कफ सिरप : भगोड़े शुभम और जेल में निरुद्ध पिता-पुत्र समेत 54 आरोपियों की जब्त होगी संपत्ति, एसआईटी कोर्ट सख्त
Varanasi News: कोडीन युक्त कफ सिरप तस्करी मामले में फरार 50 हजार के इनामी शुभम जायसवाल समेत 54 से अधिक आरोपियों की संपत्ति जब्त करने की तैयारी शुरू हो गई है। एसआईटी विभिन्न थानों में दर्ज मुकदमों को एकीकृत कर कोर्ट के जरिए कार्रवाई करेगी। पुलिस फरार आरोपियों और उन्हें संरक्षण देने वालों पर भी शिकंजा कस रही है। मामले में कई आरोपी पहले से जेल में बंद हैं।
विस्तार
Cougy Syrup Case: कफ सिरप मामले में भगोड़े 50 हजार के इनामी शुभम जायसवाल, वांछित प्रशांत उपाध्याय के साथ ही जेल में निरुद्ध विकास सिंह नरवे, वैभव जायसवाल, दिवेश जायसवाल, आकाश पाठक, अंकित श्रीवास्तव, प्रतीक गुजराती, पिता मनोज यादव, बेटा लक्ष्य यादव समेत 54 से अधिक आरोपियों की संपत्ति जब्त होगी। कमिश्नरेट के विभिन्न थानों में दर्ज प्राथमिकी को भी एकीकृत किया जा रहा है। एसआईटी कोर्ट के जरिए संपत्ति जब्तीकरण की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी में है।
कोडीन युक्त कफ सिरप की तस्करी के सरगना शुभम जायसवाल के पिता और शैली ट्रेडर्स का प्रोपराइटर भोला जायसवाल सोनभद्र जेल में बंद हैं। बेटा शुभम जायसवाल की तलाश में इंटरपोल भी लगी हुई है। फिलहाल नवंबर के बाद से कमिश्नरेट पुलिस को शुभम की लोकेशन नहीं मिल सकी है।
उसके विदेश में ठिकाना बनाने की बात सामने आई है। शुभम के प्रह्लाद घाट स्थित कायस्थ टोला का मकान, सिगरा के बादशाहबाग का मकान, रामकटोरा का मकान और पिंडरा की जमीन को कमिश्नरेट पुलिस और सोनभद्र पुलिस पहले ही जब्त कर चुकी है।
अपराध से अर्जित संपत्ति के जब्तीकरण की कार्रवाई कोतवाली की एसआईटी ने शुरू कर दी है। कमिश्नरेट के उच्चाधिकारियों के अनुसार, शैली ट्रेडर्स से जुड़कर तस्करी करने वाले 36 आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सारनाथ पुलिस ने नौ, रोहनिया पुलिस ने सात और रामनगर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
प्रशांत उपाध्याय को संरक्षण देने वाले रिश्तेदारों को उठाएगी पुलिस
एसआईटी की जांच में सामने आया है कि कफ सिरप मामले में वांछित मड़ौली निवासी आरोपी प्रशांत उपाध्याय को उसके कुछ रिश्तेदार संरक्षण दे रहे हैं। एसआईटी को शक है कि उसके ससुराल पक्ष से मदद की जा रही है। कुछ रिश्तेदार प्रशांत को सरेंडर कराने की भूमिका में हैं। वह अधिवक्ताओं के माध्यम से लगातार संपर्क में है।
शराब कारोबार करने वाले भी जाएंगे जेल
शुभम जायसवाल के कारोबार को संभालने वाले वैभव जायसवाल की संपत्ति का पूरा रिकॉर्ड भी एसआईटी खंगाल रही है। पिछले दो वर्षों के भीतर संपत्ति खरीदने और बेचने का पूरा ब्यौरा जुटाया जा रहा है। शराब कारोबार में वैभव जायसवाल ने कई लोगों को जोड़ रखा है। पुलिस उन्हें भी गिरफ्तार करेगी।