मुगलसराय में शराब तस्करी का खुलासा, दो महिलाओं समेत तीन गिरफ्तार; 34 लीटर शराब बरामद
मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर एक दंपती समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 170 टेट्रा पैक में 34 लीटर अवैध देशी शराब बरामद हुई।
विस्तार
मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने मंगलवार रात चेकिंग और गश्त के दौरान दो अलग-अलग स्थानों से अवैध देशी शराब के साथ एक दंपती समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 170 टेट्रा पैक में 34 लीटर शराब बरामद हुई। तीनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
रेलवे स्टेशन की ओर जा रहा था दंपती
पुलिस के अनुसार, पहली कार्रवाई सुभाष पार्क के पास की गई। मुखबिर से सूचना मिली कि कैलाशपुरी की ओर से एक पुरुष और महिला अवैध देशी शराब लेकर मुगलसराय रेलवे स्टेशन की तरफ जा रहे हैं। पुलिस टीम ने दोनों को रोकने का प्रयास किया तो वे भागने लगे। घेराबंदी कर फायर सर्विस के सामने दोनों को पकड़ लिया गया।
उनकी पहचान बिहार के रोहतास जिले के सासाराम थाना क्षेत्र के बलथुआ गांव निवासी मोहन पासवान (40) और उसकी पत्नी मीरा देवी (35) के रूप में हुई। तलाशी में मोहन के बैग और झोले से ब्लू लाइम देशी शराब के 70 टेट्रा पैक (14 लीटर) और मीरा के झोले से विंडिज देशी शराब के 25 टेट्रा पैक (पांच लीटर) बरामद हुए।
सिर पर गठरी में छिपाकर ले जा रही थी शराब
दूसरी कार्रवाई परमार कटरा के पास हुई। रात में गश्त के दौरान पुलिस को सिर पर लाल कपड़े में गठरी बांधकर आती एक महिला दिखाई दी। रोककर तलाशी लेने पर गठरी से ब्लू लाइम देशी शराब के 75 टेट्रा पैक (15 लीटर) बरामद हुए। महिला की पहचान बिहार के रोहतास जिले के डेहरी डालमियानगर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर एक, बड़ी नहर के पास निवासी सुनीता देवी (45) के रूप में हुई।
34 लीटर शराब बरामद
थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह ने बताया कि दोनों कार्रवाइयों में कुल 170 टेट्रा पैक में 34 लीटर अवैध देशी शराब बरामद की गई है। तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।