काशी में आधुनिक शवदाह गृह की सौगात: मार्च में मणिकर्णिका कॉरिडोर, दिसंबर में हरिश्चंद्र घाट पर पूरा होगा काम
वाराणसी में जल्द ही आधुनिक शवदाह गृह की सुविधा शुरू होगी। मार्च में मणिकर्णिका कॉरिडोर और दिसंबर में हरिश्चंद्र घाट के अत्याधुनिक शवदाह गृह पूरा होगा। 110 फीट ऊंची तीन चिमनियां लगाई गईं, ताकि आसपास के घरों में न चिता की राख पहुंचे।
विस्तार
हरिश्चंद्र घाट पर बन रहे अत्याधुनिक शवदाह गृह का निर्माण दिसंबर में पूरा हो जाएगा। जबकि मणिकर्णिका घाट पर चल रहा निर्माण कार्य मार्च तक पूरा होगा। दोनों घाटों पर अत्याधुनिक शवदाह गृह बनने से अंतिम संस्कार के लिए आने वाले शवयात्रियों और शोक संतृप्त परिजनों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही लकड़ी की खपत कम होने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी।
हरिश्चंद्र घाट पर बन रहे शवदाह गृह में 110 फीट ऊंची तीन चिमनियां लगाई गई हैं। इनकी ऊंचाई रखने का उद्देश्य चिता से निकलने वाली राख को आसपास के घरों तक पहुंचने से रोकना है। चिमनियों का निर्माण विशेष मटेरियल से कराया गया है। इनमें विशेष प्रकार के हाई-स्पीड ब्लोअर लगाए जाएंगे, ताकि शवदाह के दौरान निकलने वाली लपटें और धुआं शवयात्रियों तक न पहुंचे।
इसे भी पढ़ें; ध्यान दें: पड़ाव-रामनगर मार्ग पर दो दिन थमेगी रफ्तार, काशी स्टेशन के पास पुल चौड़ीकरण के लिए बंद रहेगा रास्ता
जिंदल ग्रुप के जेएसडब्ल्यू फाउंडेशन के सीएसआर फंड से 23 करोड़ रुपये की लागत से इस शवदाह गृह का निर्माण कराया जा रहा है। यहां सात शवदाह प्लेटफॉर्म के लिए तीन चिमनियां लगाई गई हैं। पूरे दाह संस्कार क्षेत्र को कवर्ड बनाया जा रहा है। इससे एक साथ कई चिताओं का दाह संस्कार हो सकेगा और जलते हुए शव बाहर से दिखाई नहीं देंगे। आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से लकड़ी की खपत और दाह संस्कार में लगने वाला समय भी कम होगा।
वहीं, मणिकर्णिका घाट पर 18 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक शवदाह गृह बनाया जा रहा है। यहां 38 शवदाह प्लेटफॉर्म और छह चिमनियां बनाई जाएंगी। अंतिम संस्कार के लिए लकड़ी और अन्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए अलग से वुड प्लाजा विकसित किया जा रहा है। छत पर वीआईपी बैठने की व्यवस्था होगी। घाट तक सुगम आवागमन के लिए रैंप, बेहतर बैठने की सुविधा और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी सर्विलांस की व्यवस्था की जाएगी। शवों के पंजीकरण के लिए डिजिटल और कंप्यूटरीकृत व्यवस्था भी होगी।
बाढ़ से बचाने के लिए सड़क से 1.8 मीटर ऊंचा बनाया जा रहा शवदाह स्थल
बाढ़ के दौरान भी शवदाह गृह सुरक्षित रहे और वहां कामकाज प्रभावित न हो, इसके लिए निर्माण स्थल को मुख्य सड़क के स्तर से 1.8 मीटर ऊंचा बनाया जा रहा है। यहां अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों की सुविधा के लिए पंजीकरण कक्ष, प्रतीक्षा क्षेत्र, चेंजिंग रूम, शौचालय, रैंप और लकड़ी के गोदाम की व्यवस्था होगी। गंगा से जुड़ाव के लिए बेहतर पैदल मार्ग और प्रकाश व्यवस्था भी विकसित की जाएगी।
काशी के हरिश्चंद्र घाट पर बन रहे शवदाह गृह का काम दिसंबर और मणिकर्णिका घाट के शवदाह गृह का काम मार्च में पूरा होगा। इनके बनने से यहां अंतिम संस्कार के लिए आने वाले शवयात्रियों और उनके परिजनों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। -सत्येंद्र कुमार, जिलाधिकारी
