वाराणसी में क्राइम की खबरें: एयरफोर्स अधिकारी के भाई की 40 करोड़ की संपत्ति हड़पने में एफआईआर, 39 की धोखाधड़ी
पूर्व एयरफोर्स अधिकारी के भाई की 40 करोड़ रुपये की संपत्ति हड़पने का आरोप लगा है। मामले में पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर ली है। उधर, एलआईसी पॉलिसी के नाम पर 39 लाख की धोखाधड़ी का एक अन्य मामला सामने आया। पढ़ें- पिछले 24 घंटे में घटी घटनाओं की खबरें
विस्तार
पूर्व एयरफोर्स अधिकारी के मृत भाई की धोखे से 40 करोड़ रुपये की संपत्ति हड़पने और जान से मारने धमकी के मामले में सोमवार को मंडुवाडीह थाने में दंपती समेत छह नामजद और 6 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। लहरतारा निवासी सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कमांडर राय अजय कुमार ने पुलिस को बताया कि मंझले भाई राय विमल कुमार अमेरिका में डॉक्टर थे। 2017 में वे भारत लौटे और वाराणसी में अपने पैतृक निवास व एंबी वैली में रहने लगे।
आरोप है कि कैलाश दामू मालखेड़े और उनकी पत्नी नीता ने देखभाल के बहाने राय विमल कुमार के घर में प्रवेश किया। दंपती ने उन्हें शराब में नशीली दवाएं मिलाकर दीं, जिससे वे अस्वस्थ हो गए। दंपती ने उनके बैंक खातों, डेबिट कार्ड, जमीन के कागजात, लैपटॉप और मोबाइल पर कब्जा कर लिया। फर्जी दस्तावेज तैयार कर खुद को कोटक महिंद्रा बैंक के खातों में नॉमिनी बनवा लिया।
आरोप है कि राय विमल कुमार के जीवित रहते और उनकी मृत्यु के बाद, करीब 40 करोड़ रुपये की राशि अपने खातों में स्थानांतरित कर ली। आरोपियों ने 28 अगस्त 2025 और 30 मई 2026 को घर में घुसकर धमकी दी और मारपीट भी की। मंडुवाडीह थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि छह नामजद आरोपियों में कैलाश दाम मालखेडे़, नीता मालखेड़े, चंद्रमोहन रामस्वरुप बग्गा, सुयश भीमरव सीताफले, सिमरन चंद्र मोहन बग्गा, वैभव देवीदास घुगरे समेत 6 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
एलआईसी पॉलिसी के नाम पर 39 लाख की धोखाधड़ी
जंसा थाना क्षेत्र में एलआईसी पॉलिसी में निवेश के नाम पर ग्रामीणों से 39 लाख की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस आयुक्त के आदेश पर जंसा पुलिस ने सोमवार को तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इन आरोपियों में पिता-पुत्र भी शामिल हैं, जिन्होंने फर्जी कंपनियों की रसीदें थमाकर ग्रामीणों को ठगा। जलालपुर, महम्मदपुर, बड़ौरा, झबरा और गंगापुर के ग्रामीणों को निशाना बनाया गया। बेरुका गांव निवासी अशोक कुमार शर्मा, कृष्ण कुमार सिंह और रितेश कुमार सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज है। आरोपियों ने एलआईसी में पैसे लगाने का झांसा दिया। एलआईसी में पैसा न लगाकर फर्जी कंपनियों की रसीदें व कूटरचित बॉन्ड दिए। पीड़ितों को बताया गया कि ये कनेक्टिंग कंपनियां हैं और इनमें ज्यादा लाभ मिलेगा। आरोपियों ने किस्तों और एकमुश्त रूप में 39 लाख सात हजार रुपये हड़प लिए। पीड़ित दिनेश सोनी, खटाई, रामजी पटेल सहित कई अन्य लोगों से रुपये हड़पे गए। जब पीड़ितों ने परिपक्वता का पैसा मांगा, तो आरोपी टालमटोल करने लगे और बाद में धोखाधड़ी का खुलासा हुआ। थाना प्रभारी सत्यजीत सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
इसे भी पढ़ें; स्कूल वैन से कुचलकर मासूम की मौत: दो बड़ी बहनों की आंखों के सामने हुआ दर्दनाक हादसा, चालक मौके से भागा
डीएम कार्यालय परिसर में अधिवक्ता से मारपीट, जानलेवा हमले का आरोप
जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में एक चैंबर में सोमवार सुबह अधिवक्ता से मारपीट और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की गई। यमुना नगर कॉलोनी निवासी अधिवक्ता राहुल सिंह की तहरीर पर कैंट पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। राहुल ने पुलिस को बताया कि सुबह 11.30 बजे सुमंत रघुवंशी, अरुण कुमार सिंह, वृद्वी रघुवंशी और नीतू कुछ लोगों के साथ उनके चेंबर में घुस गए। रंजिश के चलते उन्होंने गाली-गलौज की। सुमंत और अरुण ने गला पकड़कर उन्हें जमीन पर गिरा दिया। आरोप है कि दोनों ने गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। शोर सुनकर आसपास के अधिवक्ता मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। भीड़ जुटते देख आरोपी वहां से भाग निकले। कैंट इंस्पेक्टर राजकिशोर पांडेय ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जमीन लीज पर लेने के आरोप में प्राथमिकी
कछवा रोड के गुड़िया गांव में बिजली निगम के अधिशासी अभियंता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन पर एक 70 साल की महिला को नशीला पदार्थ खिलाकर जमीन लीज पर लेने का आरोप है। यह जमीन पेट्रोल पंप निर्माण के लिए ली गई थी। शिकायतकर्ता हरिश्चंद्र ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इसकी शिकायत की थी। हरिश्चंद्र ने पुलिस को बताया कि सुनील कुमार ने उनकी मां मुंगरी देवी को नशीला पदार्थ दिया। इसके बाद पत्नी शर्मिला देवी के नाम पर कृषि योग्य जमीन का लीज करा लिया। सुनील ने जमीन पर कब्जा कर पेट्रोल पंप का निर्माण शुरू कर दिया है। हरिश्चंद्र ने आरोप लगाया कि मां से मिलने भी नहीं दिया जा रहा है। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि शिकायतकर्ता की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है।
बकाया रुपये मांगने पर बुनकर से मारपीट, चार पर प्राथमिकी
डुबकियां गांव में बकाया रुपये मांगने पर एक बुनकर कारीगर से मारपीट हुई। पुलिस ने नसीम खां की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। नसीम खां ने पुलिस को बताया कि परवेज अहमद ने साड़ी बुनाई के लिए पांच हजार एडवांस लिए थे, 1250 रुपये बकाया थे। 19 सितंबर की सुबह बकाया मांगे तो परवेज गालीगलौज करने लगा। इसके बाद परवेज ने जावेद अहमद, सुहेल अहमद और सुहेब अहमद के साथ मिलकर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से मारपीट की। बीच-बचाव करने आए कारीगर रुस्तम से भी मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
अमूल दूध खरीदने के नाम पर युवक से 1.24 लाख की साइबर ठगी
अमूल दूध खरीदने के नाम पर आकाश सिंह से 1.24 लाख रुपये की साइबर ठगी हुई। पीड़ित ने सोमवार को थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। बर्थरा खुर्द निवासी आकाश सिंह ने पुलिस को बताया कि रविवार को अज्ञात का फोन आया। खुद को पीएसी का अधिकारी बताया और थाना परिसर में होने का दावा किया। दुकान से 15 दिनों तक रोज 20 लीटर दूध खरीदने की बात कही, जिसका कुल भुगतान 21 हजार रुपये बताया गया। भुगतान के लिए बैंक खाते की जानकारी मांगी। आकाश ने अपना खाता नंबर दिया। आरोप है कि पहले 15 हजार रुपये भेजने का क्रेडिट मैसेज आया। कुछ देर बाद ठग ने 60 हजार रुपये ट्रांसफर होने की बात कहकर रकम वापस करने को कहा। बार कोड भेजकर कई बार में कुल 1,23,997 रुपये जमा कराए गए। सुबह आरोपी को फोन किया, लेकिन जवाब नहीं मिला। बैंक खाता देखने पर उसमें कोई रकम नहीं मिली। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है।
स्कूल से लौट रहे छात्र को पीटा, प्राथमिकी दर्ज
चौबेपुर थाना क्षेत्र के डुबकिया में स्कूल से घर लौट रहे कक्षा 10 के छात्र आर्यन की पिटाई के मामले में सोमवार को प्राथमिकी दर्ज की गई। पर्वतपुर निवासी आर्यन ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार दोपहर दो बजे डुबकिया निवासी अशोक यादव ने रोका और हाथ-पैर व डंडे से पीटा। पिता को गोली मारने की धमकी दी। उसने अपने भाई के दरोगा होने का भी हवाला दिया। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
खेत में मारपीट, प्रधान और भाई पर आंख में चोट पहुंचाने का आरोप
चौबेपुर थाना क्षेत्र के चिरईगांव गांव में मारपीट का मामला सामने आया है। शंभूनाथ सोनकर ने ग्राम प्रधान और उनके भाई पर मारपीट का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि इस घटना में उनकी आंख में गंभीर चोट आई है। शंभूनाथ ने पुलिस को बताया कि वह खेत में काम करने गए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों भाइयों ने उनसे मारपीट की। आरोप है कि उनकी आंख के नीचे चोट लगने से खून भी निकलने लगा। एक सप्ताह पहले ही पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में उनकी इसी आंख का ऑपरेशन हुआ था। चोट के बाद आंख में दोबारा सूजन आ गई है और वह लाल हो गई है। पीड़ित ने आशंका जताई है कि उनकी आंख की रोशनी प्रभावित हो सकती है। थाना प्रभारी अनिल शर्मा ने बताया कि तहरीर मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोटेदार ने प्रधानाध्यापिका से की गाली-गलौज, शिक्षकों में आक्रोश
फूलपुर थाना क्षेत्र के कनकपुर में सोमवार दोपहर एक प्राथमिक विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका से कोटेदार ने गाली-गलौज और मारपीट की। पीड़िता ने फूलपुर थाने में तहरीर दी है। प्राथमिक विद्यालय रतवारबेगपुर की प्रभारी प्रधानाध्यापिका शालिनी सिंह ने पुलिस को बताया कि वह रिक्शा चालक मुनिराज के साथ एमडीएम का खाद्यान्न लेने कोटेदार के यहां पहुंची थीं। खाद्यान्न रिक्शा पर लदवा दिया था। कनकपुर निवासी कोटेदार ने गालीगलौज कर धक्का दिया और उनका मोबाइल फेंक दिया। कोटेदार ने उनकी स्कूटी तोड़ने का भी प्रयास किया। शिक्षामित्र मुनिकेश सिंह और रिक्शा चालक मुनिराज ने हस्तक्षेप किया। कोटेदार ने उनके साथ भी गाली-गलौज की। किसी तरह सभी लोग वहां से निकल पाए। शिक्षकों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। उन्होंने कोटेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शिक्षकों ने चेतावनी दी है कि कार्रवाई नहीं हुई तो वे विरोध प्रदर्शन करेंगे। प्रधानाध्यापिका ने फूलपुर पुलिस और बीईओ पिंडरा से लिखित शिकायत दर्ज कराई है। फूलपुर इंस्पेक्टर अजय राज वर्मा ने बताया कि आरोपों की जांच की जा रही है।
रेस्टोरेंट संचालक पर जानलेवा हमला, दस हजार रुपये लूटे
शिवपुर थाना क्षेत्र में ओक्लाक रेस्टोरेंट के संचालक शिवेंद्र प्रताप सिंह पर शनिवार रात जानलेवा हमला कर 10 हजार रुपये लूट लिए गए। हमले में वह घायल हो गए। शिवेंद्र प्रताप सिंह ने पुलिस को बताया कि वह अपनी कार से निकल रहे थे। तभी कार में आए तीन-चार अज्ञात व्यक्तियों ने उनसे कहासुनी शुरू कर दी। बदमाशों ने रॉड और अन्य हथियारों से हमला किया। जान बचाने के लिए वह इंद्रपुर चौराहे की ओर भागे। आरोपियों ने उनका पीछा किया और मारपीट व गालीगलौज की। बदमाशों ने उनकी घड़ी, सोने की अंगूठी और चेन छीन ली। कार ले जाने का भी प्रयास किया। इस कोशिश में वहां खड़ी दो दो-पहिया गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया है। आसपास के सीसी कैमरे से आरोपियों की पहचान की जा रही है।
दुष्कर्म और धमकी देने का आरोपी गिरफ्तार
युवती से दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने के आरोपी सागर को पुलिस ने रविवार रात चांदमारी रिंगरोड अंडर पास से गिरफ्तार किया है। आरोपी थाना क्षेत्र के कानूनडीह का निवासी है। थाना प्रभारी अजीत वर्मा ने बताया कि पीड़िता ने 16 सितंबर को प्राथमिकी दर्ज कराई। आरोपी पर दुष्कर्म का आरोप था। पीड़िता ने बताया कि विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज की। उसने जान से मारने की धमकी भी दी थी।
हाथी बाजार में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, युवक घायल
जंसा थाना क्षेत्र के हाथी बाजार में सोमवार देर शाम दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में पिंकू गौंड (23) घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हाथी बाजार पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल रेफर कर दिया। जंसा के खरगूपुर निवासी पिंकू गौंड और दूसरी बाइक पर शिवपुर के चमाव निवासी अरविंद कुमार उर्फ सन्नी (30) सवार था। अरविंद इसरवार-कालिका धाम स्थित गैस प्लांट से काम कर अपने घर लौट रहा था। हाथी बाजार सब्जी मंडी के समीप सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उसकी टक्कर हो गई। जंसा थाना प्रभारी सत्यजीत सिंह ने बताया कि घायल की स्थिति सामान्य है।
युवक से मारपीट, जान से मारने की धमकी
जंसा थाना क्षेत्र के चौराहे पर उदय बजाज शोरूम में सोमवार को एक युवक के साथ मारपीट की गई। इस दौरान जान से मारने की धमकी दी गई। मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।पीड़ित अमन सिंह ने बताया कि वह जंसा चौराहे से लौटते समय उदय बाजार शोरूम में कुड़रियां गांव निवासी शिवम सिंह उर्फ गद्दारू, आदित्य सिंह और निक्कू सिंह समेत कुछ अन्य लोगों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने पिटाई की और केशरीपुर में गाली देने की बात पर धमकी दी। थाना प्रभारी सत्यजीत सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
बनारस स्टेशन में सर्कुलेटिंग एरिया में खड़ी बाइक का चालान
बनारस रेलवे स्टेशन के दूसरे प्रवेश द्वार पर सर्कुलेटिंग एरिया में बाइक खड़ी करने पर दो लोगों पर कार्रवाई हुई है। आरपीएफ ने दोनों बाइक का चालान करते हुए जुर्माना वसूला है। सोमवार को आरपीएफ ने अभियान चलाकर स्टैंड के बाहर खड़ी मोटरसाइकिलों को हटवाया और कुछ गाड़ियों को आरपीएफ पोस्ट पर ले गई।
मोटरसाइकिल मालिक के पहुचने पर उनसे जुर्माने की राशि वसूलने व भविष्य में निर्धारित स्टैंड के बाहर गाड़ी खड़ी न करने की सहमति पर उन्हें मोटरसाइकिल दी गई। आरपीएफ इंस्पेक्टर बनारस राजेश कुमार ने बताया कि अवैध तरीके से वाहन पार्किंग करने पर चालान किया गया। समय-समय पर अभियान इस तरह का चलता रहेगा।