यूपी: एआईएमआईएम नेता के बेटे का मिला शव, लखनऊ के लिए घर से निकला था औरंगजेब; कोहनी पर चोट के निशान
जिले के कोट किला मोहल्ले में बुधवार सुबह एआईएमआईएम नेता अब्दुल्ला के 21 वर्षीय बेटे का शव मिला। वह मंगलवार शाम दोस्तों के साथ लखनऊ जाने की बात कहकर घर से निकला था। पुलिस के अनुसार, उसकी कोहनी के पास खरोंच के निशान मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट होगी।
विस्तार
आजमगढ़ शहर के बाजबहादुर स्थित कोट किला मोहल्ले में बुधवार सुबह एआईएमआईएम के गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र प्रभारी अब्दुल्ला के बेटे औरंगजेब उर्फ उमर (21) का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक मंगलवार शाम दोस्तों के साथ लखनऊ घूमने जाने की बात कहकर घर से निकला था। बुधवार सुबह करीब छह बजे उसका शव मिलने की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसका पता नहीं चल सका है।
औरंगजेब का परिवार बिलरियागंज चुंगी के पास रहता है, जबकि कोट किला मोहल्ले में उसके मामा का मकान है। मंगलवार शाम वह दोस्तों के साथ लखनऊ जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद बुधवार सुबह कोट किला मोहल्ले में उसका शव मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों में मातम
शव मिलने की खबर फैलते ही पोस्टमार्टम हाउस पर एआईएमआईएम के कार्यकर्ताओं और समर्थकों का जमावड़ा लग गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। मृतक के पिता अब्दुल्ला ने बताया कि औरंगजेब शादीशुदा था और उसका एक पुत्र भी है। वह रोजी-रोटी के सिलसिले में जल्द ही दुबई जाने की तैयारी कर रहा था।
अब्दुल्ला वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में गोपालपुर सीट से एआईएमआईएम के प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ चुके हैं। वर्तमान में वह गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के पार्टी प्रभारी हैं। बेटे की अचानक मौत से परिवार के लोग सदमे में हैं।
शहर कोतवाल यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक की कोहनी के पास खरोंच के निशान मिले हैं। हालांकि, इन निशानों से मौत की वजह के बारे में फिलहाल कुछ स्पष्ट नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु का कारण पता चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
