वाराणसी में हादसे: दो युवकों की मौत, बाइक की टक्कर से मजदूर ने तोड़ा दम; अज्ञात वाहन ने राहगीर को कुचला
बीती रात दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। बीकापुर में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से बिहार निवासी मजदूर सुनील साहनी की जान चली गई। शहावाबाद में अज्ञात वाहन ने एक व्यक्ति को कुचल दिया। दूसरे मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
विस्तार
वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र में रविवार रात हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। बीकापुर में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से पैदल जा रहे मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शहावाबाद में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। दूसरे मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पहली घटना बीकापुर स्थित सर्विस रोड की है। मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर थाना क्षेत्र के पुरैनिया गांव निवासी सुनील साहनी (25) जगतपुर में रहकर मजदूरी करते थे। रविवार रात वह बीकापुर की सर्विस रोड से पैदल जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुनील सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
त्योहार पर छाया मातम
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्चरी भिजवाया और परिजनों को घटना की जानकारी दी। मृतक के भाई राजकुमार ने बताया कि सुनील तीन भाइयों में सबसे छोटा था। परिवार में पत्नी नीलू देवी, एक बेटा और एक बेटी हैं। उसकी मौत की खबर मिलते ही पिता बैजू साहनी, मां जोखनिया देवी और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
दूसरी घटना शहावाबाद की है। यहां सड़क से गुजर रहे एक व्यक्ति को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। वाहन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास किया। हालांकि, काफी प्रयास के बाद भी उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस के अनुसार, मृतक देखने से मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रहा है।
प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि दोनों मामलों में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। बीकापुर में घटनास्थल से बरामद बाइक के नंबर के आधार पर उसके मालिक और चालक का पता लगाया जा रहा है। वहीं, दूसरे मृतक की पहचान कराने का प्रयास जारी है।