वाराणसी: प्रधानमंत्री की सीएम के साथ चल रही थी बैठक, उधर मुख्यमंत्रियों की पत्नियां खरीद रही थीं बनारसी साड़ियां
काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण उत्सव में भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री अपने परिवार के साथ पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने बाबा दरबार में हाजिरी लगाई। मंगलवार सुबह पीएम के साथ सभी मुख्यमंत्रियों की बैठक थी। वहीं उनकी पत्नियों ने शॉपिंग की।
विस्तार
काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण उत्सव में उत्तर प्रदेश के अलावा 11 अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने बाबा दरबार में हाजिरी लगाई। मंगलवार की सुबह इसके बाद बरेका के प्रशासनिक भवन में प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक की। वहीं, पत्नियां बच्चों के साथ संकट मोचन के दर्शन करने के लिए निकल गईं। इसके बाद बड़ालालपुर पं. दीनदयाल हस्तकला संकुल में मुख्यमंत्रियों की पत्नियों ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की पत्नी के साथ बनारसी साड़ी और ज्वेलरी की खरीदारी की। इसके अलावा बनारसी कचौड़ी संग मलइयो का भी स्वाद चखा।
एक तरफ मुख्यमंत्री बैठक में अपना प्रेजेंटेशन देते रहे तो दूसरी तरफ उनकी पत्नियां खरीदारी करती रहीं। एक साथ कई मुख्यमंत्रियों की पत्नियों को अपने स्टॉल पर देखकर दुकानदार भी गदगद नजर आए। वह इस वजह से भी बहुत खुश दिखे क्योंकि ज्यादातर दुकानदारों को मोलभाव से छुटकारा भी मिला। जो दाम मांगा गया, वह मिल गया। हालांकि मजाकिया अंदाज में कुछ सीएम की पत्नियों ने मोलभाव करने की कोशिश भी की।
श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण में शामिल होने के लिए आए अन्य राज्य के मुख्यमंत्रियों के पत्नी व बच्चे मंगलवार को संकट मोचन जी में दर्शन पूजन करने के लिए पहुंचे। मंगलवार दिन होने के कारण दर्शनार्थियों की भारी भीड़ थी। इसके बाद भी सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों ने भीड़ में बैरिकेडिंग बनाकर सभी को दर्शन पूजन कराया। इस दौरान मंदिर प्रशासन की तरफ दर्शन पूजन करने पहुंची मुख्यमंत्रियों के पत्नियों और बच्चों को प्रसाद फूलमाला दी गई।
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी और कर्नाटक के सीएम बसवराज बोम्मई ने काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन किए। धामी ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा है। चाहे वह देश का विकास हो या धार्मिक स्थल, सीमा सुरक्षा, या अर्थव्यवस्था हो। पीएम ने भव्य काशी विश्वनाथ धाम का निर्माण कराया है।
मुख्यमंत्रियों व उप मुख्यमंत्रियों की पत्नियों ने देखा लाइट एंड साउंड शो
काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण में आए विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री की पत्नियों ने सोमवार की रात सारनाथ स्थित पुरातात्विक खंडहर परिसर में लाइट एंड साउंड शो देखा। इस दौरान भगवान बुद्ध की जीवनी से रूबरू हुईं।
काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के दौरान आए नागालैंड, हरियाणा, असम, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री की पत्नियां, भाजपाध्यक्ष की पत्नी मल्लिका नड्डा सारनाथ पुरातात्विक खंडहर परिसर पहुंची। जहां पुरातत्व विभाग के अधीक्षण पुरातत्वविद अविनाश मोहंती व रजनीश सिंह ने उनका स्वागत किया।
इसके बाद लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से बुद्ध के जीवन को समझाया। वहीं सहायक अधीक्षण पुरातत्वविद मोहम्मद आरिफ ने सारनाथ के इतिहास की जानकारी दी। 30 मिनट शो देखने के बाद रात लगभग 10 बजे सभी वीआईपी शहर को रवाना हुए। इस दौरान सहायक पुलिस आयुक्त यातायात संतोष कुमार मीणा, पर्यटन विभाग के नितिन द्विवेदी आदि मौजूद रहे।