'आपके गांव में तो मैं गया हूं': आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से बोले सीएम योगी, कार्यकर्ता बोली- मैं भी आपको जानती हूं
रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों बुधवार को नौवें राष्ट्रीय पोषण माह-2026 का शुभारंभ किया गया।
विस्तार
मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने देशभर से आईं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से संवाद किया। गोरखपुर की संध्या सिंह से मुख्यमंत्री की बातचीत के दौरान माहौल उस समय हल्का-फुल्का हो गया, जब मुख्यमंत्री ने कहा आपके गांव तो मैं गया भी हूं। संध्या ने जवाब दिया मैं भी आपको जानती हूं, मैंने देखा है आपको। यह सुनकर मुख्यमंत्री हंस पड़े और उनके साथ ही वहां मौजूद सभी लोग भी हंसने लगे।
मुख्यमंत्री ने ओडिशा से आई आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से भी बात की और पूछा कि उन्होंने अपने केंद्र को आदर्श बनाने के लिए क्या-क्या काम किए हैं। कार्यकर्ता से केंद्र पर किए गए बदलावों और गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। इसी तरह केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने गांधीनगर, गुजरात से आई भावना से संवाद किया। भावना ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति अब काफी बेहतर हुई है। लोगों का केंद्रों के प्रति भरोसा बढ़ा है। वे अपने बच्चों को वहां भेज रहे हैं। तमिलनाडु के तिरुवन्नामलाई से आई आर शंकरी ने बताया कि जन्म से छह माह तक शिशुओं के स्वास्थ्य और विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम के शुभारंभ के दौरान सचिव महिला एवं बाल विकास अनिल मलिक ने मुख्य अतिथि को अंगवस्त्रम एवं स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प एवं पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ दयाशंकर मिश्र दयालु, एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, बाल पुष्टाहार राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, महापौर अशोक तिवारी, एमएलसी राय धर्मेंद्र सिंह, विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, त्रिभुवन राम, डॉ सुनील पटेल, अपर मुख्य सचिव वीना जौहरी, मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, डीएम सत्येंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार समेत अन्य मौजूद रहे।
पोषण अभियान को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा: मंत्री बेबी रानी मौर्य
उत्तर प्रदेश में नौवें राष्ट्रीय पोषण माह-2026 के तहत पोषण अभियान को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। प्रदेश की महिला एवं बाल विकास कल्याण मंत्री बेबी रानी मौर्य ने इस अभियान में जन भागीदारी को अत्यंत आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि यह एक बड़ा सामाजिक संदेश है, जिसमें समुदाय का सहयोग महत्वपूर्ण है। मंत्री मौर्य ने जोर दिया कि अभियान में सहयोग करने वाले अभिभावकों का भी सम्मान किया जा रहा है। उन्होंने बच्चों को देश की नींव बताया। उनका कहना था कि यदि भारत को विकसित करना है, तो बच्चों को पोषित करना अनिवार्य है। बच्चों के पोषण की बड़ी जिम्मेदारी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं पर है। सरकार मातृवंदन योजना के तहत स्वास्थ्य की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। यह योजना माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में सहायक है। अभियान का लक्ष्य आंगनबाड़ी केंद्रों को केवल पोषण वितरण तक सीमित न रखकर बच्चों के समग्र विकास का केंद्र बनाना है।
मां अन्नपूर्णा की धरती से पूरे देश को पोषण का संदेश: सावित्री ठाकुर
केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि मां अन्नपूर्णा की धरती से हम पूरे देश को पोषण का संदेश दे रहे हैं। एक बच्चे के जीवन में शुरू के दो वर्ष का समय बहुत जरूरी होता है। इस दौरान अच्छा पोषण मिलना बहुत आवश्यक है। इस पूरी यात्रा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण हैं और वह अपना काम अच्छे से कर रही हैं। मातृ वंदना योजना के माध्यम से हम महिलाओं को आर्थिक रूप से संबल कर रहे हैं। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान ने समाज की सोच को बदला है।
#WATCH | Varanasi | At the launch event of the 9th National Nutrition Month, Uttar Pradesh Chief Minister Yogi Adityanath says, "We sometimes wonder why such a system was not part of the government's agenda before 2014. Grand announcements used to be made, yet why did the… pic.twitter.com/69wW479wcF
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) September 9, 2026
'शास्त्र कहते हैं शुद्ध और संतुलित आहार ही जीवन का आधार है'
केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि हम आज काशी से पोषण माह के राष्ट्रीय संकल्प को पूरे देश में आगे बढ़ा रहे हैं। शास्त्र कहते हैं शुद्ध और संतुलित आहार ही जीवन का आधार है। यह जनभागीदारी से पूर्ण होगा। इसमें समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपनी सक्रिय भागीदारी निभा सकता है। यह अभियान विकसित भारत के लिए अहम पड़ाव है। पीएम ने कहा जिस प्रकार बड़ी इमारत के लिए नींव का मजबूत होना आवश्यक है उसी तरह विकसित भारत के लिए स्वस्थ्य बचपन बहुत जरूरी है। योगी सरकार ने दिखाया है कैसे जनहित में योजनाओं को लागू किया जा सकता है। योगी सरकार ने उप्र में 24 हजार आंगनबाड़ी केंद्रों पर आधुनिक वातावरण तैयार किया है।