जौनपुर: दो लाख 75 हजार उपभोक्ताओं पर बिजली बिल बकाया, 458 करोड़ वसूलने की तैयारी
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में दो लाख 75 हजार उपभोक्ता ऐसे हैं, जो बिना बिल जमा किए ही बिजली का उपयोग कर रहे हैं। कनेक्शन लेने के बाद से आज तक उन्होंने बकाया बिल जमा नहीं किया है। ऐसे उपभोक्ताओं से बिल वसूलने की तैयारी बिजली निगम ने शुरू कर दी है। उन्हें पहले नोटिस दिया जाएगा। इसके बाद भी बिल नहीं जमा करने पर कनेक्शन काटा जाएगा।
जिले में सौभाग्य योजना के तहत मुफ्त में लोगों को कनेक्शन दिया गया है। यह योजना जिले में वर्ष 2018 से शुरू हुई है। इस योजना के तहत करीब साढ़े तीन लाख लोगों को बिजली का कनेक्शन दिया गया। इससे जिले में कुल पांच लाख 98 हजार बिजली उपभोक्ता हो गए हैं।
योजना के तहत कनेक्शन लेने वाले दो लाख 75 हजार ऐसे उपभोक्ता हैं, जिन्होंने बिजली का कनेक्शन तो करवा लिया, लेकिन आज तक बिजली का बिल नहीं जमा कर पाए हैं। लाइन लॉस से जूझते निगम ने ऐसे उपभोक्ताओं से बकाया बिल वसूलने का दबाव बिजली कर्मियों पर शासन स्तर से है। इस कारण अब बिजली कर्मी हर हाल में बकाया वसूलने के लिए कमर कस लिए हैं।
वह ऐसे उपभोक्ताओं से बकाया वसूलने के लिए पहले नोटिस देने का कार्य कर रहा है। नोटिस मिलने के बाद अगर उपभोक्ता बकाया बिल जमा कर देगा तो उसका कनेंक्शन नहीं काटा जाएगा, लेकिन अगर जो उपभोक्ता नोटिस देने के बाद भी बकाया बिल नहीं जमा किया तो उसका कनेंक्शन काटकर बिजली आपूर्ति ठप कर दी जाएगी। साथ ही उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
458 करोड़ है बिजली का बकाया
जौनपुर जिले में अभी भी उपभोक्ताओं के यहां बिजली बिल का बकाया 458 करोड़ हैं। जिसको वसूलने के लिए विभाग अब कोई कोताही बरतने को तैयार नहीं है। शासन स्तर से दबाव के बाद बिजली विभाग इस पूरे बकाये बिल को हर हाल में वसूलना चाह रहा है।
अधीक्षण अभियंता (प्रथम विद्युत) एके मिश्रा ने बताया कि बकाया बिल जमा करने के लिए उपभोक्ताओं को पहले नोटिस दी जा रही है। जिससे वे तय समय के अंदर बकाया बिल जमा कर दें। इसके बाद भी बकाया बिल जाम नहीं करने वाले उपभोक्ताओं का कनेक्शन काटते हुए उनके विरुद्घ कार्रवाई की जाएगी। जिले में दो लाख 75 हजार ऐसे उपभोक्ता हैं, जो कनेक्शन लेने के बाद से आज तक बिजली का बिल नहीं जमा किए हैं।