कार्तिक पूर्णिमा: संगम स्नान, पंचकोसी परिक्रमा को उमड़े लोग, पुल पर प्रतिबंध के बाद भी सजी दुकानें; अलर्ट
संगम स्नान और पंचकोसी परिक्रमा के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। पुल पर प्रतिबंध के बावजूद दुकानें सजने से आवागमन प्रभावित हो रहा है। वहीं, रास्तों पर खुले गड्ढे और संकरे मार्ग श्रद्धालुओं के लिए हादसे का खतरा बने हुए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सुरक्षा और व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।
विस्तार
कार्तिक पूर्णिमा पर दुर्वासा धाम में तमसा-मंजूषा संगम पर मंगलवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाएंगे। इसके लिए करीब तीन किलोमीटर के दायरे में तीन दिवसीय मेला सोमवार शाम से ही गुलजार होने लगा।
दूर-दराज से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, लेकिन मेले की तैयारियों और सुरक्षा इंतजामों की जमीनी हकीकत प्रशासन के दावों से अलग नजर आई। सोमवार शाम तक कोई जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारी मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लेने नहीं पहुंचा।
मेला क्षेत्र में सबसे बड़ी समस्या तमसा नदी पर बने पुल को लेकर है। प्रशासन की ओर से पुल पर दुकानें लगाने पर रोक है, क्योंकि इससे भीड़ जमा होने के साथ आवागमन बाधित होता है। इसके बावजूद दुकानदार पुल पर दुकानें सजा लेते हैं।
तैयारी पूरी
कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने के साथ यहां जाम और दुर्घटना का खतरा भी बढ़ जाता है। पुल के दोनों तरफ दुर्गा प्रतिमा और लक्ष्मी-गणेश विसर्जन के लिए खोदे गए बड़े-बड़े गड्ढे भी श्रद्धालुओं के लिए खतरा बने हुए हैं।
तीन दिवसीय मेले को देखते हुए न तो इन गड्ढों को पटवाया गया और न ही उनके आसपास बैरिकेडिंग या खतरे का संकेतक लगाया गया। वहीं, नदी में स्नान के लिए बनाया गया रास्ता भी काफी संकरा है। भीड़ के दबाव में श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी हो सकती है।
घाटों पर सुरक्षा के लिए मोटी रस्सियां लगाने की व्यवस्था भी पर्याप्त नजर नहीं आई। सोमवार शाम मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने लगी थी, लेकिन पुलिस की तैनाती प्रभावी नहीं दिखी। जगह-जगह पुलिसकर्मी बैठे नजर आए। ऐसे में भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के पहुंचने की संभावना के बावजूद सुरक्षा इंतजामों में कमी चिंता बढ़ा रही है।
मेला समिति के प्रेमचंद गिरि ने बताया कि प्रशासन के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की रणनीति बनाई गई थी। सफाई और निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग की गई थी। सफाईकर्मी लगाए गए हैं, हालांकि सफाई व्यवस्था अभी पूरी तरह संतोषजनक नहीं है। प्रकाश और गोताखोरों की व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शाम तक मेला क्षेत्र में जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी।
संगम स्नान और पंचकोसी परिक्रमा की विशेष मान्यता
दुर्वासा धाम में कार्तिक पूर्णिमा स्नान का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि शिव के अंशावतार ऋषि दुर्वासा की इस तपस्थली पर कार्तिक पूर्णिमा के दिन तमसा-मंजूषा संगम में स्नान, अन्न, वस्त्र और गोदान करने के बाद शिव के गर्भगृह में जलाभिषेक तथा ऋषि दुर्वासा का आशीर्वाद लेने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। दुर्वासा क्षेत्र में करीब पांच किलोमीटर की पंचकोसी परिक्रमा का भी विशेष महत्व है। इसमें फूलपुर दुबैठा, धर्मदासपुर, फुलवरिया, खुरसों, शंभूपुर, गौरी का पूरा और कल्होरा सहित कई स्थान शामिल हैं। श्रद्धालुओं की मान्यता है कि परिक्रमा से सुख, शांति और समृद्धि प्राप्त होती है।
