सोनभद्र: मालगाड़ी के इंजन सहित चार डिब्बे पटरी से उतरे, रेलवे के अधिकारियों में मचा हड़कंप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सोनभद्र जिले के अनपरा क्षेत्र में पूर्व मध्य रेलवे के धनबाद मंडल स्थित कृष्णशिला रेलवे स्टेशन के समीप बृहस्पतिवार की अलसुबह अनपरा तापीय परियोजना की मालगाड़ी के इंजन और चार बोगियां पटरी से उतर गए। इससे रेलवे व अनपरा परियोजना से जुड़े अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
गुरुवार की सुबह अनपरा तापीय परियोजना की मालगाड़ी धनबाद रेल मंडल के कृष्णशिला रेलवे स्टेशन पर सुबह करीब 4 बजकर 40 मिनट पर कोयला लेने जा रही थी। रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी को आउटर प्वाइंटर पर रुकने का सिग्नल दिया गया था परंतु मालगाड़ी की स्पीड इतनी तेज थी कि जब तक चालक सिग्नल देख पाता, मालगाड़ी आगे बढ़ गयी और डिरेल हो गयी।
घटना से अनपरा परियोजना सहित रेलवे के अधिकारियों में खलबली मच गई। आनन-फानन में परियोजना के सीजीएम हीरामन प्रसाद सिंह, डीजीएम राम दुलारे, अधिशासी अभियंता धीरेन्द्र सिंह सहित तमाम अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। अपराह्न में चोपन से पहुंची एआरटी द्वारा डिरेल हुई बोगियों को पटरी पर लाकर आवागमन बहाल किया गया।
बताया जा रहा है कि मालगाड़ी में 59 डिब्बे जुड़े हुए थे। चालक ने इमरेंजेसी ब्रेक लगाकर घटना को बड़ा होने से बचा लिया, अन्यथा सभी डिब्बे डिरेल हो सकते थे। रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि कोल खदानों से कोयला परिवहन के लिए परियोजनाओं द्वारा निजी रेल लाइन बिछाकर कोयला परिवहन का कार्य किया जाता है। रेलवे परिवहन के कार्यों का संचालन करता है।
इस संबंध में अनपरा तापीय परियोजना के सीजीएम हीरामन प्रसाद सिंह ने बताया कि घटना में किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है। जो इंजन व मालगाड़ी के डिब्बे डिरेल हुए थे उन्हें फिर से पटरी पर लाया गया। घटना किस कारण से हुई, इसकी इसकी जांच की जा रही है।