बीएचयू में कृषि विज्ञान कांग्रेस: खेती-किसानी से जुड़े मुद्दे पर मंथन करेंगे वैज्ञानिक, मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने ऑनलाइन किया उद्घाटन
15वें कृषि विज्ञान कांग्रेस का शनिवार को केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने ऑनलाइन उद्घाटन किया।
विस्तार
काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में 15वें कृषि विज्ञान कांग्रेस का शनिवार को केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने ऑनलाइन उद्घाटन किया। चार दिवसीय कांग्रेस में बतौर मुख्य अतिथि कृषि मंत्री ने कहा कि कृषि विकास के लिए किसानों से संवाद को जारी रखने की जरूरत है। चाहे ऊर्जा संरक्षण हो या वैकल्पिक या अक्षय ऊर्जा का प्रयोग इसमें किसानों की सहभागिता होने से अधिक से अधिक लाभ उनको मिलेगा।
स्वतंत्रता भवन में उद्घाटन समारोह में कृषि मंत्री ने कहा कि हाल ही में ग्लासगो जलवायु सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक सूर्य, एक विश्व, एक ग्रिड की पहल पर जोर दिया था। ऐसे में कांग्रेस में इस विषय पर चर्चा होना अहम है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रभारी वीसी प्रो. वीके शुक्ला ने कहा कि ऊर्जा को कृषि से जोड़कर मंथन करना जरूरी है।
राष्ट्रीय कृषि विज्ञान अकादमी के पूर्व अध्यक्ष और बीएचयू के पूर्व कुलपति प्रो. पंजाब सिंह ने कहा कि जब तक कृषि में किफायती तकनीक का इस्तेमाल नहीं बढ़ेगा, तब तक किसान पूरी तरह से लाभान्वित नहीं हो पाएगा। प्रो. पंजाब सिंह ने एएससी प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया। अतिथियों का स्वागत बीएचयू कृषि विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. रमेश चंद, धन्यवाद ज्ञापन प्रो. राकेश सिंह ने किया।
कृषि क्षेत्र में तकनीकी विकास से किसानों को लाभ
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के महानिदेशक डॉ. त्रिलोचन महामात्रा ने एलडी गेस्ट हाउस में प्रेसवार्ता में कहा कि कृषि क्षेत्र में तकनीक से किसानों को बहुत लाभ मिलेगा। खेती किसानी में सेंसर तकनीक के साथ ही अलग-अलग आधुनिक उपकरण ऐसे आ गए हैं, जिससे किसानों की लागत कम लगेगी और उसका अधिक लाभ पा सकेंगे। बीएचयू में चलने वाले अधिवेशन में सौर ऊर्जा, विद्युत ऊर्जा से चलने वाले वाहन तथा जैविक ऊर्जा के कृषि में प्रयोग पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।