ढाई घंटे की सर्जरी के बाद महिला के पेट से निकला पांच किलो का ट्यूमर
उजाला सिग्नस हॉस्पिटल भेलूपुर में हुआ आपरेशन
छह साल पहले बीएचयू में हो चुकी थी सर्जरी, नहीं दूर हुई समस्या
विस्तार
कोरोना काल में पेट में ट्यूमर से परेशान 42 वर्षीय एक महिला की उजाला सिग्नस हॉस्पिटल भेलूपुर में शुक्रवार को सफल सर्जरी की गई। ढाई घंटे तक चली सर्जरी में डॉक्टरों की टीम ने महिला के पेट से करीब पांच किलो का ट्यूमर निकाला। इसके बाद वह स्वस्थ है और डॉक्टरो की टीम उसकी निगरानी कर रही है।
42 वर्षीय पूनम जायसवाल के परिजनों के मुताबिक छह साल पहले उन्होंने बीएचयू में भी सर्जरी कराई थी, लेकिन समस्या दूर नहीं हुई। करीब एक साल से उसके पेट में किडनी के पास काफी दर्द बना हुआ था। लगातार जांच और इलाज के बाद भी जब कहीं से राहत नहीं मिली तो करीब एक सप्ताह पहले ही उजाला सिग्नस हॉस्पिटल भेलूपुर में महिला को लेकर परिजन आए।
कोविड जांच के बाद सर्जरी का फैसला
यहां कोविड टेस्ट सहित अन्य जरूर जांच के बाद डॉक्टरों ने सर्जरी करने का फैसला लिया। उजाला सिग्नस हॉस्पिटल में डॉ. विनीता श्रीवास्तव, डॉ. तरुण गुप्ता, डॉ. प्रियरंजन की टीम ने शुक्रवार को दिन में महिला की सर्जरी कर किडनी के पास से पांच किलो का ट्यूमर निकाला। डॉ. विनीता ने बताया कि ट्यूमर होने से महिला का पेट फूल गया था। सर्जरी के बाद महिला पूरी तरह से स्वस्थ है, उसे किसी तरह की कोई परेशानी नहीं है। डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है।