खुशखबरी: अब बनारस से देहरादून के लिए लें हवाई सफर का आनंद, एयर इंडिया ने आज शुरू की विमान सेवा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
धार्मिक नगरी काशी से देहरादून के लिए शनिवार से सीधी विमान सेवा शुरू हो गई। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा पर विमान पहुंचते ही वाटर कैनन से सैल्यूट दिया गया। एयर इंडिया के विमान एआई 689 ने देहरादून से दोपहर 2 बजे उड़ान भरी और 3:25 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचा। विमान में 114 यात्री सवार थे। इसी विमान ने एआई 690 बनकर 113 यात्रियों को लेकर 4:20 बजे वाराणसी एयरपोर्ट से देहरादून के लिए उड़ान भरी।
सीधी विमान सेवा शुरू होने से दोनों शहरों के साथ ही आसपास के जिलों में रहने वाले यात्रियों को सहूलियत होगी। यह विमान सप्ताह में दो दिन बुधवार और शनिवार को संचालित होगा। एयर इंडिया की जनरल मैनेजर उत्तरी जोन दिव्या मोहन और डिप्टी जनरल मैनेजर वंदना शर्मा ने विमान का वाराणसी एयरपोर्ट पर स्वागत किया। एयर इंडिया के स्थानीय स्टेशन मैनेजर आतिफ इदरीस ने बताया कि सीधी विमान सेवा शुरू होने से सैलानियों को लाभ मिलेगा। यात्रियों की अच्छी संख्या मिली है।
एयरपोर्ट से होता है विमानों का संचालन
वाराणसी एयरपोर्ट से दिल्ली के बीच का हवाई मार्ग सबसे अधिक व्यस्त है। दिल्ली-वाराणसी के बीच इस समय 10 विमानों का संचालन किया जा रहा है। इसके बाद सबसे ज्यादा विमान मुंबई के लिए संचालित होते हैं। हर दिन छह विमानों का संचालन हो रहा है। वहीं कोलकाता के लिए पांच, चेन्नई के लिए तीन, हैदराबाद के लिए तीन, बेंगलूरू के लिए दो, अहमदाबाद के लिए दो विमानों का संचालन हो रहा है। अंतरराष्ट्रीय मार्ग पर बैंकाक, काठमांडू, शारजाह, कोलंबो, मलएशिया आदि के लिये भी विमान संचालित हो रहे हैं। इंडिगो, स्पाइसजेट, विस्तारा, एयर इंडिया के विमान इस रूट पर चल रहे हैं।
अक्तूबर में तीन और नवंबर में शुरू होगी एक विमान सेवा
स्पाइसजेट एयरलाइंस 27 अक्तूबर से दिल्ली और जयपुर के लिए विमान सेवा शुरू करेगा। इसे कुछ महीने पहले बंद किया गया था, जिसे रि-शेड्यूल किया गया है। वहीं, हैदराबाद के लिए विमान सेवा 27 अक्तूबर से शुरू हो रही है। दो नवंबर से बंगलूरू के लिए सीधी विमान सेवा शुरू होगी।