कोरोना वायरस: पूर्वांचल में 24 हुई कोरोना मरीजों की संख्या, सबसे ज्यादा इन जिलों में मिले
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जौनपुर में बुधवार को एक और युवक कोरोना संक्रमित पाया गया। वह सहारनपुर के देवबंद मदरसे का छात्र है। इसके साथ जौनपुर में कोरोना संक्रमण के चार मामले हो गए। जबकि वाराणसी, आजमगढ़ और मिर्जापुर मंडल के जिलों में कुल संक्रमितों की संख्या 24 पहुंच गई। इनमें 14 जमाती हैं।
जौनपुर में विभिन्न स्थानों पर क्वारंटीन 14 लोगों की बुधवार को जांच रिपोर्ट आ गई। इसमें बदलापुर तहसील क्षेत्र का 21 वर्षीय युवक कोरोना पॉजिटिव, जबकि अन्य निगेटिव मिले हैं। वह सहारनपुर के देवबंद मदरसे का छात्र है। उसे पांच अप्रैल को जिला अस्पताल में भर्ती कराकर सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। बुधवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसे आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया।
युवक के परिवार के पांच समेत 12 लोगों के सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए हैं। उसके संपर्क में आने वाले अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। जौनपुर में कोरोना के चार मरीजों के अलावा वाराणसी में नौ, गाजीपुर में पांच, आजमगढ़ में चार और मिर्जापुर में दो पॉजिटिव केस मिल चुके हैं।
उधर, आजमगढ़ में संक्रमित पाए गए तीन जमातियों की दूसरी जांच रिपोर्ट बुधवार को निगेटिव आई है। इन जमातियों में एक तेलंगाना, दूसरा आंध्र प्रदेश, तीसरा गाजियाबाद का है। आजमगढ़ में बुधवार को दो और संदिग्धों को भर्ती कराकर सैंपल भेजा गया। यहां अब तक 96 सैंपल भेजे गए थे, जिनमें से चार की रिपोर्ट पॉजिटिव और 79 की निगेटिव आई है। 13 का इंतजार है।
मिर्जापुर में संक्रमित जमाती से इलाज कराने वाली वृद्धा की मंगलवार की दोपहर क्वारंटीन कक्ष में मौत हो गई थी। वृद्धा, दो जमातियों और वृद्धा के दो परिजनों की जांच रिपोर्ट बुधवार को आ गई। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। गाजीपुर में 17 लोगों के सैंपल की रिपोर्ट का इंतजार है।
बुधवार को तीन और संदिग्धों के सैंपल जांच के लिए वाराणसी भेज दिए गए। बलिया में छह और संदिग्ध मरीज भर्ती कराए गए। इनमें चार मंगलवार की रात और दो बुधवार को लाए गए। सभी के सैंपल भेज दिए गए। मंगलवार की रात आए संदिग्ध मरीजों को जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया।
उनमें से एक ने सुबह ड्यूटी पर तैनात नर्स व स्टाफ से दुर्व्यवहार किया। उसने अपने लिए अलग से गर्म पानी और नाश्ते की मांग की। सीएमएस और पुलिस ने उसे शांत कराया। इसके अलावा जिला अस्पताल में भर्ती एक जमाती की रिपोर्ट निगेटिव आई है। यहां पहले के सभी 15सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई हैं।