खुशखबर: इंडिया स्मार्ट सिटी अवार्ड कांटेस्ट में लहराया वाराणसी का परचम, चार श्रेणियों में मिला पुरस्कार
वाराणसी स्मार्ट सिटी को कोविड-19 प्रबंधन के लिए वर्ष 2020-21 का प्रथम पुरस्कार मिला है। स्मार्ट सिटी लीडरशिप समेत कुल चार श्रेणी में वाराणसी को पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
विस्तार
इंडिया स्मार्ट सिटी अवार्ड कांटेस्ट वर्ष 2020-21 में वाराणसी का परचम लहराया है। वाराणसी स्मार्ट सिटी को अलग-अलग चार श्रेणियों में पुरस्कृत किया गया है। इसमें कोरोना काल में श्रेष्ठ कार्य करने के लिए कोविड इनोवेशन अवार्ड भी शामिल है।
सोमवार को गुजरात के सूरत शहर में शहरी एवं आवास कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित "स्मार्ट सिटी-स्मार्ट अर्बनाइजेशन" कार्यक्रम में मुख्य अतिथि हरदीप सिंह पुरी (मंत्री, शहरी एवं आवास कार्य मंत्रालय) ने वाराणसी नगर आयुक्त व सीईओ स्मार्ट सिटी प्रणय सिंह, मुख्य महाप्रबंधक डा. डी वासुदेवन समेत वाराणसी स्मार्ट सिटी कंपनी के अन्य प्रतिनिधिगण को पुरस्कार दिया। इस दौरान कौशल किशोर (राज्यमंत्री, शहरी एवं आवास कार्य मंत्रालय) और रेल राज्य मंत्री दर्शना जारदोश उपस्थित रहे। कार्यक्रम में देश भर की स्मार्ट सिटी के सीईओ समेत अन्य प्रतिनिधिगण की मौजूदगी रही।
कोरोना काल में श्रेष्ठ कार्य
वाराणसी स्मार्ट सिटी को कोविड-19 महामारी के दौरान काशी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर द्वारा कुशल प्रबंधन एवं श्रेष्ठ कार्य करने के लिए कोविड इनोवेशन अवार्ड से सम्मानित किया गया है। कोविड-19 महामारी एवं सख्त लॉकडाउन के दौरान काशी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर वाराणसी शहर के लिए बतौर इंटीग्रेटेड वॉर रूम की तरह कार्यरत रहा।
पढ़ेंः आपदा काल में बेहतर प्रबंधन ने दिया देश को बनारस मॉडल
जहां जिला प्रशासन, आपात सेवाएं, स्वास्थ्य विभाग, टेलीमेडिसिन, नगर निगम संबंधित सुविधाएं, खाद्य आपूर्ति, आदि का संयोजन किया गया था साथ ही ज्योग्राफिकल इन्फॉर्मेशन सिस्टम (जीआईएस) द्वारा संक्रमितों की ट्रैकिंग, क्लस्टर मैपिंग आदि का कार्य किया गया। इसके अतिरिक्त वाराणसी स्मार्ट सिटी द्वारा ड्रोन द्वारा कन्टेनमेंट जोन का सैनिटिजेशन एवं दवा डिलीवरी, सेफ काशी एप्प, सिटी सर्विलांस, हॉस्पिटल मॉनिटरिंग आदि के कार्य भी वाराणसी स्मार्ट सिटी अंतर्गत काशी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर द्वारा किए गए।
पढ़ेंः वाराणसी को पीएम स्वनिधि कार्यक्रम श्रेणी में प्रधानमंत्री अवार्ड
समस्त काशीवासियों को शुभकामनाएं
वाराणसी स्मार्ट सिटी को अपनी कुशल कार्यप्रणाली एवं परियोजनाओं के क्रियान्वयन हेतु 'स्मार्ट सिटी लीडरशिप अवार्ड' एवं द्वितीय चरण में चयनित होने वाले शहरों में "सिटी अवार्ड" एवं जल संरक्षण हेतु "वॉटर श्रेणी" में भी पुरस्कृत किया गया है। पुरस्कृत होने के बाद सीईओ स्मार्ट सिटी प्रणय सिंह ने कहा की यह अत्यंत हर्ष का विषय है की वाराणसी स्मार्ट सिटी को इंडिया स्मार्ट सिटी अवार्ड कांटेस्ट में चार श्रेणियों में पुरस्कृत किया गया है। स्मार्ट सिटी की टीम की मेहनत की सराहना की और आगे भी कार्य करते रहने की बात कही।
मुख्य महाप्रबंधक डॉ. डी वासुदेवन ने इस पुरस्कार को समस्त काशी का पुरस्कार बताया और समस्त काशीवासियों को शुभकामनाएं दी। मुख्य महाप्रबंधक ने कोविड महामारी के दौरान काशी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का अभूतपूर्व योगदान बताया और हर्ष व्यक्त किया।