Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Supreme Court Tightens Rules on Property Attachment Under PMLA Defines Role of Judicial Members

पीएमएलए के तहत संपत्ति जब्ती पर सुप्रीम कोर्ट सख्त: तय की न्यायिक सदस्य की भूमिका, केंद्र की दलील क्यों खारिज?

Thu, 26 Nov 2026 10:35 PM IST
हिमांशु सिंह चंदेल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली। Published by: हिमांशु सिंह चंदेल Updated Thu, 26 Nov 2026 10:35 PM IST
सार

सुप्रीम कोर्ट ने पीएमएलए के तहत संपत्ति जब्ती की पुष्टि करने वाली पीठ में न्यायिक सदस्य की मौजूदगी अनिवार्य कर दी है। अदालत ने केंद्र को 2009 के संशोधन पर पुनर्विचार करने की सलाह भी दी। अब तक संपत्ति अटैच करने के 3,639 अंतरिम आदेश जारी हो चुके हैं। लेकिन न्यायिक सदस्य के बिना लिए गए फैसलों पर इसका क्या असर पड़ेगा? क्या पुरानी व्यवस्था फिर बहाल होगी? आइए, विस्तार से मामले को जानते हैं...

विज्ञापन
Supreme Court Tightens Rules on Property Attachment Under PMLA Defines Role of Judicial Members
केंद्र की दलील को सुप्रीम कोर्ट ने क्यों नहीं माना? - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

मनी लॉन्ड्रिंग के मामलों में किसी की संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने अहम फैसला सुनाया है। अदालत ने साफ किया है कि संपत्ति अटैच करने की पुष्टि करने वाली प्राधिकरण की पीठ में न्यायिक सदस्य का होना जरूरी है। यानी सिर्फ गैर-न्यायिक सदस्य किसी की संपत्ति जब्त करने के अंतिम फैसले की पुष्टि नहीं कर सकता। अदालत ने कहा कि ऐसे फैसलों का संबंधित व्यक्ति पर गंभीर असर पड़ता है, इसलिए उनमें कानूनी समझ और निष्पक्ष सुनवाई जरूरी है।

विज्ञापन


सीजेआई जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने केंद्र सरकार को 2009 के संशोधन पर फिर से विचार करने और उससे पहले वाली व्यवस्था बहाल करने की सलाह दी है। 55 पन्नों के फैसले में सीजेआई ने कहा कि मनी लॉन्ड्रिंग निवारण अधिनियम यानी पीएमएलए की धारा 8(2) और 8(3) के तहत संपत्ति जब्ती की पुष्टि करने वाली पीठ में कानून का अनुभव रखने वाला सदस्य शामिल होना चाहिए। अदालत ने स्पष्ट किया कि गैर-न्यायिक सदस्य धारा 8(1) के तहत कारण बताओ नोटिस जारी कर सकता है, लेकिन उसके बाद की सुनवाई और संपत्ति अटैच करने की पुष्टि का फैसला न्यायिक सदस्य की भागीदारी वाली पीठ ही करेगी।
विज्ञापन


संपत्ति जब्ती के फैसले में न्यायिक सदस्य क्यों जरूरी है?
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि संपत्ति अटैच करने की पुष्टि होने पर संबंधित व्यक्ति को आपराधिक मुकदमे का अंतिम फैसला आने से पहले ही लंबे समय तक अपनी संपत्ति के इस्तेमाल और उससे मिलने वाले लाभ से वंचित होना पड़ सकता है। इसलिए इस तरह के फैसले में स्वतंत्र और निष्पक्ष कानूनी विचार जरूरी है। अदालत ने यह भी कहा कि बाद में अपीलीय न्यायाधिकरण या हाईकोर्ट में अपील करने का विकल्प शुरुआती स्तर पर न्यायिक सदस्य की मौजूदगी की जरूरत को खत्म नहीं कर सकता। यानी संपत्ति जब्ती की पुष्टि करते समय ही कानूनी जांच और निष्पक्षता सुनिश्चित होनी चाहिए।
विज्ञापन
विज्ञापन


अब तक कितने अंतरिम आदेश जारी किए गए हैं?
पीठ ने बताया कि 31 मार्च 2012 से अब तक संपत्ति अटैच करने के 3,639 अंतरिम आदेश जारी किए जा चुके हैं। मामलों की बढ़ती संख्या और 180 दिनों के भीतर फैसला देने की कानूनी समय-सीमा के कारण प्राधिकरण के सदस्यों पर काम का दबाव बढ़ रहा है। अदालत ने इस व्यवस्था के असर को भी रेखांकित किया। उसके मुताबिक, संपत्ति अटैच करने की पुष्टि का फैसला किसी व्यक्ति को लंबे समय तक उसकी संपत्ति के लाभ से दूर कर सकता है। ऐसे में जल्दबाजी के बजाय निष्पक्ष और कानूनी प्रक्रिया का पालन जरूरी है।

केंद्र की दलील को सुप्रीम कोर्ट ने क्यों नहीं माना?
केंद्र सरकार ने दलील दी थी कि एनडीपीएस, सफेमा, बेनामी कानून और सीमा शुल्क कानून के तहत काम करने वाले प्राधिकरणों में न्यायिक सदस्य की मौजूदगी जरूरी नहीं है। सुप्रीम कोर्ट ने इस तर्क को स्वीकार नहीं किया। अदालत ने कहा कि इन कानूनों के प्रावधान पीएमएलए के समान नहीं हैं, इसलिए उनके आधार पर पीएमएलए में भी न्यायिक सदस्य की जरूरत खत्म नहीं की जा सकती। हालांकि, पीठ ने यह भी स्पष्ट किया कि न्यायिक सदस्य का प्राधिकरण का अध्यक्ष होना जरूरी नहीं है। वह पीठ के सदस्य के रूप में भी अपनी भूमिका निभा सकता है।


सुप्रीम कोर्ट के फैसले से किन मामलों पर असर पड़ेगा?
यह फैसला दिल्ली, कलकत्ता और तेलंगाना हाईकोर्ट के उन फैसलों के खिलाफ दायर अपीलों पर आया है, जिनमें न्यायिक सदस्य के बिना एक सदस्यीय पीठ की कार्यवाही को वैध माना गया था। सुप्रीम कोर्ट ने उन फैसलों में बदलाव करते हुए लंबित शिकायतों और आवेदनों का निपटारा अपने तय सिद्धांतों के अनुसार करने का निर्देश दिया। अदालत ने स्पष्ट किया कि यह व्यवस्था भविष्य में लागू होगी। बिंदुवार तरीके से समझें फैसले के मुख्य निर्देश-

  • पीएमएलए की धारा 8(1) के तहत गैर-न्यायिक सदस्य कारण बताओ नोटिस जारी कर सकता है।
  • धारा 8(2) और 8(3) के तहत सुनवाई और संपत्ति अटैच करने की पुष्टि वाली पीठ में न्यायिक सदस्य जरूरी होगा।
  • न्यायिक सदस्य का प्राधिकरण का अध्यक्ष होना अनिवार्य नहीं है।
  • केंद्र सरकार को 2009 के संशोधन पर पुनर्विचार कर पुरानी व्यवस्था बहाल करने की सलाह दी गई है।
  • लंबित शिकायतों और आवेदनों का निपटारा सुप्रीम कोर्ट के तय सिद्धांतों के आधार पर किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed