20 दिन की बच्ची की मौत: डीजे की तेज आवाज के बीच बिगड़ी थी तबीयत, पोस्टमार्टम में नहीं हुई पुष्टि; विसरा जांच
जिले में 20 दिन की बच्ची की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। अब विसरा जांच से मौत का राज खुलेगा। बताया गया कि डीजे की तेज आवाज के बीच बच्ची की तबीयत बिगड़ी थी। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए डीजे को सीज कर दिया है।
विस्तार
मनियर के मुड़ियारी गांव में लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान तेज आवाज में बज रहे डीजे के बीच नवजात (20 दिन) बच्ची की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मौत की वजह की पुष्टि नहीं होने पर चिकित्सकों ने विसरा जांच को सुरक्षित रख लिया है। उधर, पुलिस ने जुलूस में शामिल डीजे को नियमानुसार सीज कर दिया है।
मुड़ियारी गांव की बिंद टोली से शुक्रवार की दोपहर करीब तीन बजे लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन के लिए जुलूस निकाला गया था। जुलूस में तेज आवाज में डीजे बज रहा था। इसी दौरान मायके आई बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के राजागांव खरौनी टईया टोला निवासी विशुनचंद शाह की पत्नी रीमा देवी अपनी 20 दिन की बच्ची को गोद में लेकर घर के पास कुएं के समीप खड़ी होकर जुलूस देख रही थीं। कुछ देर बाद डीजे पास आते ही बच्ची का शरीर अकड़ने के साथ तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बच्ची के नाना गोरख गोंड ने तेज आवाज में बज रहे डीजे को मौत की वजह बताया था।
क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्र ने बताया कि रमेश गोंड की बहन अपनी 20 दिन की पुत्री के नहीं रोने की बात बताई, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने पर विसरा सुरक्षित रखा गया है। डीजे को सीज कर दिया गया है। पोस्टमार्टम और विसरा जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
दो साल में 17 डीजे संचालकों पर मुकदमा, 42 को नोटिस
तेज आवाज और निर्धारित मानकों के विपरीत डीजे बजाने वालों के खिलाफ जिले में पुलिस ने पिछले दो वर्षों में अभियान चलाकर कार्रवाई की है। विभिन्न थाना क्षेत्रों में कम से कम 17 डीजे संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं, सिकंदरपुर में 42 डीजे संचालकों को नोटिस जारी कर निर्धारित मानकों का पालन करने की हिदायत दी गई।
नरहीं, रेवती, उभांव, ओक्डेनगंज और सिकंदरपुर थाना क्षेत्रों में पुलिस की कार्रवाई सामने आई है। डीजे की तेज आवाज से आम लोगों, बुजुर्गों, बीमारों और बच्चों को होने वाली परेशानी को देखते हुए पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण के मानकों का पालन कराने के लिए कार्रवाई की।
निर्धारित सीमा से अधिक आवाज में डीजे बजाने और नियमों की अनदेखी करने वालों को कार्रवाई की जद में लिया गया। सिकंदरपुर में 42 संचालकों को नोटिस जारी करना इस अभियान का अहम हिस्सा रहा। इस बाबत एएसपी दक्षिणी संजय वर्मा ने बताया कि मानक के विपरीत डीजे बजाने पर लगातार कार्रवाई अभियान चल रह है। प्राथमिकी दर्ज कराई जाती है।
