गाजीपुर: चाय पीने गए दो युवकों पर हमला, एक की मौत, दूसरे की हालत गंभीर; पुरानी रंजिश में वारदात की आशंका
चाय पीने गए दो युवकों पर हमलावरों ने हमला कर दिया। घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने तीन नामजद समेत 10 से 12 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
गाजीपुर के कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के राजापुर चट्टी पर चाय पीने गए दो युवकों पर हमलावरों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कासिमाबाद ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान छोटेलाल राजभर (20) की मौत हो गई, जबकि उसका साथी राहुल बिंद (21) घायल है। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने देर रात कासिमाबाद चौराहे पर पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
बरेसर थाना क्षेत्र के हसनपुर गोरा गांव निवासी छोटेलाल राजभर अपने साथी राहुल बिंद के साथ रविवार की देर रात राजापुर चट्टी पर चाय पीने गया था। आरोप है कि इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर कुछ लोगों से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। हमलावरों ने दोनों युवकों को बुरी तरह पीटकर घायल कर दिया। सूचना पर पहुंचे परिजन दोनों को सीएचसी कासिमाबाद ले गए, जहां छोटेलाल ने दम तोड़ दिया।
मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। देर रात करीब 12:30 बजे लोग कासिमाबाद चौराहे पर पहुंच गए और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार त्रिपाठी ने लोगों को समझाकर शांत कराया।
इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मृतक के भाई बाबूलाल राजभर की तहरीर पर तीन नामजद और 10 से 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
तीन नामजद समेत आठ आरोपी गिरफ्तार
कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के राजापुर चट्टी पर युवक की पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मुकदमे में नामजद तीन आरोपी भी शामिल हैं।अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर ने बताया कि राजापुर चट्टी के पास छोटेलाल राजभर और राहुल बिंद के साथ गांव के आसपास के कुछ युवकों ने मारपीट की थी। इसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कासिमाबाद ले जाया गया, जहां छोटेलाल राजभर की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मृतक के बड़े भाई बाबू लाल की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
मृतक के बड़े भाई बाबू लाल ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले दोनों गांवों के युवकों के बीच बाइक की टक्कर को लेकर विवाद हुआ था। इसी रंजिश में चाय पीने गए युवकों पर हमला किए जाने की बात सामने आई है।
पांच भाइयों में चौथे छोटेलाल की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
घर से चाय पीने निकला 20 वर्षीय छोटेलाल राजभर फिर कभी लौटकर नहीं आएगा, परिवार ने शायद यह सोचा भी नहीं था। राजापुर चट्टी पर हुई मारपीट ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। पांच भाइयों में चौथे नंबर पर रहे छोटेलाल की मौत से घर में मातम पसरा है। बेटे की मौत के बाद मां मीना देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
बरेसर थाना क्षेत्र के हसनपुर गोरा गांव निवासी छोटेलाल हलवाई का काम करता था। परिवार के बीच रहकर अपनी जिम्मेदारियां निभा रहा था। रविवार की देर रात वह अपने साथी राहुल बिंद के साथ राजापुर चट्टी पर चाय पीने गया था। वहां पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में हमलावरों ने दोनों को पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजन छोटेलाल को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान उसकी सांसें थम गईं।
जिस घर में कुछ देर पहले तक रोजमर्रा की जिंदगी चल रही थी, वहां बेटे की मौत की खबर पहुंचते ही चीख-पुकार मच गई। मां मीना देवी के सामने जवान बेटे का शव देख परिवार के लोग खुद को संभाल नहीं पा रहे थे। पांच भाइयों में चौथे छोटेलाल की इस तरह असमय मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। मां की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।
