फतेहपुर चौरासी। जिला वॉलीबाल एसोसिएशन की ओर से क्षेत्र के ऊगू कस्बे में आयोजित दो दिवसीय टूर्नामेंट में सीनियर वर्ग में जहां आशा हॉस्पिटल की टीम विजेता बनी। वहीं, जूनियर वर्ग में आसीवन की टीम ने बाजी मारते हुए ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
कस्बा स्थित सीपीटीएन इंटर कालेज में रविवार को सीनियर वर्ग के फाइनल मैच में आशा हॉस्पिटल की टीम ने कुरसठ टीम को हराया। वहीं जूनियर वर्ग में आसीवन की टीम ने आशा हॉस्पिटल को मात दी । फाइनल मैच शुरू होने से पहले मैदान में जाकर निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष संगीत सिंह सेंगर, कांग्रेस नेत्री आरती वाजपेई व उत्तर प्रदेश वॉलीबाल एसोसिएशन के महासचिव सुनील कुमार तिवारी ने टीमों में शामिल खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर हौसला बढ़ाया।
ऊगू नगर पंचायत के चेयरमैन अनुज दीक्षित, संत कुमार त्रिवेदी, अश्विनी शुक्ला, कुलदीप शुक्ल व श्यामानुज पांडेय मौजूद रहे। प्रतियोगिता के संयोजक लईक अहमद ने सभी के प्रति आभार जताया।