वाराणसी: जम्मू जेल में बंद 49 आतंकवादी और अलगाववादी सेंट्रल जेल में शिफ्ट, हाई सिक्योरिटी बैरक में रहेंगे
वाराणसी सेंट्रल जेल में रविवार को जम्मू जेल में बंद 49 आतंकवादियों और अलगाववादियों को शिफ्ट किया गया है। इन बंदियों को वायुसेना के विशेष विमान से वाराणसी लाया गया।
-
- 1
-
Link Copied
विस्तार
वाराणसी सेंट्रल जेल में रविवार को जम्मू जेल में बंद 49 आतंकवादियों और अलगाववादियों को शिफ्ट किया गया है। इन बंदियों को वायुसेना के विषेष विमान से वाराणसी लाया गया। बाबतपुर एयरपोर्ट से छह वाहनों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सेंट्रल जेल में शिफ्ट किया गया। इस दौरान केंद्रीय पुलिस बल और स्थानीय पुलिस दस्ता भी साथ रहा।
जेल प्रशासन के अनुसार जम्मू जेल में बंद आतंकवाद और अलगाववाद सहित तमाम मामलों में अभियोग का सामना कर रहे 49 बंदियों को सेंट्रल जेल लाया गया है। रविवार सुबह जम्मू जेल से सभी को विशेष विमान से वाराणसी एयरपोर्ट रवाना किया गया।
गोपनीय रखी गई यह कार्रवाई
एयरपोर्ट पर बंदियों की गिनती के बाद वाहन में बैठाने के साथ ही सेंट्रल जेल ले जाने की कार्रवाई दोपहर 12 बजे तक पूरी की गई। एयरपोर्ट पर सीओ पिंडरा अभिषेक पांडेय, सीओ बड़ागांव जगदीश कालीरमन, थाना प्रभारी फूलपुर के अलावा भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात रही। वाराणसी में बंदियों के स्थानांतरण को लेकर यह कार्रवाई काफी गोपनीय रखी गई।
जेल में दोपहर एक बजे तक सभी बंदियों को जाने के बाद उनके अपराध की प्रकृति की जानकारी के अनुसार सभी को अलग-अलग हाई सिक्योरिटी बैरक में रखने की तैयारी शुरू की गई। माना जा रहा है कि शाम तक सभी बंदियों को बैरक में दाखिल करने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
वहीं वर्ष 2019 में भी इसी प्रकार के कई बंदी प्रदेश की विभिन्न जेलों में भेजे गए थे। उन सभी पर पब्लिक सेफ्टी एक्ट की कार्रवाई की गई थी। माना जा रहा है कि यह सभी बंदी भी इसी मामले में सेंट्रल जेल भेजे गए हैं।