वाराणसी में दो समुदायों में भिड़ंत: क्रिकेट का विवाद...घर में घुसकर तोड़फोड़, टोटो-चार बाइक तोड़े; एक घायल
Varanasi Crime: उपद्रव की सूचना मिलते ही जंसा थाना क्षेत्र की पुलिस और पीएसी माैके पर तैनात हो गई। आरोप है कि उपद्रवियों ने घर में घुसकर तोड़फोड़ की। गांव वालों ने हंगामा करने वालों को दाैड़ाया तो सभी भाग निकले।
विस्तार
जंसा थाना क्षेत्र के परमंदापुर गांव में क्रिकेट खेलने को लेकर उपजे विवाद के बाद दो समुदायों के बीच जमकर मारपीट और ईंट-पत्थर चले। हमले में एक वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि कुछ घरों व बाइक में तोड़फोड़ भी की गई। मौके पर पहुंची एसीपी समेत दो थानों की पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। तनाव को देखते हुए पीएसी तैनात कर दी गई है।
परमंदापुर गांव के पंचायत भवन के पास एक जनवरी से क्रिकेट प्रतियोगिता चल रही थी। सोमवार देर शाम परमंदापुर और परमपुर गांव के बीच मैच खेला जा रहा था। मैच देखने परमपुर गांव के 24 लोग मौजूद थे। इसी दौरान क्रिकेट कमेटी और दर्शकों के बीच गालीगलौज होने लगी।
आरोप है कि कुछ देर बाद परमपुर व सजोई तितखोरी गांव के युवक घर लौटते समय मुस्लिम बस्ती में पहुंच गए और कुछ लोगों के घरों में पथराव और बाइक क्षतिग्रस्त कर दी। दर्जनों घरों के बिजली मीटर भी तोड़ दिए गए। वहां से गुजर रहे सद्दाम पर ईंट से हमला किया।
गांव वालों ने पलटवार किया और पत्थरबाजी कर उपद्रवियों को दौड़ा लिया। एसीपी राजातालाब अजय कुमार श्रीवास्तव के साथ जंसा और राजातालाब थाने की पुलिस ने स्थिति को संभाला। उपद्रवियों में शामिल दो लोगों को हिरासत में लिया।
इस मामले में एसीपी राजा तालाब अजय कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि मुस्लिम पक्ष सद्दाम की तरफ से तहरीर मिली है जांच कर मुकदमा दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाएगी इतियात के तौर पर मौके पर डेढ़ सेक्शन पीएसी बल तथा गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और पुलिस चक्रमण कर रही है।