बनारस में डेंगू का आंकड़ा 300 पार: जिला अस्पताल बना डेडिकेटेड हॉस्पिटल, DM ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
वाराणसी जिले में डेंगू का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा है। डेंगू मरीजों का आंकड़ा 320 तक पहुंच गया है। इनमें से 61 लोग अस्पतालों में भर्ती है। दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल को डेंगू डेडिकेटेड हॉस्पिटल के रूप में चिह्नित किया गया है।
विस्तार
वाराणसी जिले में डेंगू के मरीजों का आंकड़ा 300 के पार होकर 320 तक पहुंच गया है। दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल को डेंगू मरीजों के इलाज के लिए समर्पित यानी डेडिकेटेड हॉस्पिटल के रूप में चिह्नित किया गया है। सोमवार को डीएम एस राजलिंगम ने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने घूम-घूम कर स्वास्थ्य सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जनरल मेडिकल वार्ड में मरीजों और तीमारदारों से भी परेशानी के बाबत सवाल पूछा। डीएम ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
जिला अस्पताल में डेंगू के लिए 100 बेड रिजर्व
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल को डेंगू डेडिकेटेड हॉस्पिटल चिह्नित किया गया है। डेंगू मरीजों की सुविधा के लिए यहां 100 बेड रिजर्व किए गए हैं। यहां चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती के साथ ही मरीजों के इलाज के साथ ही जांच सहित अन्य व्यवस्थाएं भी रहेंगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हर जिले में डेंगू मरीजों के लिए एक डेडिकेटेड हॉस्पिटल का संचालन कराने की घोषणा की थी। इसके बाद दीनदयाल अस्पताल का चयन किया गया है।
जिले भर के अस्पतालों में 272 बेड रिजर्व
सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि जिले के अस्पतालों में डेंगू मरीजों के इलाज के लिए इस समय 272 बेड आरक्षित किए गए हैं। इसमें दीनदयाल में 100, मंडलीय और शास्त्री अस्पताल में 50-50 जबकि 12 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी 60 बेड रिजर्व हैं। इसके अलावा छह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में दो-दो बेड आरक्षित कराए गए हैं।
बताया कि जिले के अन्य अस्पतालों में डेंगू वार्ड में बेड भर जाने के बाद डेंगू समर्पित अस्पताल यानी दीनदयाल अस्पताल में मरीजों को भर्ती कराया जाएगा। खून जांच और जरूरत पड़ने पर प्लेटलेट्स की उपलब्धता सहित अन्य सभी जरूरी व्यवस्थाएं भी कराई जा रही हैं।
अस्पतालों में 61 भर्ती
एडिशनल सीएमओ और संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. एसएस कनौजिया ने बताया कि इस समय अस्पतालों में कुल 61 डेंगू मरीज भर्ती हैं। इसमें दीनदयाल में 20, मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा में 15, शास्त्री अस्पताल में छह, बीएचयू में 12, जबकि सीएचसी में आठ मरीज भर्ती है।