी का गलत इस्तेमाल होने का खतरा रहता है।
सवाल- WhatsApp Web लॉगिन रहने से क्या-क्या खतरे हो सकते हैं?
जवाब
- अगर आपका WhatsApp Web किसी दूसरे कंप्यूटर पर लॉगिन रह गया है, तो अनधिकृत व्यक्ति आपके अकाउंट तक पहुंच बना सकता है। इसके जरिए वह आपकी चैट पढ़ सकता है और आपके नाम से दूसरे लोगों को मैसेज भेज सकता है। साइबर अपराधी आपकी पहचान का फायदा उठाकर दोस्तों और रिश्तेदारों से पैसे मांग सकते हैं। इसके अलावा फिशिंग लिंक भेजकर लोगों की निजी और बैंकिंग जानकारी चुराने की कोशिश भी की जा सकती है।
सवाल- क्या ब्राउजर की विंडो या टैब बंद करने से WhatsApp Web लॉगआउट हो जाता है?
जवाब
- नहीं, यह सबसे बड़ी गलतफहमियों में से एक है। I4C ने साफ किया है कि सिर्फ ब्राउजर की विंडो या टैब बंद करने से WhatsApp Web का लॉगिन सेशन खत्म नहीं होता। ऐसे में कंप्यूटर इस्तेमाल करने वाला अगला व्यक्ति दोबारा WhatsApp Web खोलकर आपके अकाउंट तक पहुंच सकता है। इसलिए हर बार इस्तेमाल के बाद मैन्युअली लॉगआउट करना जरूरी है।

सवाल- किन कंप्यूटरों पर WhatsApp Web इस्तेमाल करने से बचना चाहिए?
जवाब
- एजेंसी ने साइबर कैफे, पब्लिक कियोस्क, होटल के बिजनेस सेंटर, ऑफिस के साझा कंप्यूटर और दूसरे लोगों के कंप्यूटर पर WhatsApp Web लॉगिन करने से बचने की सलाह दी है। ऐसे सिस्टम पर आपकी जानकारी सुरक्षित रहने की गारंटी नहीं होती। अगर किसी जरूरी काम के लिए दूसरे कंप्यूटर पर WhatsApp Web चलाना ही पड़े, तो प्राइवेट या इनकॉग्निटो मोड का इस्तेमाल करें।
सवाल- क्या WhatsApp Web पर बैंकिंग और दूसरी गोपनीय जानकारी भेजना सुरक्षित है?
जवाब
- I4C ने कंप्यूटर पर चलने वाले WhatsApp Web से संवेदनशील जानकारी साझा करने को लेकर भी आगाह किया है। एजेंसी के मुताबिक, सरकारी, संस्थागत, वित्तीय और गोपनीय जानकारी को ऐसे सेशन के जरिए साझा करने से बचना चाहिए। खासतौर पर साझा या सार्वजनिक कंप्यूटर पर ऐसी जानकारी भेजना जोखिम भरा हो सकता है।
सवाल- कैसे पता करें कि कोई दूसरा व्यक्ति आपका WhatsApp इस्तेमाल कर रहा है?
जवाब
- अगर आपके अकाउंट से ऐसे मैसेज भेजे जा रहे हैं, जिन्हें आपने नहीं भेजा, या आपके दोस्तों को आपकी तरफ से संदिग्ध जवाब मिल रहे हैं, तो सतर्क हो जाएं। यह अनधिकृत पहुंच का संकेत हो सकता है। ऐसी स्थिति में WhatsApp की Linked Devices सेटिंग में जाकर सभी अनजान या इस्तेमाल नहीं किए जा रहे डिवाइस को लॉगआउट कर दें।
सवाल- अगर WhatsApp Web किसी दूसरे कंप्यूटर पर लॉगिन रह गया है तो क्या करें?
जवाब
- अगर आपको याद नहीं है कि आपने किसी ऑफिस या सार्वजनिक कंप्यूटर से लॉगआउट किया था या नहीं, तो अपने फोन में WhatsApp खोलें। इसके बाद Linked Devices सेक्शन में जाएं। यहां आपको उन सभी डिवाइस की जानकारी मिलेगी, जिन पर आपका WhatsApp अकाउंट लॉगिन है। जिस डिवाइस को आप नहीं पहचानते या जिसका इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं, उसे चुनकर लॉगआउट कर दें।
WhatsApp Web इस्तेमाल करना अपने आप में असुरक्षित नहीं है, लेकिन साझा और सार्वजनिक कंप्यूटर पर लॉगिन छोड़ देना आपकी निजता और डिजिटल सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है। इसलिए अगली बार ऑफिस या साइबर कैफे में WhatsApp Web इस्तेमाल करें, तो काम खत्म होते ही मैन्युअली लॉगआउट करना न भूलें।