बनारस में बनेगा प्रदेश का पहला मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक हब, पीएम मोदी ने दिया था निर्देश
जल परिवहन को गति देने के लिए राल्हूपुर बंदरगाह से गंगा एक्सप्रेस वे को जोड़ने की बन रही योजना
विस्तार
पूर्वांचल की व्यापारिक गतिविधियों को देश के बड़े शहरों और विदेशी बाजार से जोड़ने के लिए बनारस में प्रदेश का पहला लॉजिस्टिक हब बनाने की योजना है। इसमें रामनगर (राल्हूपुर) स्थित मल्टी मॉडल टर्मिनल के पास ही इस पूरी योजना को अमलीजामा पहनाया जाएगा। यहां एक्सपोर्ट जोन के साथ ही पैकेजिंग इंस्टीट्यूट आदि विकसित किया जाएगा।
उधर, सड़क मार्ग से इस हब को जोड़ने के लिए प्रयागराज तक आने वाले गंगा एक्सप्रेस को भी इससे जोड़ने की योजना पर विचार किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर सागरमाला परियोजना के तहत देश का पहला जलमार्ग वाराणसी से हल्दिया के बीच शुरू कराया गया है। इस परियोजना को गति देने के साथ ही बनारस को लॉजिस्टिक हब बनाने की योजना पर काम शुरू किया गया है।
इसमें बनारस सहित पूर्वांचल की व्यवसायिक गतिविधियों को जल, सड़क और हवाई मार्ग से जोड़ा जाएगा। जल परिवहन के जरिए आसानी से माल बांग्लादेश सहित अन्य देशों तक भेजा जा सकेगा। ऐसे ही सड़क मार्ग से मजबूत कनेक्टिविटी से देश के बड़े शहरों तक कम लागत में आसानी से माल भेजा जा सकेगा।
यहां बता दें कि पिछले दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र की विकास परियोजनाओं की जानकारी के लिए वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बैठक की थी। इसमें पीएम मोदी ने बनारस को लॉजिस्टिक हब बनाने की कार्ययोजना का निर्देश दिया था। प्रशासन की ओर से बडे़ स्तर पर योजना तैयार की जा रही है।
एक्सपोर्ट जोन से लेकर वेयर हाउस तक
मल्टी मॉडल टर्मिनल के पास एक बड़े भूभाग का अधिग्रहण किया जाएगा। हालांकि चंदौली जिला प्रशासन ने कई हिस्सों में जमीन चिह्नित की है। ऐसे में यहां एक्सपोर्ट जोन विकसित किया जाएगा, जहां से सीधे उत्पादों का निर्यात करने वाली कंपनियों के कार्यालय आदि होंगे। इस हब में बड़े-बड़े वेयर हाउस बनेंगे।
लॉजिस्टिक हब में सामानों को एक्सपोर्ट से लेकर अन्य शहरों तक पहुंचाने के लिए सभी सुविधाएं होंगी। यहां पैकेजिंग संस्थान को मल्टीमॉडल टर्मिनल के नजदीक बनाने की योजना है। इंस्टीट्यूट को भी टर्मिनल विस्तारीकरण के तहत जोड़ा जा सके और इंस्टीट्यूट में ट्रेंड लोगों को फ्रेट विलेज से जोड़ा जा सके। इसे शहर में प्रस्तावित तीन पैकिंग हाउस और पैरिशएबल कार्गो से जोड़ा जाएगा। इससे प्रशिक्षण के साथ ही रोजगार के अवसर भी खुलेंगे।
मल्टी मॉडल टर्मिनल के पास लॉजिस्टिक हब विकसित करने की योजना है। इसके लिए जमीन आदि चिह्नित कर पूरी कार्ययोजना बनाई जा रही है। इससे पूर्वांचल को बड़ा लाभ होगा। -कौशल राज शर्मा, जिलाधिकारी