आजमगढ़ में मुठभेड़: पशुओं की हत्या करने वाला घायल, गिरफ्तार; पुलिस पर गोली चला कर भाग रहा था
UP Encounter News: उत्तर प्रदेश की आजमगढ़ पुलिस ने घेराबंदी कर पशु वध के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। एक मई को उसने पशु का वध किया था, जिसके अवशेषों को पुलिस ने बरामद कर लिया था। एक दिन बाद मुठभेड़ में आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Azamgarh News: पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मुबारकपुर पुलिस ने प्रतिबंधित पशु वध के एक मामले का सफल अनावरण करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान आरोपी घायल हो गया, जिसके पास से अवैध असलहा व कारतूस बरामद किए गए हैं।
एक मई को पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम फखरुद्दीनपुर स्थित ग्रीन पैराडाइज ढाबा के पीछे मिट्टी के भीटे पर प्रतिबंधित पशु के अवशेष पड़े हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने पशु के सिर, खाल व अन्य अवशेष बरामद कर पशु चिकित्सा अधिकारी को सौंपा और शेष अवशेषों को जमीन में दफन कराया। इस संबंध में थाना मुबारकपुर में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने की कार्रवाई
विवेचना के दौरान आरोपी की पहचान सलमान अहमद (24), निवासी खैराबाद थाना मोहम्मदाबाद जनपद मऊ के रूप में हुई। दो मई को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी दामोदरपुर मार्ग स्थित एक बाग में अपने साथियों का इंतजार कर रहा है और उसके पास अवैध हथियार भी है। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो आरोपी ने फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए सीएचसी मुबारकपुर भेजा गया।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा, तीन कारतूस, एक खोखा, मोबाइल फोन और 250 रुपये नकद बरामद किए हैं। इस आधार पर थाना मुबारकपुर में संबंधित धाराओं में एक और प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सीओ सदर आस्था जायसवाल ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर छुट्टा गोवंशीय पशुओं को पकड़कर उनका वध करता था और मांस बेचता था। एक मई की रात भी उसने अपने साथियों के साथ मिलकर एक लावारिस पशु का वध किया था, लेकिन लोगों की आहट मिलने पर वे मौके से फरार हो गए थे।