IIT BHU: 27 अप्रैल से आठ मई तक सेमेस्टर परीक्षाएं, 8 दिन बाद 16 मई को रिजल्ट; इस दिन रजिस्ट्रेशन
Varanasi News: आईआईटी बीएचयू में 27 अप्रैल से 8 मई तक सेमेस्टर परीक्षाएं होंगी और 16 मई को परिणाम जारी किया जाएगा। छूटी परीक्षाएं 12–14 मई के बीच होंगी। नए सत्र 2026-27 की कक्षाएं 20 जुलाई से शुरू होंगी। रिजल्ट आने तक रजिस्ट्रेशन प्रोविजनल रहेगा, विलंब पर 500 रुपये प्रतिदिन शुल्क लगेगा।
विस्तार
IIT BHU: आईआईटी बीएचयू में सेमेस्टर परीक्षा खत्म होने के ठीक आठ दिन बाद रिजल्ट घोषित कर दिया जाएगा। सेमेस्टर परीक्षाएं 27 अप्रैल से आठ मई तक चलेंगी और 16 मई को रिजल्ट घोषित होंगे। परीक्षाओं में ग्रेड जमा करने और तिथि बदलने की अंतिम तिथि 15 मई है।
वहीं, जिन छात्रों की परीक्षा किसी इमरजेंसी के चलते छूट गई उन्हें 12 से 14 मई तक परीक्षा देने का दोबारा मौका मिलेगा। इसके अलावा सत्र 2026-27 में तीसरे, पांचवें और सातवें सेमेस्टर की कक्षाएं 20 जुलाई, 2026 से शुरू होंगी। इसमें बीटेक, आईडीडी और बी आर्क के पहले सेमेस्टर के छात्रों को नहीं शामिल किया गया है।
8वें सेमेस्टर के बाद नहीं मिलेगा अवकाश : बीटेक और बी. आर्किटेक्चर कोर्स में सत्र 2026-27 की पंजीकरण तिथि की सूचना अभी तक नहीं जारी की गई है। वहीं, एम टेक, एम फार्मा, एमएससी, आईडीडी और पीएचडी के 8वें सेमेस्टर के बाद छात्रों के लिए कोई ग्रीष्मकालीन अवकाश और अंतर-सेमेस्टर अवकाश नहीं मिलेगा।
रिजल्ट आने तक माना जाएगा प्रोविजनल रजिस्ट्रेशन
आईआईटी बीएचयू के 2026-27 कैलेंडर के अनुसार, 9 मई से 22 जुलाई तक ग्रीष्मकालीन छुट्टियां रहेंगी और इसी समय नए और पुराने सेमेस्टर के विद्यार्थियों का ऑनलाइन और ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू होगा। 2026-27 सत्र के पहले सेमेस्टर को छाेड़कर बाकी सभी सेमेस्टर के छात्र और छात्राओं के ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 10 जुलाई से शुरू होगी। 17 जुलाई से इन सभी पुराने विद्यार्थियों के दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। जब तक सेमेस्टर परीक्षा का रिजल्ट नहीं आता है तब तक सत्यापन को अस्थायी या प्रोविजनल माना जाएगा। अंतिम तिथि बीत जाने के बाद रजिस्ट्रेशन करने पर हर दिन 500 रुपये की दर से विलंब शुल्क लिया जाएगा।