आजमगढ़: महिला के बैग से ढाई लाख के जेवर पार, दो युवकों पर चोरी का शक; ऑटो चालक ने सामान पीछे रखने को कहा था
आजमगढ़ में शादी समारोह में जा रही महिला के बैग से ऑटो में सफर के दौरान करीब ढाई लाख रुपये के सोने के जेवर गायब हो गए। बवाली मोड़ से मीरिया के बीच हुई घटना में ऑटो में पहले से बैठे दो अज्ञात व्यक्तियों पर शक है। परिवार बृहस्पतिवार को पुलिस को तहरीर देगा।
विस्तार
शादी समारोह में शामिल होने के लिए निकली महिला को ऑटो में सफर करना भारी पड़ गया। रास्ते में उसके बैग से करीब ढाई लाख रुपये के सोने के जेवर गायब हो गए। महिला को इसकी भनक तक नहीं लगी। घर पहुंचकर बैग खोला तो उसमें रखा हार, चेन और अंगूठी गायब मिले। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। महिला ने ऑटो में पहले से सवार दो अज्ञात व्यक्तियों पर जेवर चोरी करने का शक जताया है।
बरदह थाना क्षेत्र के सोहौली गांव निवासी बाला राय (45) पत्नी आलोक राय मंगलवार दोपहर कंधरापुर थाना क्षेत्र के जमीन फरेंदा निवासी अपने मामा श्रवण राय के बेटे के वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से निकली थीं। वह बस से नरौली पहुंचीं। वहां से ई-रिक्शा पकड़कर बवाली मोड़ गईं। इसके बाद उन्होंने मीरिया जाने के लिए एक ऑटो में सवारी की।
कार्रवाई के दाैरान
बताया जा रहा है कि ऑटो में पहले से दो व्यक्ति बैठे हुए थे। चालक ने बाला राय से अपना बैग पीछे रखने के लिए कहा। उन्होंने बैग पीछे रख दिया। ऑटो चलने लगा तो पहले से बैठे दोनों व्यक्ति भी पीछे जाकर बैठ गए। इसके बाद ऑटो बवाली मोड़ से मीरिया के लिए रवाना हो गया। इस दौरान महिला को बैग से जेवर निकाले जाने की जानकारी नहीं हुई।
मीरिया पहुंचने पर बाला राय ऑटो से उतर गईं। वहां उन्हें लेने आए एक युवक के साथ बाइक से घर पहुंचीं। घर पर पानी पीने के बाद जब उन्होंने बैग खोला तो उसमें रखे सोने के जेवर गायब मिले। बैग में रखा एक हार, चेन और अंगूठी नहीं थी। जेवरों की अनुमानित कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई जा रही है।
बाला राय के मामा श्रवण राय ने बताया कि घर में शादी का कार्यक्रम होने के कारण अभी पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है। बृहस्पतिवार को कोतवाली में तहरीर दी जाएगी। इसके बाद पुलिस से कार्रवाई की मांग की जाएगी।
