मरम्मत कार्य के दौरान संविदा कर्मी के ऊपर गिरा डंपर का केबिन, मौत
- आउटसोर्सिंग कंपनी के कैंप में हुआ हादसा
- पीसी मशीन के मेंटेनेंस में लगे हेल्पर को डंपर मरम्मत में लगाने का आरोप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सोनभद्र जिले के एनसीएल दुद्धीचुआ क्षेत्र में सोमवार को हुए हादसे में संविदा कर्मचारी की मौत हो गई। हादसा कैंप परिसर में डंपर के मरम्मत के दौरान हुआ। बताया जा रहा है कि डंपर की केबिन श्रमिक के ऊपर गिर गई। गंभीर रूप से घायल कर्मचारी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार एनसीएल दुद्धीचुआ में एक कंपनी ओवरबर्डन हटाने का कार्य कर रही है। सोमवार को दोपहर में कंपनी के कैंप में डंपर मरम्मत का कार्य कराया जा रहा था। आरोप है कि इस कार्य में पीसी मशीन के मेंटेनेंस में लगे हेल्पर को लगा दिया गया। कार्य के दौरान स्कैनिया डंपर का केबिन खुलकर श्रमिक के ऊपर गिर गया।
घटना में श्रमिक सुनील कुमार रजक निवासी जयंत को गंभीर चोटें आईं। घायल श्रमिक को तत्काल नेहरू शताब्दी चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस हादसे के बाद कंपनियों में सुरक्षा व्यवस्था में बरती जा रही लापरवाही की बात फिर उठने लगी है।
पूरे मामले की मध्य प्रदेश की मोरवा (सिंगरौली) पुलिस जांच कर रही है। घटना स्थल मध्य प्रदेश क्षेत्र में है। नगर निरीक्षक मनीष त्रिपाठी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।