Varanasi: अतीक अहमद और अशरफ को बताया पिंजरे में कैद शेर, फेसबुक पर पोस्ट लिखने वाला युवक गिरफ्तार
वाराणसी के गड़हिया पोखरा निवासी मोहम्मद आलम उर्फ मोनू पहलवान अपने फेसबुक अकाउंट से अतीक और अशरफ की फोटो शेयर की थी। फोटो में ऊपर लिखा था कि पिंजरे में कैद शेर का शिकार किया है।
विस्तार
प्रयागराज में बदमाशों के हाथों मारे गए माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ अहमद को लेकर फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट करने के आरोप में कैंट थाने की पुलिस ने वाराणसी के गड़हिया पोखरा निवासी मोहम्मद आलम उर्फ मोनू पहलवान को गिरफ्तार किया। मोहम्मद आलम से पुलिस ने लंबी पूछताछ की। इसके बाद शांतिभंग के आरोप में उसका चालान किया।
मोहम्मद आलम उर्फ मोनू पहलवान ने अपने फेसबुक अकाउंट से अतीक और अशरफ की फोटो शेयर की थी। फोटो में ऊपर लिखा था कि पिंजरे में कैद शेर का शिकार किया है। कभी खुले शेर का शिकार करना, तुम्हारी नस्लें तक तबाह हो जाएंगी। इसका स्क्रीन शॉट लेकर किसी ने ट्वीट कर कमिश्नरेट की पुलिस से शिकायत कर दी।
हरकत में आई पुलिस मोहम्मद आलम को नदेसर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में पता लगा कि वह प्रयागराज में नंबर टेकर है। पार्टनरशिप में बस भी चलवाता है। इस संबंध में इंस्पेक्टर कैंट प्रभुकांत ने बताया कि युवक गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ कर उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
गालीगलौज का विरोध करने पर बुजुर्ग पर जानेलवा हमला
छितौनी (कोट) निवासी बुजुर्ग बैजनाथ पाल पर उनके गांव के ही मनबढ़ लोगों ने हमला किया। बुजुर्ग ने शोर मचाया तो बीचबचाव करने आए लोगों की भी पिटाई की गई। हमले में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बुजुर्ग के बेटे पवन पाल की तहरीर के आधार पर रोहनिया थाने में छितौनी (कोट) निवासी राजाराम, सुजीत, मनोज, मनीष, सतीश और बड़कू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
रोहनिया थाना क्षेत्र के छितौनी (कोट) निवासी पवन पाल ने बताया कि बुधवार की रात उनके पिता खेत से घर आ रहे थे। रास्ते में गांव के ही मनबढ़ किस्म के राजाराम, सुजीत, मनोज, मनीष, सतीश और बड़कू उनके पिता को घेर कर गालीगलौज करने लगे। उनके पिता ने गालीगलौज का विरोध किया तो सभी ने लाठी-डंडे और रॉड से उनके पिता पर हमला कर दिया। हमले में उनके पिता के सिर, चेहरे और रीढ़ की हड्डी पर गंभीर चोट लगी है और वह आईसीयू में भर्ती हैं। इस संबंध में रोहनिया थाना प्रभारी उपेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।