पूर्वांचल में शराबबंदी के लिए हिंसक प्रदर्शन, महिलाओं ने ठेके में आग लगाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से शुरू हुई शराबबंदी की मांग अब पूरे पूर्वांचल में फैल गई है। गाजीपुर, जौनपुर, मिर्जापुर समेत पूरे पूर्वांचल में महिलाओं ने हिंसक प्रदर्शन किया और शराब के ठेकों में आग लगा दी।
जौनपुर के मोहल्ला ताड़तल्ला और सब्जी मंडी इलाके में महिलाओं ने गुरुवार को देशी शराब की दुकान में तोड़फोड़ कर आग लगा दी। वहीं जौनपुर के सिकरारा क्षेत्र में भी महिलाओं ने अंग्रेजी शराब की दूकान में तोड़फोड़ किया।
सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंची। ठेकेदार ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। वहीं मिर्जापुर के कछवा बाजार में महिलाएं शराब की दूकान बंद कराने के लिए लाठी डंडा लेकर उतर आईं। इससे पहले गाजीपुर के जमानिया कोतवाली क्षेत्र के चौधरी मुहल्ला में बुधवार की शाम शराब के नशे में किसी पिय्यकड़ ने एक महिला पर छींटाकशी कर दी।
इससे नाराज दर्जनभर महिला और बच्चे लाठी-डंडे से लैस हो दूकान पर पहुंच गए। दूकान के बाहर रखी चौकी आदि सामानों में तोड़फोड़ करने के साथ ही दूकान में आग लगा दी। जिसमें शराब की पेटियों सहित अन्य सामान जलकर राख हो गए।
इस बीच दूकान संचालक के बेटे और उसके साथी द्वारा महिलाओं पर हाथ छोड़ने के बाद मामला और भड़क गया और उग्र महिलाओं ने दोनों की जमकर पिटाई कर दी। मारपीट में तीन महिलाएं भी घायल हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने किसी तरह महिलाओं को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया।
महिला पर छींटाकशी करने पर उग्र हुए महिलाओं का हमला
नगर के चौधरी मुहल्ला में करीब पांच वर्षों से देशी शराब की दूकान चलती है। बुधवार की शाम करीब पांच बजे किसी शराबी ने नशे में महिला पर छींटाकशी कर दी। उक्त महिला ने इसकी जानकारी मुहल्ले की अन्य महिलाओं को दी।
इस पर दर्जनभर से अधिक आक्रोशित महिलाएं और बच्चे हाथों में लाठी-डंडा लेकर ठेका पर पहुंच गए और बवाल काटने लगे। महिलाओं के गुस्से को भांपते हुए सेल्समैन दूकान में ताला बंद वहां से हट गया। गुस्साई महिलाओं ने दूकान पर जमकर तोड़फोड़ की और शराब की दूकान में आग लगा दी।
पहले बरामदे में रखे सामनों को जलाया, फिर दूकान का दरवाजा तोड़कर अंदर भी आगजनी की। महिलाओं का आरोप था कि यह दूकान आबादी के बीच है। यहां पर आए दिन शराबी नशे में महिलाओं और युवतियों पर छींटाकशी करने के साथ ही मारपीट की घटनाएं करते हैं।
इसी बीच दूकान की संचालिका रीना सिंह और उसके बेटे अभिषेक सिंह मौके पर पहुंच गए और आग लगाने की बात पर नाराज होते हुए महिलाओं से मारपीट करने लगा। इससे महिलाएं आग बबूला हो गई और दोनों की लाठी-डंडे से पिटाई करने लगे। अभिषेक भागकर एक घर छिप गया।
घटना की जानकारी होते ही एसडीएम राजकुमार, सीओ आरडी यादव, कोतवाल केपी सिंह भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। महिलाओं को समझाते हुए दूकान यहां से जल्द हटवाने आश्वासन दिया। इसके बाद महिलाएं शांत हुई। मारपीट में घायल हुई गीता देवी (27), ललिता देवी (25) और रतनी देवी (28) को उपचार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाया गया।
सीओ आरडी यादव ने बताया कि तहरीर मिलने पर मामले की जांच करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम ने बताया कि दूकान की जांच की जाएगी। लोगों के मांग के अनुरूप रिपोर्ट उच्चाधिकारियोें को भेजी जाएगी। अधिकारियों से आदेश मिला तो दूकान को यहां हटवा दिया जाएगा।