भदोही: चारपाई पर मृत मिली दिव्यांग महिला, गले पर निशान मिलने से हत्या की आशंका
भदोही के गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के गोपपुर में 42 वर्षीय दिव्यांग महिला का शव घर के कमरे में चारपाई पर मिला। महिला के गले पर निशान होने से परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम की मदद से जांच की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
विस्तार
गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के गोपपुर चौराहे के पास रविवार को एक दिव्यांग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर के कमरे में चारपाई पर पड़ा मिला। महिला के गले पर निशान मिलने से परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम की मदद से जांच-पड़ताल की। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
खाना देने पहुंचे परिजन तो मिली मौत की जानकारी
गोपपुर निवासी गुड़िया गौतम (42) दिव्यांग थीं। उनका एक पैर पूरी तरह खराब था। उनके पति की करीब तीन साल पहले बीमारी से मौत हो गई थी। घर में जेठ कलाशंकर और रमाशंकर का परिवार रहता है। जेठ रमाशंकर के अनुसार परिवार के सदस्य ही गुड़िया की देखभाल करते थे। रविवार दोपहर परिवार का एक सदस्य उन्हें खाना देने कमरे में पहुंचा तो वह चारपाई पर अचेत अवस्था में पड़ी मिलीं। उनके गले पर भी निशान थे। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
हत्या की आशंका जताकर पुलिस को दी सूचना
मौके पर पहुंची पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना को लेकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि अभी तक कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। जेठ रमाशंकर के बेटे बृजेश्वर गौतम ने पुलिस को घटना की सूचना दी और हत्या की आशंका जताई। उन्होंने बताया कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।
