वाराणसी: प्रदेश सरकार के खिलाफ धरने पर बैठे लोग, पहड़िया-गाजीपुर मार्ग को बंद कर की ये मांग
वाराणसी में प्रदेश सरकार के खिलाफ लोग सड़क पर उतर आए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एनएच-29 को जाम कर धरने पर बैठ गए। जिले के आशापुर गांव के पूर्व प्रधान नागेश्वर मिश्रा के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या लोगों ने आशापुर रेलवे ट्रैक के ऊपर बन रहे ओवर ब्रिज के पास चक्का जाम कर धरने पर बैठ गए और पहड़िया-गाजीपुर मार्ग को बंद कर दिया।
इससे लगभग डेढ़ घंटे तक आवागमन पूरी तरह से बाधित रहा। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी विजय बहादुर सिंह ने समझा-बुझाकर राष्ट्रीय राजमार्ग को खुलवाया। सोमवार को 11 बजे धरने पर बैठे पूर्व प्रधान नागेश्वर मिश्रा व प्रधान पति संतोष पांडे ने मांग की कि आशापुर से लेकर गांधी आश्रम तक खस्ताहाल हुई सड़क को जल्दी ठीक कराया जाए।
उनका कहना है कि अगर सड़क का निर्माण नहीं हुआ तो रोज धरना देने की चेतावनी दी है। चक्का जाम के वजह से काफी संख्या में चार पहिया व दो पहिया वाहनों की लंबी कतार लगी रही। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी विजय बहादुर सिंह ने मौके पर पहुंचकर उन्हें आश्वासन देकर रोड को खुलवाया। उनका कहना है कि अगर 10 दिन के अंदर सड़क पूरी तरह से नहीं बनती है तो दोबारा इससे बड़े धरने के लिए हम तैयार हैं।