फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   News Update Change jurisdiction of 11 inspectors in Varanasi rowdy burnt down field

News Update: वाराणसी में 11 दरोगा के कार्यक्षेत्र में तब्दीली, मनबढ़ ने फूंक दिया खेत; ये खबरें रहीं चर्चा में

Tue, 01 Apr 2025 05:56 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Tue, 01 Apr 2025 05:56 AM IST
सार

वाराणसी में डीसीपी ने 11 पुलिसकर्मियों के कार्यक्षेत्र बदले हैं। इस कार्रवाई से हड़कंप का माहाैल है। वहीं, चोलापुर के एक गांव के किसान के खेत में शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति ने आग लगा दी। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
News Update Change jurisdiction of 11 inspectors in Varanasi rowdy burnt down field
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

डीसीपी गौरव बंसवाल ने सोमवार को 11 दरोगा के कार्यक्षेत्र में तब्दीली की। इसके तहत दरोगा पार्थ तिवारी को अस्सी, बलिराम यादव को लाटभैरव, अभय गुप्ता को हनुमान फाटक, विजय कुमार चौधरी को देवनाथपुरा, भृगुपति त्रिपाठी को मच्छोदरी, प्रकाश सिंह चौहान को दालमंडी और शिवम श्रीवास्तव को शीतला घाट चौकी का प्रभारी तैनात किया गया है। 

विज्ञापन


खेत में जुताई को लेकर दो पक्षों में मारपीट, वीडियो वायरल
सिंधौरा के दीनदासपुर गांव में खेत में जुताई करने को लेकर दो पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इससे संबंधित वीडियो किसी ने सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो वायरल हो गया। मारपीट करने वाले दोनों पक्षों को ग्राम प्रधान रवींद्र और संभ्रांत लोगों ने समझा-बुझाकर शांत कराया। सिंधौरा थानाध्यक्ष ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। 

विज्ञापन

भोजपुरी गायक समर सिंह के कार्यक्रम का ग्रामीणों ने किया विरोध
बड़ागांव के गांगकला गांव में सोमवार को भोजपुरी गायक और कलाकार समर सिंह के आगमन का ग्रामीणों ने विरोध किया। ग्रामीणों ने रुद्र तिवारी के नेतृत्व में कार्यक्रम स्थल पर पहुंच कर समर सिंह की टीम को वापस जाने के लिए मजबूर कर दिया। ग्रामीणों ने कहा कि समर सिंह उनकी बिरादरी की भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दूबे की मौत का आरोपी है। ऐसे में उसे गांव में कार्यक्रम नहीं करने देंगे। 

विरोध प्रदर्शन में प्रभात तिवारी, सत्यम तिवारी, संजय, श्रेयांस, नितिन, आशुतोष, पवन और नवीन समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। बड़ागांव थानाध्यक्ष अतुल सिंह ने बताया कि समर सिंह के कार्यक्रम स्थल पर कुछ युवाओं के विरोध प्रदर्शन की सूचना मिली थी। आयोजकों को बता दिया गया है कि वरिष्ठ अधिकारियों की लिखित अनुमति के बगैर गीत-संगीत या शूटिंग नहीं होगी। 

तेज रफ्तार थार की टक्कर से बाइक सवार गंभीर
बड़ागांव के हथिवार-रामेश्वर मार्ग पर कोइरीपुर खुर्द गांव के समीप थार वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल हथिवार (रामापुर) गांव निवासी बृजेश यादव को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन लेकर भाग गया। बड़ागांव थाने की पुलिस रजिस्ट्रेशन नंबर की मदद से वाहन और चालक की तलाश कर रही है। 

जानलेवा हमला कर किया बेहोश, चार पर केस
शिवपुर थाने में चमाव अहिरान की रहने वाली रानी देवी ने मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस को बताया कि 30 मार्च को रंजिश को लेकर पड़ोसी मनीष, श्याम नारायण यादव, रामबली यादव, सुनील ने पति नामवर उर्फ संजय यादव पर टांगी से सिर पर जानलेवा हमला कर दिया। फिर लाठी-डंडे से हमला कर उन्हें अधमरा कर दिया। पति को बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया। शिवपुर थाना प्रभारी उदयवीर सिंह ने बताया कि जानलेवा हमला सहित अन्य आरोपों के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। 

मकान बंटवारे के लिए दो पक्षों में जमकर मारपीट
आदमपुर थाना क्षेत्र के सक्का घाट इलाके में मकान बंटवारे को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। एक पक्ष के विष्णु केसरी, भारत गुप्ता और संतू देवी घायल हो गए। सक्का घाट निवासी रजत केसरी के मुताबिक बड़े भाई विष्णु, साथी भरत गुप्ता और संतू देवी को मकान के विवाद में पप्पू, राकेश, जितेंद्र, शिव, सुमित और महिलाओं ने लाठी-डंडे और हॉकी से घायल कर दिया। दूसरे पक्ष से तहरीर देने वाली राजकुमारी देवी ने बताया कि सभी ने मिलकर उनके परिवार के साथ मारपीट की है। इंस्पेक्टर आदमपुर ने बताया कि दोनों पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

विज्ञापन

मां शृंगार गौरी की चौखट पर पहली बार हाजिरी लगाएंगे वनवासी
चैत्र नवरात्र की चतुर्थी पर पहली बार शृंगार गौरी के दर्शन के लिए वनवासी पहुंचेंगे। महिलाओं के साथ ही वनवासियों की टोली मां शृंगार गौरी से ज्ञानवापी की मुक्ति की प्रार्थना करेंगे। ज्ञानवापी मुक्ति महापरिषद ने इसका खाका तैयार किया है। शृंगार गौरी के दर्शन पूजन की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। शहर से लेकर गांव तक बैठकों का दौर भी जारी है।

ज्ञानवापी मुक्ति महापरिषद दो अप्रैल को शृंगार गौरी के दर्शन पूजन के आयोजन को भव्य बनाने में जुटा हुआ है। हर साल की अपेक्षा इस बार माता शृंगार गौरी के दर्शन पूजन का आयोजन भव्य बनाने की तैयारी है। डॉ. ज्ञान प्रकाश मिश्र ने बताया कि पहली बार वनवासी भाई-बहन भी इस आयोजन का हिस्सा बनेंगे। 

आगामी दो अप्रैल को प्रतिवर्ष की भांति माता शृंगार गौरी का दर्शन पूजन होगा। शहर से लेकर गांव तक लोगों को इस आयोजन से जोड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। बैठक के साथ ही जनसंपर्क और सोशल मीडिया के जरिए श्रद्धालुओं का माता के दर्शन पूजन के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।

बोलेरो की टक्कर से ऑटो सवार छात्र की मौत, दो घायल
वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर गोला गांव के पास रविवार देर रात बोलेरो की टक्कर से ऑटो सवार छात्र की मौत हो गई। वहीं, उसके परिवार के दो सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। चोलापुर थाने की पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। घायल महिला और पुरुष को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हाजीपुर गांव निवासी शिवम चौबे (18), माधुरी देवी (38) और प्रिंस (22) ऑटो से भठौली के दुर्गा मंदिर में दर्शन-पूजन करने गए थे। रात 11 बजे लौटते समय गोला गांव के पास ऑटो में आजमगढ़ से वाराणसी की तरफ जा रही बोलेरो ने जोरदार टक्कर मार दी। चोलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य में शिवम को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। 

माधुरी देवी की गंभीर हालत देखते हुए चिकित्सक ने उन्हें बीएचयू के ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया। हादसे के बाद बोलेरो छोड़कर चालक भाग गया। शिवम के परिजनों ने बताया कि वह दो भाई में छोटा था और इंटरमीडिएट में पढ़ता था। पुलिस ने बोलेरो और ऑटो को कब्जे में लिया है। रजिस्ट्रेशन नंबर की मदद से चालक की तलाश की जा रही है।

शराब पीने से मना करने पर खेत में लगाई आग
चोलापुर के परानापट्टी गांव के किसान फौजदार यादव के गेहूं के खेत में सोमवार दोपहर शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति ने आग लगा दी। फौजदार ने अजगरा पुलिस चौकी में तहरीर दी है। बताया कि मंगोलेपुर गांव निवासी व्यक्ति उनके खेत के पास बैठकर शराब पी रहा था। उन्होंने पीने किया तो गालीगलौज कर गेहूं के खेत में आग लगा कर भाग गया। संयोग अच्छा था कि आसपास मौजूद किसानों की तत्परता से आग पर तत्काल काबू पा लिया गया।

ट्रैक्टर ट्रॉली चोरी, केस दर्ज
लंका थाना क्षेत्र के नुवाव सब्जी मंडी के बगल में बिल्डिंग मेटेरियल की दुकान के बाहर खड़ी ट्रैक्टर ट्रॉली रविवार रात चोरी हो गई। दुकान संचालक संतोष कुमार सिंह ने पुलिस को सूचना दी। संतोष की शिकायत पर अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है। ट्रैक्टर चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद है।

छापा मारकर चोरी की बाइक ले गई आजमगढ़ पुलिस
चोलापुर के औरा नहर के पास एक बाइक मिस्त्री की दुकान पर सोमवार दोपहर आजमगढ़ थाने की पुलिस ने छापा मारा। पुलिस दुकान से चोरी की दो बाइक और पार्ट्स के साथ अजोरपट्टी बेनीपुर निवासी मिस्त्री को साथ ले गई है। आजमगढ़ की पुलिस अपने साथ एक व्यक्ति को लेकर आई थी। उसी की निशानदेही पर दुकान में पुलिस ने छापा मारा।

ईद पर अलर्ट रही पुलिस, टेथर्ड ड्रोन से की निगरानी
ईद की नमाज के मद्देनजर कमिश्नरेट की पुलिस सोमवार सुबह से ही अतिरिक्त सतर्कता बरतती नजर आई। पुलिस अफसर फोर्स के साथ ईद की नमाज संपन्न होने तक पैदल गश्त करते रहे। मिश्रित आबादी वाले संवेदनशील इलाकों में पुलिस और पीएसी के जवान तैनात किए गए थे। शांति और कानून व्यवस्था के मद्देनजर घनी आबादी वाली बस्तियों की निगरानी टेथर्ड ड्रोन से हुई। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि ईद पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में शांतिपूर्ण तरीके से मनाई गई। 

विवाद के दौरान पहुंचा रिवॉल्वर लेकर, गिरफ्तार
नेवादा में संतुष्टि हॉस्पिटल के पास जमीन के कब्जे के विवाद के दौरान पहुंची चितईपुर थाने की पुलिस को देख युवक भागने लगा। चितईपुर थानाध्यक्ष निकिता सिंह ने बताया कि युवक को पुलिसकर्मियों ने दौड़ा कर पकड़ा और उसकी तलाशी ली।

उसके पास से .32 बोर का देसी रिवॉल्वर बरामद हुआ। आरोपी युवक की पहचान मिर्जापुर जिले के चील्ह थाने के रामपुर बल्ली परवा के अतुल कुमार दूबे के रूप में हुई है। सोमवार को आरोपी अतुल को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया। 

चंदौली में तैनात दरोगा का घर चोरों ने खंगाला
सारनाथ के बरईपुर के कोरियन मंदिर के पास चंदौली में तैनात दरोगा के बंद मकान को चोरों ने खंगाल डाला। दरोगा की पत्नी की सूचना पर सोमवार को सारनाथ थाने की पुलिस मौका मुआयना करने पहुंची। चंदौली के सकलडीहा उप निरीक्षक के पद पर गोपाल तिवारी तैनात हैं। उनकी पत्नी ममता तिवारी ने चोरी की घटना की जानकारी सारनाथ थाने पर दी। 

ममता तिवारी ने बताया कि बरईपुर कोरियन मंदिर के पास मकान में दिनभर रहती हैं। रात में छोटा बेटा वहीं सोता है। कुछ दिन से लगभग तीन किलोमीटर दूर बुद्धा सिटी स्थित उनके दूसरे मकान में मांगलिक कार्यक्रम था। सोमवार सुबह कोरियन मंदिर जाने पर पता लगा कि आलमारी में रखे सोने का मंगलसूत्र, कान का झुमका, तीन जोड़ी चांदी की पायल, तीन जोड़ी बिछिया और 25 हजार रुपये चुरा ले गए। 

पोते को अन्नप्राशन में मिले चांदी और पीतल के बर्तन के साथ सीसी कैमरे का डीवीआर भी चोर ले गए। सारनाथ थाना प्रभारी विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि चोरी की सूचना मिली है। सीसी कैमरों की फुटेज की मदद से जांच की जा रही है।

अवैध ऑटो के खिलाफ अभियान आज से
कमिश्नरेट की पुलिस मंगलवार से अवैध ई-रिक्शा और ऑटो के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करेगी। इस संबंध में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि अभियान के दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि ड्राइविंग लाइसेंस, परमिट और इंश्योरेंस के बगैर किसी भी ई-रिक्शा या ऑटो का संचालन न हो। ऑटो या ई-रिक्शा किसी भी सूरत में नाबालिग न चलाएं। पुलिस वेरिफिकेशन करा कर ही ऑटो और ई-रिक्शा के चालक सड़क पर निकलें। काशी जोन में ई-रिक्शा चालक रूट निर्धारण की व्यवस्था का पालन करें।

राज्यमंत्री ने जाना भाजपा मीडिया प्रभारी नवरतन राठी का हाल
पिछले सप्ताह सड़क दुर्घटना में घायल भाजपा काशीक्षेत्र के मीडिया प्रभारी नवरतन राठी का हाल जानने सोमवार को राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र जवाहर नगर भेलूपुर स्थित उनके आवास पर पहुंचे। इस दौरान मंत्री ने उनसे कुशलक्षेम पूछी और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

रोशन ने राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में जीता रजत पदक
राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में रोशन मौर्य ने रजत पदक अपने नाम किया है। यह चैंपियनशिप कराटे इंडिया ऑर्गेनाइजेशन की ओर से 26 से 29 मार्च तक हैदराबाद में हुई। 28 राज्यों और भारतीय सुरक्षा बलों की टीम ने हिस्सा लिया।

रोशन मौर्य ने उत्तर प्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व कर 60 किलोग्राम भारवर्ग में उपलब्धि हासिल की। वाराणसी आगमन पर रोशन मौर्य का पहाड़िया में भव्य सम्मान किया गया। कराटे एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने उन्हें माला पहनाकर, अंग वस्त्र और ट्रैक सूट देकर सम्मानित किया। इस मौके पर कंचन गुप्ता, आशीष भारद्वाज, दिनेश भारद्वाज और मंजय गुप्ता मौजूद रहे। 

लंका में काम करते समय बिजली कर्मी को लगा करंट, ट्रॉमा सेंटर में भर्ती
नरिया बिजली उपकेंद्र के लंका क्षेत्र में बिजली की बेहतर आपूर्ति के लिए काम करने के दौरान सोमवार को एक संविदा कर्मी करंट लगने से घायल हो गया। सूचना मिलते ही कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे और ट्रॉमा सेंटर में भर्ती करवाया। चोट इतनी गंभीर थी कि कर्मचारी को तीन टांके लगे हैं। उसकी हालत गंभीर है। 

श्रमिक रविशंकर एक तार पर काम कर रहा था। बताया जा रहा है कि अभी वह काम कर ही रहा था कि तार में करंट आ गया। इससे वह गिर पड़ा। विद्युत मजदूर पंचायत के पदाधिकारियों ने अधिकारियों पर बिना सुरक्षा उपकरण काम करवाने का आरोप लगाया है। 

पूर्वांचल मंत्री अंकुर पांडेय ने बताया कि घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को देने के साथ ही सभी विद्युत उपकेंद्रों पर कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरण मानक के अनुसार मुहैया कराने को कहा गया है। अधीक्षण अभियंता प्रमोद गोगानिया ने बताया कि सूचना मिलने के बाद एसडीओ और एक्सईएन मौके पर पहुंचे। अधिकारियों से जानकारी जुटाई जा रही है। कर्मचारी का हर संभव बेहतर इलाज करवाया जाएगा।

मां ब्रह्मचारिणी के दर्शन के लिए लगी भक्तों की कतार
चैत्र नवरात्रि की द्वितीया पर ज्येष्ठा गौरी और मां ब्रह्मचारिणी के मंदिर में श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। सुबह से देर रात तक माता के दर्शन पूजन के लिए श्रद्धालु कतारबद्ध होकर मंदिर पहुंचते रहे। वहीं, शहर के दूसरे दुर्गा मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही।

सोमवार को चैत्र नवरात्रि की द्वितीया पर भोर में माता के विग्रह को पंचामृत स्नान कराया गया। इसके बाद माता के विग्रह का शृंगार हुआ। मंगला आरती के बाद मंदिर के कपाट खुले। मंदिर के महंत राजेश्वर सागर ने बताया कि ब्रह्मचारिणी मां की उपासना करने से भक्तों को अनेक सिद्धि मिलती हैं। तप, त्याग, वैराग्य, सदाचार की वृद्धि होती है।

शिव गया तीर्थ पर शुरू हुआ अखंड कीर्तन
शिव गया तीर्थ कपिलधारा में नौ दिवसीय श्री नवाह्न अखंड कीर्तन पूजन समारोह आरंभ हो गया है। श्रीदुर्गा माता मंदिर कीर्तन मंडल और श्री कपिलमुनी पंचकोशी (पंचम धाम) सेवा समिति की ओर से समारोह का आयोजन हो रहा है। नवरात्र के पहले से दसवें दिन तक निरंतर अखंड कीर्तन होगा। 

रोजाना रात्रि नौ बजे से विशेष झांकी, आरती के साथ ही प्रसाद वितरण होगा। दसवें दिन सायं चार बजे से भव्य शोभा यात्रा, कलश विसर्जन एवं प्रसाद वितरण होगा। 11वें दिन भंडारा और सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। यह जानकारी अध्यक्ष संजय पाठक ने दी। संचालन उमेशदत्त पाठक, संजय मिश्रा, जगदीश चौरसिया, अरुण कुमार पांडेय (पप्पू), प्रदीप पाठक (बबलू) और अनिल कुमार करेंगे।

मंडलीय अस्पताल में मरीजों को बांटी फलों की टोकरी
भारत विकास परिषद सत्यम की ओर से सोमवार को मंडलीय अस्पताल में 101 मरीजों को फलों की टोकरी दी गई। अस्पताल के एमएस डाॅ. मुकुंदजी श्रीवास्तव, परिषद के काशी प्रांतीय अध्यक्ष अजीत मेहरोत्रा की मौजूदगी में सदस्यों ने टोकरी का वितरण किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुनील कपूर, संचालन सचिव दीपक माली ने किया। इस दौरान शालिनी बरनवाल, रीता माली, वीना कपूर, सुभाष गुप्ता, पिंटु कुंडु, संजीव कपूर, किशन पेशवानी, संतोष केशरी मौजूद रहे। 

अंतिम दिन काम में जुटे रहे आयकर और राज्यकर के अधिकारी
मार्च क्लोजिंग का दबाव आयकर और राज्यकर विभाग में अधिक रहा। सोमवार को रात तक चार्टर्ड एकाउंटेंट रिटर्न फाइल करने और तमाम कागजी कार्यों को पूरा करने में जुटे रहे। ईद वाले दिन भी कार्यालय में विभागीय काम काज हुए। चार्टर्ड एकाउंटेंट के साथ ही कर अधिवक्ताओं और विभागीय अधिकारी और कर्मचारी कागजी कार्यों को दुरूस्त करने में जुटे रहे।

चार्टर्ड एकाउंटेंट जीडी दुबे ने बताया कि मार्च क्लोजिंग का आयकर में अधिक दबाव रहा। हर कोई रिटर्न फाइल समेत अन्य कार्यों को तय समय में पूरा करने को लेकर जूझता रहा। कुछ दिक्कतें तो पोर्टल और सर्वर को लेकर भी हुई। कर अधिवक्ता अतुल पांडेय ने बताया कि टैक्स समेत अन्य कार्यों का भार ज्यादा रहा। 

6वीं से शुरू किया खेलना, नेशनल भी खेले
बीएचयू में वॉलीबॉल टीम के खिलाड़ी पुरुषार्थ ने क्लास छह से खेलना शुरू किया था। अंडर-19 में केंद्रीय विद्यालय खेल संगठन की ओर से प्रतियोगिता में पदक जीत चुके हैं। तीन राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण जबकि प्रादेशिक में 8 पदक हासिल कर चुके हैं। पूर्वोत्तर की ओर से ज्यादातर मैच खेले हैं। गौतम और विकास राणा भी स्कूली वॉलीबॉल टीम का हिस्सा रहे हैं।

अवकाश में भी खुले रहे कार्यालय, वित्तीय अभिलेखों को दुरूस्त करने में लगे रहे कर्मचारी
वित्तीय वर्ष के अंतिम दिन 31 मार्च को सरकारी कार्यालय अवकाश के बाद भी देर शाम तक खुले रहे। इसमें आवंटित बजट के हिसाब से खर्च और बची हुई धनराशि की पूरी सूची तैयार करवाई गई, जिससे कि यह पता चल सके किस मद में कितना खर्च हुआ और कितना धन बचा है। 

स्वास्थ्य विभाग में सीएमओ कार्यालय से लेकर अस्पतालों के कार्यालयों में भी कर्मचारी वित्तीय अभिलेखों को दुरूस्त करने में लगे रहे। सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी के साथ ही अस्पतालों में भी एसआईसी, सीएमएस कार्यालयों में बैठे रहे। 

यहां अलग-अलग योजनाओं से जुड़ी फाइलों के भुगतान से लेकर आने वाले दिनों में जरूरत के हिसाब से बजट का आकलन करने संबंधी कामकाज भी हुआ। उधर बिजली निगम में भी देर शाम तक वित्तीय कामकाज को लेकर कार्यालय खुले रहे। अधिकारी और कर्मचारी वित्तीय लेखा जोखा दुरूस्त करने में लगे रहे।

पोल गिरने से बिजली आपूर्ति बाधित
रोहनिया इलाके में सोमवार की शाम को बिजली का पोल गिरने से आपूर्ति बाधित हो गई। शाम करीब 6 बजे से कटी बिजली जब 10 बजे तक नहीं आई तो लोगों ने उपकेंद्र पर फोन किया। तब पता चला कि शहावाबाद में वाहन की टक्कर से दो पोल टूट गए हैं। इस कारण विद्युत उपकेंद्र रोहनिया के यूनिवर्सिटी फीडर से आपूर्ति बाधित है। इस बारे में जेई योगेंद्र यादव ने बताया कि विद्युत पोल को ठीक कराया जा रहा है। जल्द आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

आस्ट्रेलिया के साइमन ने किया सितार वादन
सुबह-ए-बनारस में ऑस्ट्रेलिया के कलाकार साइमन गिल का सितार वादन हुआ। वादन का आरंभ राग अहीर भैरव में मध्य तीन ताल में निबद्ध रचना से हुई। इसके उपरांत द्रुत तीन ताल में निबद्ध रचना प्रस्तुत कर आनंदित किया। तबले पर अभिक गोस्वामी ने संगत की। कलाकार को प्रमाणपत्र डॉ. रत्नेश वर्मा ने दिया।

संतोष ने अग्रवाल समाज के सभापति, रचना बनी प्रधानमंत्री
श्री काशी अग्रवाल समाज के त्रिवार्षिक चुनाव सत्र 2025-28 में रविवार को गहमा गहमी के बीच हुए चुनाव के बाद सोमवार को देर रात तक मतगणना के बाद प्रत्याशियों की घोषणा की गई। अगले तीन साल तक संतोष अग्रवाल को सभापति चुना गया जबकि प्रधानमंत्री के पद पर रचना अग्रवाल और उप सभापति पद पर दीपक अग्रवाल निर्वाचित हुए। पहली बार महिला प्रत्याशी ने प्रधानमंत्री पद के लिए नामांकन किया था और विजीय घोषित हुई।

अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज में रविवार को सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक चले मतदान में 4548 सदस्यों ने मतदान किया। पीली और सफेद पर्ची पर हुए चुनाव में 55 पदों के लिए 111 प्रत्याशी मैदान में रहे। सोमवार सुबह से शुरू मतगणना के बाद रात 10 बजे चुनाव अधिकारी उत्तम अग्रवाल ने परिणाम घोषित किया। चुनाव में प्रत्याशियों की बात करें तो समाज के सभापति पद के लिए सफेद पर्ची से अशोक अग्रवाल, पीली पर्ची से संतोष अग्रवाल चुनाव मैदान में रहे। 

इसमें संतोष अग्रवाल विजेता घोषित किए गए। प्रधानमंत्री पद पर पीली पर्ची पर पहली बार चुनाव लड़ने वाली महिला प्रत्याशी डॉ. रचना अग्रवाल भी विजयी हुई। इससे पहले रविवार को हुए मतदान में 22 मुख्य पदों पर 44 प्रत्याशी एवं कार्यकारिणी के 33 पदों पर 66 एवं एक निर्दलीय प्रत्याशी सहित कुल 55 पदों पर 111 प्रत्याशियों के लिए वोट पड़े थे।

अपना घर आश्रम में बन रहा पत्तल दोना
कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 9 से सोमवार को एक वृद्ध को अपना घर आश्रम में लगाया गया। यह स्टेशन पर कई दिनों से था, यह न तो बोल सकता है, न ही सुन सकता है। अपना घर आश्रम के संस्थापक डॉ. के निरंजन ने बताया कि संस्था को फोन आया था, इसके बाद आश्रम की एंबुलेंस वृद्ध को लेकर आई।

इनके पैर में चोट है, अभी कुछ दिन यह आश्रम में ही रहेंगे। घर वालों का के बारे में पता लगाया जा रहा है। वहीं आश्रम में रहने वाले लोग मशीन के माध्यम से पत्तल और दोना बना रहे है। आवश्यकता पड़ने पर इसका इस्तेमाल किया जाएगा। 

सेवानिवृत हुए पीएन इंटर काॅलेज के प्रधानाचार्य
प्रभु नारायण राजकीय इंटर कॉलेज रामनगर के प्रधानाचार्य डॉ. प्रभास कुमार झा और इतिहास और विज्ञान विषय के प्रवक्ता सोमवार को अपने पद से सेवानिवृत हुए। साथ ही इतिहास के प्रवक्ता सुधीर कुमार और विज्ञान सहायक अध्यापक ललित नारायण भी सेवानिवृत हुए। 

डॉ. प्रभास कुमार झा ने अपनी राजकीय सेवा की शुरुआत राजकीय इंटर कॉलेज, दुद्धी, सोनभद्र में इतिहास प्रवक्ता के रूप में की थी। इसके बाद उन्होंने राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज, वाराणसी में भी इस पद पर सेवाएं दीं। वे सहायक सचिव, बोर्ड ऑफिस, वाराणसी के पद पर पदोन्नत हुए। नवंबर 2021 में वह प्रभु नारायण राजकीय इंटर कॉलेज, रामनगर के प्रधानाचार्य थे। अपने कार्यकाल के दौरान डॉ. प्रभास ने विद्यालय के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। 

सब्जियों और स्वास्थ्य दोनों को नुकसान
ठंड और गर्मी एक साथ इंसानों के साथ ही सब्जियों का भी स्वास्थ्य डाउन हो सकता है। डिप्टी सीएमओ डॉ. एसएस कनौजिया ने कहा कि दिन की तीखी धूप और रात की तेज हवा दोनों वक्त पूरे कपड़े पहनकर ही बाहर निकलें। मौसम में होने वाले बदलाव से सर्दी-खांसी, बुखार के साथ ही ब्लड प्रेशर सहित पेट संबंधी बीमारियां बढ़ जाती हैं। बच्चों और बुजुर्गों को ज्यादा सावधान रहने की जरूरत है।

गेहूं पर कोई असर नहीं, कद्दू, खीरा को नुकसान: केवीके प्रभारी और वैज्ञानिक डॉ. नवीन सिंह ने बताया कि गेहूं तैयार है। दाने भी तैयार हैं। अब कटाई होनी बाकी है। इस मौसम का गेहूं पर कोई असर नहीं होगा। गेहूं के लिए आदर्श तापमान 15 से 30 डिग्री तक है। हालांकि जायद की फसलों में कोहड़ा, कद्दू, खीरा, टमाटर, नेनुआ, करैला पर असर पड़ेगा। दिन की तेजी धूप से गर्मी और रात की ठंड के बीच नमी बनाए रखनी होगी। सूर्यास्त होते-होते शाम को पानी दिया जाए तो बेहतर होगा।

गर्मी शुरू होते ही लोकल फाॅल्ट, लो वोल्टेज की समस्या शुरू
गर्मी शुरू होते ही लोकल फाॅल्ट और लो वोल्टेज की समस्याएं आने लगी हैं। दो दिन से ग्रामीण इलाकों की तुलना में शहरी क्षेत्र में लो वोल्टेज की समस्या रही। पिछले दो दिनों से दिन में तीखी धूप होने और गर्मी के कारण अब घरों में लोग पंखा, कूलर और एसी भी चलाने लगे हैं। 

सोमवार को भिटारी प्राथमिक विद्यालय के पीछे की कॉलोनियों में सुबह लो वोल्टेज होने से जहां इन्वर्टर के सहारे पंखा चला, वहीं लोग टंकियों में पानी तक नहीं भर पाए। इसके अलावा महेशपुर के इलाके में भी बिजली की आवाजाही जारी रही। उपभाेक्ताओं ने इसकी सूचना उपकेंद्र को दी तो पता चला कि एक फेस लाइट की ही आपूर्ति हो रही थी। 

सुबह करीब 11 बजे बिजली आपूर्ति ठीक हुई। इसके अलावा रामनगर क्षेत्र में भी लो वोल्टेज ने लोगों की समस्या बढ़ा दी। अधीक्षण अभियंता प्रमोद गोगानिया ने बताया कि गर्मी में उपभोक्ताओं को बेहतर आपूर्ति मिले, इसके लिए सभी एसडीओ, एक्सईएन को निगरानी करते रहने को कहा गया है।

कैंट स्टेशन पर बंद रहा निजी वेटिंग लाउंज, यात्री हुए परेशान
कैंट रेलवे स्टेशन के मुख्य भवन के पहले तल पर स्थित स्लीपर वेटिंग लाउंज सोमवार को बंद रहने से यात्रियों को परेशान होना पड़ा। विभूति समेत अन्य ट्रेनों की लेटलतीफी से परेशान यात्रियों को जहां तहां फर्श पर बैठना पड़ा। यात्रियों की भीड़ के चलते अन्य सभी वेटिंग लाउंज फुल रहे। 

स्टेशन के कर्मियों ने बताया कि ईद होने के चलते निजी वेटिंग लाउंज का संचालन करने वाले कर्मचारी लाउंज बंद कर निकल गए। कैंट रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत समेत अन्य प्रमुख ट्रेनों के एक लाख से अधिक यात्रियों की आवाजाही होती है। मुख्य भवन की पहली मंजिल पर आईआरसीटीसी समेत अन्य निजी कंपनियों के सहारे एसी और स्लीपर के यात्रियों के लिए वेटिंग लाउंज बनाया गया है। 

आईआरसीटीसी कार्यालय के पास संचालित एसी और स्लीपर वेटिंग लाउंज पर ताला लगा देख यात्री मायूस हुए। यहां 20 रुपये प्रति घंटे पर यात्री अपनी ट्रेन का इंतजार करते हैं। निजी कंपनी इसका संचालन करती है। उधर, ताला बंद होने से यात्रियों के दबाव के चलते तीसरे भवन के ऊपरी तल पर संचालित वेटिंग लाउंज फुल हो गया।

काशी सेवा समिति रामकटोरा कालातीत, चुनाव अवैध
काशी सेवा समिति रामकटोरा कालातीत है। एक दिन पूर्व हुए पदाधिकारियों का चुनाव अवैध है। यह जानकारी सोसाइटीज एवं चिट्स के सहायक निबंधक मंगलेश सिंह पालीवाल ने दी। उन्होंने बताया कि संस्था में 2019 से विवाद है। जिसे देखते हुए संस्था को कालातीत घोषित करते हुए नए सिरे से चुनाव होना है। अभी चुनाव नहीं कराया गया है।

संस्था के आजीवन सदस्य राजेश राय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार फर्म्स, सोसाइटीज एवं चिट्स के सहायक निबंधक 13 जनवरी को काशी सेवा समिति को कालातीत घोषित कर नया चुनाव कराने का आदेश पारित किया है। इस आदेश के खिलाफ रामअवतार पांडेय और डॉ. एसएस गांगुली ने कमिश्नर कोर्ट में अपील की है, जो लंबित है। जिसमें आठ अप्रैल को तारीख लगी है। 

बीते रविवार को संस्था के सदस्य डॉ अरविंद गांधी की ओर से एक प्रेस विज्ञप्ति और फोटो जारी की गई। जिसमें लिखा था कि काशी सेवा समिति का वार्षिक अधिवेशन और आगामी 3 वर्षों के लिए चुनाव रामकटोरा स्थित समिति सभागार में हुआ। इसमें सभापति पद पर डाॅ. राम अवतार पांडेय 9 वीं बार चुने गए। इनके अलावा अन्य पदाधिकारी चुने गए।

सीनियर नेशनल हैंडबॉल में खेलेगी राजमिस्त्री की बेटी नैना
चमाव गांव निवासी राजमिस्त्री की सबसे छोटी बेटी नैना यादव सीनियर नेशनल हैंडबॉल प्रतियोगिता में खेलेगी। प्रतियोगिता हाथरस में 31 मार्च से 5 अप्रैल तक खेली जाएगी। इस चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश की सीनियर महिला हैंडबॉल टीम भी हिस्सा ले रही है। 

नैना रोज गांव से सुबह-शाम 20 किलोमीटर साइकिल चलाकर परमानंदपुर के मिनी स्टेडियम में डॉ. आशा सिंह की देखरेख में अभ्यास करने आती हैं। विकास इंटर कॉलेज की दसवीं की छात्रा नैना के पिता राजमिस्त्री हैं। नैना उत्तराखंड में राष्ट्रीय खेलों के अलावा तीन राष्ट्रीय चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश की तरफ से खेल चुकी हैं।

बीएचयू में आज से मनाया जाएगा ओडिशा का स्थापना दिवस
बीएचयू में आज से ओडिशा का स्थापना दिवस मनाया जाएगा। बीएचयू के कवि सम्राट उपेंद्र भंज ओडिया चेयर के तहत 2 अप्रैल तक केएन उडुपा ऑडिटोरियम में ओडिया जानें, ओडिशा जानें : ओडिशा के इतिहास की एक झलक थीम पर कार्यक्रम होगा। 

भगवान जगन्नाथ और काशी विश्वनाथ के बीच संबंधों पर रिसर्च शुरू किया जाएगा। विद्वानों और संतों की ओर से जगन्नाथ संस्कृति : ओडिया पहचान का सार बताया जाएगा। मुख्य अतिथि ईस्टर्न मीडिया लिमिटेड के संस्थापक सौम्य रंजन पटनायक होंगे। समापन सत्र के मुख्य अतिथि आईआईटी-बीएचयू के निदेशक प्रो. अमित पात्रा होंगे। 

स्कूल चलो अभियान का शुभारंभ आज से, परिषदीय विद्यालयों में प्रवेश बढ़ाने पर जोर
जिले के परिषदीय विद्यालयों में छात्रों के प्रवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ''स्कूल चलो अभियान'' का पहला चरण मंगलवार से शुरू हो रहा है। अभियान 15 अप्रैल तक चलेगा। इसकी शुरुआत कंपोजिट विद्यालय शिवपुर से की जाएगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. अरविंद कुमार पाठक ने बताया कि 1145 परिषदीय विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम होंगे। 

मुख्य उद्देश्य अभिभावकों को परिषदीय विद्यालयों में उपलब्ध शिक्षा की गुणवत्ता और सुविधाओं के बारे में जानकारी देना है ताकि वे अपने बच्चों का दाखिला इन विद्यालयों में कराएं। पहले चरण में रैलियां, घर-घर संपर्क और सामुदायिक बैठकें होंगी। विद्यालयों में उपलब्ध मुफ्त शिक्षा, मध्याह्न भोजन और पुस्तकों के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। बीएसए ने बताया कि दूसरा चरण जुलाई में शुरू होगा।

जिला क्रीड़ा समिति के कोषाध्यक्ष बने सुनील
जिला विद्यालय निरीक्षक अवध किशोर सिंह ने जिला क्रीड़ा समिति के कोषाध्यक्ष का मनोनयन कर दिया है। उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज जखनी के प्रधानाचार्य सुनील कुमार यादव को जिला क्रीड़ा समिति के कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। पीएन कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रभास झा के सेवानिवृत्त होने के बाद जिम्मेदारी दी गई है। 

News Update Change jurisdiction of 11 inspectors in Varanasi rowdy burnt down field
विधानसभा में बोलतीं बरखा। - फोटो : अमर उजाला

काशी की बेटी बरखा की विधानसभा में गूंजी आवाज
काशी की बेटी बरखा कुमारी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा में प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर प्रधानमंत्री के 11 महा संकल्पों और संवैधानिक मूल्यों को समृद्ध करने की शपथ विषय पर प्रभावशाली भाषण दिया। बरखा का चयन युवा कल्याण विभाग की ओर से तीन मिनट की भाषण प्रतियोगिता के आधार पर किया गया था। 

उत्तर प्रदेश के 17 नोडल केंद्रों के 240 युवाओं ने भाग लिया था। 28 से 29 मार्च तक विधानसभा में भाषण प्रतियोगिता में बरखा ने आत्मविश्वास और स्पष्टता के साथ अपने विचारों को रखा। उन्होंने संवैधानिक मूल्यों की रक्षा और बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। बरखा के भाषण ने लोगों को प्रभावित किया। बरखा की इस उपलब्धि से काशी में खुशी की लहर दौड़ गई है।

ऑक्सीजन की उपलब्धता के लिए बनेगा पार्क
शहर में ऑक्सीजन पार्क बनाया जाएगा। इसमें खास किस्म के पौधे लगाए जाएंगे। कोरोना काल के दौरान देशभर में लोगों को ऑक्सीजन की कमी महसूस हुई थी। इसे देखते हुए ही ऑक्सीजन पार्क बनाने की तैयारी है। यहां लोगों के टहलने के लिए फुटपाथ भी बनेगा। साथ ही बच्चों के लिए झूले और बेंच भी लगेंगी। बैठकर खाने-पीने के लिए कैफेटेरिया भी होगा। 

वन विभाग के अधिकारी ने बताया कि इस पार्क का मूल उद्देश्य ऑक्सीजन की उपलब्धता बनाए रखना है। इसमें नीम, पीपल, बरगद, तुलसी, आंवला, शतावरी, अश्वगंधा, गुलाब, चंपा, कटेली के पौधों के साथ भीमा प्रजाति के बांस के पौधे भी लगाए जाएंगे। भीमा बांस के पेड़ अन्य पेड़ों के मुकाबले वातावरण में 35 फीसदी अधिक ऑक्सीजन छोड़ते हैं। साथ ही यह पेड़ ज्यादा समय तक जीवित भी रहता है। 

कार्यवाहक प्रधानाचार्य बनाने में की नियमों की अनदेखी
माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत 34 शिक्षक और प्रधानाचार्य सोमवार को सेवानिवृत्त हो गए। वहीं, दो विद्यालय प्रसाद इंटर कॉलेज पिसनहरिया, पांडेयपुर और काशी बालिका शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज, शिवपुरवा में कार्यवाहक प्रधानाचार्य का कार्यभार नियमानुसार वरिष्ठ शिक्षक को नहीं दिया गया। इसे लेकर शिक्षक नेताओं ने जिला विद्यालय निरीक्षक को शिकायत पत्र देकर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।

शिक्षक नेता सुधांशु शेखर त्रिपाठी ने कहा कि माध्यमिक शिक्षा अधिनियम में व्यवस्था है कि वरिष्ठता को ध्यान में रखते हुए वरिष्ठ शिक्षक को ही कार्यवाहक प्रधानाचार्य का कार्यभार मिलेगा। इसके बावजूद प्रसाद इंटर कॉलेज पिसनहरिया पांडेयपुर के प्रबंधक ने चौथे नंबर पर वरिष्ठ शिक्षक पंकज कुमार को कार्यभार दिया। यही स्थिति काशी बालिका शिक्षा निकेतन इंटर का शिवपुरवा में है। जिला विद्यालय निरीक्षक के इस पर जल्द फैसला न लेने पर शिक्षक आंदोलन कर सकते हैं। 

ईद पर बंद रही बीएचयू ओपीडी, इमरजेंसी पर्चा काउंटर पर लगी मरीजों की लाइन
बीएचयू अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर की ओपीडी सोमवार को ईद की वजह से बंद रही। हालांकि, अस्पताल के इमरजेंसी पर्चा काउंटर पर मरीजों की लाइन दोपहर में देखने को मिली। लोगों ने इमरजेंसी का पर्चा काटकर जरूरी जांच भी करवाई। उधर, जिले के सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में दोपहर 12 बजे तक मरीज देखे गए। 

साल में कुल 18 पर्व, त्योहार पर बीएचयू अस्पताल की ओपीडी बंद रहती है। इसी क्रम में सोमवार को ईद की वजह से भी अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर की ओपीडी बंद रही। सुबह आए मरीजो ने इमरजेंसी वार्ड में इलाज कराया। इसी बीच अस्पताल के 99 नंबर पर्चा काउंटर पर सोमवार दोपहर करीब दो बजे इमरजेंसी का पर्चा कटवाने के लिए दो लाइन में लोग खड़े रहे। 

इमरजेंसी में अन्य दिनों की तुलना में भीड़ कुछ ज्यादा दिखी। हालांकि, जिला अस्पताल, मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा, स्वामी विवेकानंद अस्पताल, शास्त्री अस्पताल रामनगर में दोपहर 12 बजे तक ओपीडी में मरीजों ने डॉक्टर को दिखाया। यहां ओपीडी में परामर्श के साथ ही पैथालॉजी में खून की जांच के साथ ही एक्सरे, अल्ट्रासाउंड में भी मरीजों की भीड़ लगी रही। 

लाल लंगोटा लाल निशान, जय बजरंगी जय हनुमान
लाल लंगोटा लाल निशान, जय बजरंगी जय हनुमान... का जयघोष सोमवार को गूंजता रहा। 15 दिवसीय हनुमान ध्वजा प्रभात फेरी के दूसरे दिन हनुमान जी के विग्रह को फूलों से सजे रथ पर विराजमान कराया गया। संकट मोचन हनुमान जी की अलौकिक झांकी सजाई गई। इसके बाद हनुमान ध्वजा प्रभात फेरी समिति ने धर्मसंघ से संकटमोचन मंदिर तक प्रभात फेरी निकाली। 

प्रभातफेरी रवींद्रपुरी, दुर्गाकुंड, त्रिदेव मंदिर होते हुए संकटमोचन मंदिर पहुंची। यहां भक्तों ने हनुमानजी के चरणों में ध्वजा अर्पित की। इसके पूर्व महानगर उद्योग व्यापार समिति के अध्यक्ष प्रेम मिश्रा और संस्था के अध्यक्ष कौशल शर्मा और संयोजक महेश चौधरी, मनीष गिनोडिया, संतोष अग्रवाल ने निशान की पूजा की। 

ध्वजा अर्पित करने के पश्चात सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ हुआ। आरती उतार कर सवामनी प्रसाद भक्तों में बांटा गया। इस दौरान विश्वनाथ पोद्दार, सुरेश तुलस्यान, गोकुल शर्मा, कृष्ण कुमार काबरा, मोनिका मस्करा, आर्ना मौजूद रहीं।

काशी विद्यापीठ में 11 को होगी पत्रकारिता की प्रायोगिक परीक्षा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के पत्रकारिता और जनसंचार विभाग में बीए प्रथम सेमेस्टर के पत्रकारिता विषय की प्रायोगिक/मौखिक परीक्षा 11 अप्रैल को होगी। विभागाध्यक्ष डॉ. नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मानविकी संकाय के थियेटर कक्ष में सुबह 11 बजे से होने वाली परीक्षा में उपस्थिति अनिवार्य है। विभाग से विस्तृत जानकारी ली जा सकती है।

पावरलिफ्टिंग में खेलेगी विद्यापीठ की 15 सदस्यीय टीम
अखिल भारतीय अंतर विश्विद्यालयीय पावरलिफ्टंग प्रतियोगिता कश्मीर विश्वविद्यालय में 4 से 7 अप्रैल तक होगी। महिला और पुरुष टीम की 15 सदस्यीय टीम खेलेगी। खिलाड़ी एक अप्रैल को कश्मीर रवाना होंगे। काशी विद्यापीठ क्रीड़ा परिषद के सचिव डॉ. नवरतन सिंह ने खिलाड़ियों को किट देकर शुभकामनाएं दीं। 

मुख्य कोच डॉ . दिनेश सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में चाय विक्रेता की पुत्री संध्या राय भी खेलेगी। भिखारीपुर की संध्या 97 किलो भारवर्ग में खेलेगी। वह 160 किलो स्क्वाड, 165 किलो डेड लिफ्ट और 55 किलो बेंच प्रेस का रोज तीन घंटे अभ्यास कर रही हैं। पुरुष वर्ग के हैवी वेट में उत्तराखंड के धीरज, कार्तिक, विशाल खेलेंगे। टीम के साथ सहायक कोच सुनील प्रजापति कश्मीर विश्वविद्यालय जाएंगे।

बाबा महाश्मशान नाथ का तीन दिवसीय शृंगार महोत्सव दो अप्रैल से
बाबा महाश्मशान नाथ का तीन दिवसीय वार्षिक शृंगार महोत्सव दो अप्रैल से शुरू होगा। चैत्र नवरात्र में पंचमी से सप्तमी तक चलने वाले इस आयोजन की तैयारियां शुरू चुकी हैं। दो अप्रैल को शास्त्रोक्त विधि से रुद्राभिषेक, शृंगार, पूजन और आरती उतारी जाएगी। श्रद्धालु बाबा के भव्य स्वरूप का दर्शन पूजन करेंगे। 

तीन अप्रैल को दिन में भंडारा और रात्रि में भजन जागरण होगा। तीसरे दिन चार अप्रैल को तंत्रोक्त विधि से बाबा मसान नाथ का पूजन, अभिषेक होगा। इसके बाद नगर वधुएं बाबा मसाननाथ के सामने नृत्यांजलि प्रस्तुत करेंगी। रात्रि में बाबा की महाआरती होगी। यह जानकारी अध्यक्ष चैनू प्रसाद गुप्ता, महामंत्री बिहारी लाल गुप्ता एवं गुलशन कपूर ने दी।

पूर्व सैनिक मेल पर भेज सकते हैं शिकायत
पूर्व सैनिकों को कोई परेशानी न हो इसे लेकर भाजपा सरकार लगातार प्रयास कर रही है। हर महीने जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हो रही बैठक में सभी भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों, दिवंगत सैनिकों की पत्नी भूमि विवाद, पुलिस सुरक्षा, बैंक से ऋण, पेंशन, शिक्षा, चिकित्सा, आर्थिक अनुदान समेत अन्य समस्याओं का समाधान किया जाता है।

वहीं, अब पूर्व सैनिक अपनी समस्या कार्यालय के मेल और एक्स अकाउंट @sainikkalyanup पर कर सकते हैं। योगी सरकार की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बनाए अकाउंट से केंद्र और प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी ले सकते हैं। 

भाजपा नेता के निधन पर परिजनों ने कराया नेत्रदान
भाजपा महानगर की पूर्व सदस्या प्रभा भट्ट (65) का निधन सोमवार को हो गया। वह लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थीं। जाने माने हिंदी साहित्यकार पं. बालकृष्ण भट्ट की प्रपौत्र वधु प्रभा के निधन के बाद परिजनों ने उनका नेत्रदान करवाया। निधन की सूचना वाराणसी आईबैंक सोसाइटी को देने पर डाॅक्टरों की टीम ने उनके घर पहुंची और नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी कराई। हरिश्चंद्र घाट पर अंत्येष्टि में पति चक्रपाणि भट्ट ने उन्हें मुखाग्नि दी। निधन पर विधायक सौरभ श्रीवास्तव, प्रदेश भाजपा पदाधिकारी डॉ. मनोज कुमार शाह, पार्षद डॉ. रवींद्र सिंह ने श्रद्धांजलि दी। 

जैतपुरा के छह मुहानी पर सीवर ओवरफ्लो
जैतपुरा थाना क्षेत्र निवासी मोहम्मद शाहिद अंसारी ने एक्स पर एक पोस्ट कर फोटो के साथ लिखा कि छह मुहानी क्षेत्र में सीवर की समस्या है। ईद वाले दिन भी लोगों को सीवर से होकर गुजरना पड़ा। साधन होने के बाद भी गैर जिम्मेदारी दिखाई गई।

बता दें कि ईद को लेकर अधिकारियों ने मातहतों को निर्देश दिया था कि सभी व्यवस्था चाक चौबंद रखी जाएं। बावजूद इसके जलकल के अधिकारी और कर्मचारी गंभीर नहीं है। जलकल के सचिव ओपी सिंह ने कहा कि सीवर समस्या को दूर कराया जा रहा है।

लाॅयंस क्लब काशी ने मनाया होली मिलन
लाॅयंस क्लब काशी की ओर से होली मिलन समारोह का आयोजन पहड़िया में हुआ। क्लब के संरक्षक लॉयन अनिल वर्मा और लाॅयन वसीम वर्मा की अध्यक्षता में क्लब के सदस्य और भाजपा महानगर के नवनियुक्त अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि को सम्मानित किया गया। सभी सदस्यों ने उन्हें बधाई देकर उनके समाजसेवी एवं राजनीतिक योगदान की सराहना की। 

काशी लॉयंस क्लब परिवार की ओर से प्रदीप अग्रहरि को उनके नए पद के लिए शुभकामनाएं देते हुए यह विश्वास व्यक्त किया गया कि उनके नेतृत्व में भाजपा महानगर इकाई नए कीर्तिमान स्थापित करेगी। साथ ही, समाजहित में क्लब और उनका सहयोग निरंतर बना रहेगा। इस अवसर पर लॉयन काशी के नवनिर्वाचित अध्यक्ष नितिन अग्रवाल, अनुज अग्रवाल और पीयूष वर्मा समेत सभी पदाधिकारियों का भी सम्मान हुआ।

काशी विद्यापीठ में सेमेस्टर परीक्षा के लिए 15 तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के परिसर और उससे संबद्ध कॉलेजों में सम सेमेस्टर की परीक्षा शुरू होने वाली है। विवि ने वाराणसी समेत पांच जिलों के यूजी, पीजी और व्यावसायिक पाठ्यक्रम में सम सेमेस्टर की परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन की तिथि 2 से 15 अप्रैल रखी है।

वाराणसी, चंदौली, भदोही, मिर्जापुर और सोनभद्र के कॉलेजों के सम सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं की परीक्षा के साथ बैक/अंक सुधार के लिए 2 अप्रैल से परीक्षा फाॅर्म भरवाए जाएंगे। परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा ने बताया कि 2 से 15 अप्रैल तक आवेदन के बाद 18 अप्रैल तक महाविद्यालय, संकाय, विभाग में 18 अप्रैल तक हार्ड कॉपी जमा की जाएगी। 

संकाय, विभाग की ओर से 20 अप्रैल तक आईडी, पासवर्ड द्वारा लॉगिन कर अप्रूव किया जाएगा। 22 अप्रैल तक महाविद्यालयों से संबंधित खाते में परीक्षा शुल्क जमा करना होगा। साथ ही विद्यार्थियों के परीक्षा आवेदन पत्र की हार्डकॉपी महाविद्यालय की ओर से 24 अप्रैल तक विभाग के कार्यालय में जमा करने को कहा गया है।

नौसेना में अग्निवीर एसएसआई और एमआर के लिए आवेदन शुरू
भारतीय नौसेना ने अग्निवीर एसएसआर और एमआर भर्ती 02/2025 और 02/2026 बैच के लिए आवेदन शुरू कर दिया है। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट joinindiannavy.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 10 अप्रैल है। भर्ती कार्यालय के अनुसार एमआर के लिए मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना है। 

एसएसआर के लिए 12वीं में गणित और भौतिकी अनिवार्य विषयों के साथ कंप्यूटर साइंस/ रसायन विज्ञान/ जीव विज्ञान में से कोई एक विषय जरूरी है। आयु सीमा की बात करें तो अग्निवीर 02/2025 बैच के लिए जन्म 1 सितंबर 2004 से 29 फरवरी 2008 के बीच होना चाहिए। 01/2026 बैच के लिए 1 फरवरी 2005 से 31 जुलाई 2008 के बीच और 02/2026 बैच के लिए 1 जुलाई 2005 से 31 दिसंबर 2008 के बीच जन्म चाहिए। उम्मीदवारों को 550 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। 

भगवान राम को अर्पित की गई तीसरे दिन की पूजा
मानसरोवर तीर्थ क्षेत्र की गलियां सोमवार को यज्ञ के धुएं से सुवासित हो उठीं। क्षेत्र का कोना-कोना वाल्मीकि रामायण के पवित्र श्लोकों से गुंजायमान होता रहा। श्री राम तारक आंध्र आश्रम के प्रांगण में चल रहे श्री राम साम्राज्य पट्टाभिषेक महोत्सव के तीसरे दिन यज्ञ के आचार्यों ने अयोध्या कांड के सभी पात्र देवताओं का आह्वान कर उन्हें हव्य अर्पित किया। सभी को साक्षी मानकर सभी पूजा श्रीराम प्रभु के धर्म स्वरूप को अर्पित की गई।

यज्ञ के आचार्य उलीमीरी शोमा याजुलू ने बताया कि नारायण के सभी अवतारों में श्रीराम अवतार पूरी तरह धर्म स्वरूप है। उन्होंने कहा कि वाल्मीकि रामायण के अयोध्या कांड में प्रभु का यह स्वरूप निखर कर सामने आया है। प्रभु ने विभिन्न प्रसंगों में लक्ष्मण, सीता, भरत सहित कई पात्रों को धर्म का अर्थ समझाया है। 

यज्ञ के साथ ही उत्सव की जप दीर्घा में देश के जानेमाने रामायण मर्मज्ञों के पाठ पारायण का क्रम निरंतर जारी है। आचार्यों के निर्देशन में यज्ञ के मुख्य यजमान तथा आश्रम के प्रबंध न्यासी वीवी सुंदर शास्त्री ने सभी कर्मकांड पूरे किए। व्यवस्था आश्रम के प्रबंधक वीवी सीताराम ने की। इस दौरान कोंडल राव, एस वी के चैनुलू,एम अंजनेय मूर्ति, आर जगदीश, वेमुरी उमा, वेमुरी धरनिजा मौजूद रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed