सोनभद्र: रेणुकूट चेयरमैन की हत्या करने वाला शूटर चढ़ा पुलिस के हत्थे, चंदौली से गिरफ्तार हुआ आरोपी
सोनभद्र जिले के रेनुकूट नगर पंचायत अध्यक्ष शिवप्रताप सिंह उर्फ बबलू सिंह की हत्या शामिल शूटर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को चंदौली जिले की अलीनगर पुलिस ने पकड़ा है। आरोपी के पास से एक पिस्टल, एक तमंचा, 06 कारतूस और एक खोखा बरामद हुआ है।
आरोपी शूटर गांधी यादव को चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र में रेलवे सेंट्रल कालोनी स्थित एक मंदिर के पास से हल्की मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। शूटर के बारे में अलीनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने टीम बनाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी रोहतास(बिहार) जिले के सूरजपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है।
दरअसल, सोनभद्र में रेणुकूट नगर पंचायत अध्यक्ष शिवप्रताप सिंह(38) को 30 सितंबर की रात लगभग 10 बजे नकाबपोश बदमाशों ने गोली मार दी थी, जिनकी 1 अक्तूबर को बीएचयू अस्पताल में सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में छह लोगों पर मुकदमा दर्ज किया।
मृतक शिवप्रताप सिंह के भतीजे ने थाने में पूर्व चेयरमैन अनिल सिंह सहित उनके दो भाई अनिल सिंह और राकेश सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई थी। इसके साथ ही दो अन्य लोगों को नामजद किया गया था। आरोपी राकेश मौर्य चेयरमैन प्रत्याशी रह चुका है।
इसके बाद पुलिस ने 3 अक्तूबर को पूर्व चेयरमैन अनिल सिंह, उसके दो भाई बृजेश सिंह और राकेश सिंह को गिरफ्तार किया। चौथा आरोपी जमुना सिंह था, जो एक सपा का नेता था।
सोनभद्र के एसपी प्रभाकर चौधरी ने पत्रकार वार्ता में बताया कि आरोपियों से पूछताछ के दौरान पता चला कि वर्ष 2017 में रेणुकूट नगर पंचायत अध्यक्ष चुनाव के दौरान दोनों पक्षों में कड़ी प्रतियोगिता थी, जिसे लेकर चुनाव के दौरान इन लोगों का आपस में गंभीर विवाद हुआ था।