Akanksha Dubey Case: भोजपुरी गायक समर सिंह के खिलाफ लुकआउट नोटिस की तैयारी, पुलिस को विदेश भागने का शक
बीते 26 मार्च की सुबह आकांक्षा दुबे सारनाथ क्षेत्र स्थित एक होटल के कमरा नंबर 105 में मृत पड़ी मिली थीं। आकांक्षा की मां की तहरीर के आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में समर सिंह और संजय सिंह के खिलाफ सारनाथ थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
विस्तार
भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत के मामले में नामजद आरोपी समर सिंह और संजय सिंह फरार हैं। दोनों की तलाश में पूर्वांचल से लेकर बिहार और मुंबई तक उसके संभावित ठिकानों पर पुलिस की दबिश जारी है। वहीं, समर सिंह देश छोड़ कर भागने न पाए, इसके मद्देनजर उसके खिलाफ पुलिस लुक आउट नोटिस जारी करने संबंधी कागजी कार्यवाही कर रही है।
बीते 26 मार्च की सुबह आकांक्षा दुबे सारनाथ क्षेत्र स्थित एक होटल के कमरा नंबर 105 में मृत पड़ी मिली थीं। भदोही जिले के बरदहां गांव की रहने वाली मां मधु दुबे की तहरीर के आधार पर उनकी बेटी आकांक्षा को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में समर सिंह और संजय सिंह के खिलाफ सारनाथ थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
समर की तलाश में कई शहरों में दबिश
पुलिस ने आजमगढ़ के मेंहनगर स्थित समर सिंह के घर से लेकर पूर्वांचल के अलग-अलग जिलों, मुंबई और बिहार तक छापा मारा, लेकिन दोनों आरोपियों का पता नहीं लगा।
ये भी पढ़ें: क्या है आकांक्षा दुबे की आखिरी रात का राज, होटल का CCTV फुटेज पहली बार सामने आया
इधर, आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज आकांक्षा की मां मधु दुबे अपने परिजनों और जनसत्ता पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ सारनाथ थाने पहुंची। थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ और पुलिस विरोधी नारेबाजी की गई।
'पुलिस की मिलीभगत समर सिंह फरार'
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने पुलिस-प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए घेराव कर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। मधु दुबे ने कहा कि पुलिस की मिलीभगत से भोजपुरी गायक समर सिंह और उसके भाई संजय सिंह की गिरफ्तारी नहीं हो पा रही है। प्रदर्शन के दौरान रोती-बिलखती हुई मधु दुबे अचेत भी हो गईं। मधु दुबे ने कहा कि अगर आरोपी जल्द पकड़े नहीं गए तो वह जान दे देंगी। लगभग सवा घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद पुलिस अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्त में होंगे, तब जाकर मधु दुबे सहित अन्य लोग शांत हुए।
जो युवक रात में आया था उसे क्यों छोड़ा गया
मधु दुबे ने कहा कि शनिवार रात उनकी बेटी आकांक्षा को छोड़ने टिकरी निवासी एक युवक होटल में आया था। वह आकांक्षा के कमरे में 17 मिनट तक रुका था। पुलिस ने उसे पकड़ कर क्यों छोड़ दिया। वह इस पूरे प्रकरण की एक अहम कड़ी साबित हो सकता है। होटल प्रबंधन की खामियों के लिए अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई। मधु दुबे ने कहा कि अगर 24 घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर गुहार लगाएंगी। इसके साथ ही आकांक्षा की मौत की सीबीआई जांच की मांग भी करेंगी।