वाराणसी-गोरखपुर विमान सेवा शुरू: सीएम योगी ने वर्चुअली किया उद्घाटन, गुलाब का फूल देकर यात्रियों का स्वागत
वाराणसी के बाबतपुर स्थित लालबहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से रविवार सुबह 8:52 बजे स्पाइसजेट का विमान एसजी 2949 ने 20 यात्रियों को लेकर गोरखपुर के लिए उड़ान भरी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी एयरपोर्ट से गोरखपुर के लिए पहली बार सीधी विमान सेवा की शुरुआत रविवार सुबह हो गई। सीएम योगी आदित्यानाथ ने उड़ान योजना के तहत इस विमान सेवा का गोरखपुर एयरपोर्ट पर वर्चुअली उद्घाटन किया। वाराणसी के बाबतपुर स्थित लालबहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से स्पाइसजेट का विमान एसजी 2949 ने सुबह 8:52 बजे गोरखपुर के लिए 20 यात्रियों को लेकर उड़ान भरी।
इस दौरान एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट के अधिकारियों के द्वारा यात्रियों को बोर्डिंग पास और गुलाब का पुष्प देकर स्वागत एवं अभिवादन किया गया। यात्रियों ने कहा कि वाराणसी और गोरखपुर के लिए पहली बार विमान सेवा शुरू की गई है जिसे लेकर हम लोग बेहद खुश हैं।
स्पाइसजेट के स्थानीय प्रबंधक राजेश सिंह ने बताया कि एयरपोर्ट से गोरखपुर जाने वाले यात्रियों को बोर्डिंग पास के साथ गुलाब का पुष्प देकर स्वागत व अभिवादन किया गया। वहीं विमान एसजी 2952 गोरखपुर से 10:25 बजे उड़ान भरकर 11:10 बजे सुबह 16 यात्रियों को लेकर वाराणसी पहुंचा। विमान सेवा शुरू होने के पहले दिन कुल 36 यात्रियों ने इसमें सफर किया।
विमानन कंपनियों का समर शेड्यूल जारी, कई नए रूटों पर होगा संचालन
वाराणसी एयरपोर्ट से संचालित होने वाली विमानन कंपनियों ने समर शेड्यूल जारी कर किया है। विमानन कंपनियों ने कई रूट पर विमान सेवा शुरू करने का फैसला लिया है। स्पाइस जेट एयरलाइंस गोरखपुर, जयपुर, गुवाहाटी, देहरादून, पटना आदि नए रूटों पर विमानों का संचालन करेगा तो अहमदाबाद जैसे महत्वपूर्ण रूट पर अपनी सेवा बंद करेगा।
इंडिगो एयरलाइंस जयपुर, और जम्मू के लिए विमान का संचालन शुरू करेगा, इसके अलावा दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, बंगलूरू, हैदराबाद, चेन्नई, भुवनेश्वर आदि रूटों पर समय में परिवर्तन करेगा। गो एयर अहमदाबाद के लिए नए विमान का संचालन करेगा, इसके अलावा दिल्ली, मुंबई, बंगलूरू, कोलकाता की सेवाएं जारी रखेगा।
एयर इंडिया लखनऊ से वाराणसी की सेवा बंद करेगा तो दिल्ली, मुंबई की सेवाएं जारी रहेंगी। एयर विस्तारा अपने विमान और समय में कोई परिवर्तन नहीं कर रहा है। एयर विस्तारा का विमान दिल्ली से वाराणसी व वाराणसी से दिल्ली और मुंबई से वाराणसी व वाराणसी से मुंबई के बीच संचालित होती है जो पहले के अनुसार जारी रहेगी।
काशी विश्वनाथ धाम से जुड़ा गोरक्षनाथ मंदिर
श्रीकाशी विश्वनाथ धाम से अब गोरक्षनाथ भी जुड़ गया। अब महज 45 मिनट में यात्री वायु मार्ग से दोनों शहरों के बीच आवागमन कर सकेंगे। धार्मिक पर्यटन के साथ ही व्यवसायिक गतिविधियों को भी अब पंख लगेंगे। बनारस की साड़ी, लकड़ी के खिलौने, जरी-जरदोजी सहित अन्य जीआई उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा तो वहीं गोरखपुर का टेराकोटा सहित अन्य उत्पादों की बिक्री को भी गति मिलेगी। पर्यटन कारोबारियों के अनुसार, सुबह में विमान सेवा होने के कारण यह और भी बेहतर है, क्योंकि सुबह पहुंचने के साथ ही दिन भर का पूरा समय खरीदारी, फिर दर्शन पूजन को मिलेगा और दूसरे दिन यात्री अपने-अपने शहरों में भी आ सकेंगे।
स्पाइसजेट एयरलाइंस की इकलौती और पहली सीधी विमान सेवा बनारस-गोरखपुर के बीच शुरू हुई, बाबतपुर एयरपोर्ट के स्थानीय प्रबंधक राजेश के अनुसार, पहले ही दिन यात्रियों ने सेवा के शुभारंभ होने पर खुशी जताई और यात्रियों ने कहा कि लंबे समय की यह चाहत अब जाकर पूरी हुई।
बाबतपुर एयरपोर्ट से विमान रोजाना सुबह 8.45 बजे उड़ान भरेगा और गोरखपुर में 9.35 बजे पहुंचेगा। वहीं, गोरखपुर एयरपोर्ट से 9.55 बजे यात्रियों को लेकर विमान 10.50 पर बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेगा। किराया ढाई हजार से तीन हजार के बीच है। नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने नई दिल्ली से उड़ान योजना के तहत स्पाइस जेट की इंटर स्टेट फ्लाइट गोरखपुर से वाराणसी का वर्चुअल शुभारंभ किया। सीएम ने विमान सेवा आरंभ करने के लिए केंद्रीय नागर विमानन मंत्री सिंधिया को धन्यवाद दिया।
बनारस से इन शहरों के लिए उड़ानें
बाबतपुर एयरपोर्ट से दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, जयपुर, पटना, देहरादून, गुवाहाटी, गोरखपुर, कोलकाता, बेंगलूरू, चेन्नई, हैदराबाद के लिए उड़ान सेवा जारी है।
बनारस तो अपने आप में ही पर्यटन नगरी है लेकिन गोरखपुर भी पर्यटन के क्षेत्र में बहुत तेजी से विकसित हो रहा है। दोनों शहरों के बीच धार्मिक पर्यटन के साथ ही जीआई उत्पादों का भी बड़ा कारोबार होता है। -राहुल मेहता, अध्यक्ष, टूरिज्म वेलफेयर एसोसिएशन
गोरखपुर में टेराकोटा उत्पाद प्रसिद्ध है, उसकी मांग बनारस में बहुत है। वहीं बनारसी उत्पादों की गोरखपुर में मांग अधिक रहती है। निश्चित तौर पर यह नई उड़ान सेवा जीआई उत्पादों के कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा। -पद्म श्री डॉ. रजनीकांत, जीआई विशेषज्ञ
आखिरकार इंतजार खत्म हुआ। बनारस-गोरखपुर के बीच नई उड़ान सेवा से निश्चित तौर पर यात्रियों को राहत होगी। यात्री सुविधाओं और बेहतर बनाने की दिशा में इस उड़ान सेवा से यात्रियों को सहूलियत होगी।- अर्यमा सान्याल, एयरपोर्ट निदेशक, बाबतपुर