गाजीपुर: फोरलेन पर ट्रक और पिकअप की आमने-सामने टक्कर, चालक की मौत
गाजीपुर में सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के महरूमपुर गांव के पास वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर ट्रक और पिकअप की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप चालक नियाज अहमद (41) की मौत हो गई। वह चुनार से हरी सब्जी लेकर बिहार जा रहे थे और माता-पिता के इकलौते बेटे थे।
विस्तार
सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के महरूमपुर गांव के पास वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर शनिवार रात ट्रक और पिकअप की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप चालक नियाज अहमद (41) की मौत हो गई। वह मिर्जापुर जिले के चुनार से हरी सब्जी लेकर बिहार जा रहे थे। नियाज अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे और पिकअप चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे।
वाहन में फंस गए थे चालक
सैदपुर कोतवाल अमित कुमार मिश्रा के अनुसार, मिर्जापुर जिले के चुनार थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 13 स्थित दरगाह शरीफ मोहल्ला निवासी नियाज अहमद पिकअप में हरी सब्जी लादकर बिहार जा रहे थे। महरूमपुर गांव के पास फोरलेन पर उनकी पिकअप की ट्रक से आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप का अगला हिस्सा अंदर की ओर धंस गया और नियाज वाहन में फंस गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर पहुंचाया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मातम
नियाज के मित्र मोहम्मद नसीम ने बताया कि वह माता-पिता के इकलौते बेटे थे। पिकअप चलाकर परिवार का खर्च चलाते थे। हादसे की खबर मिलते ही मां जायदा बेगम, पत्नी सलमन अंसारी, बेटे समद, अनस और नुमान सहित परिवार के सदस्यों में चीख-पुकार मच गई। रविवार सुबह परिजन कोतवाली पहुंचे और तहरीर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाल अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
