Unnao: आंगनबाड़ी केंद्र पर 2.53 लाख खर्च, जांच को नहीं दिए अभिलेख, लोकपाल बोले- ये वित्तीय अनियमितता है
लोकपाल ने गंभीरता से लेते हुए मुख्य सचिव को पत्र भेजा है। इसमें बताया कि सरकारी धनराशि के व्यय का हिसाब न देना भी वित्तीय अनियमितता की तरह मानते हुए 2.53 लाख की वसूली होनी चाहिए।
विस्तार
उन्नाव जिले में बिछिया विकासखंड के रुपऊ में बने आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण पर 2.53 लाख खर्च किए गए। सोशल आडिट में ग्रामीणों ने इस पर सवाल उठाए तो लोकपाल ने निर्माण संबंधी अभिलेख मांगे। जिम्मेदारों ने कोई अभिलेख नहीं दिए।
इस पर लोकपाल ने मुख्य सचिव को पत्र भेजकर निर्माण पर खर्च दिखाई गई धनराशि की वसूली जिम्मेदारों से कराए जाने की संस्तुति की। वहीं एक साल का ब्याज डीडीओ व बीडीओ से कराए जाने की भी संस्तुति की है। 21 जनवरी 2023 को विकासखंड बिछिया में सोशल आडिट की बैठक हुई थी।
इसमें ग्राम पंचायत रुपऊ में 253562 रुपये से वित्तीय वर्ष 2021-22 में कराए गए आंगनबाड़ी निर्माण कार्य पर ग्रामीणों द्वारा खराब गुणवत्ता सहित अन्य सवाल उठाए गए। जिस पर सोशल आडिट बैठक में मौजूद लोकपाल अतुल निगम ने आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण से संबंधित अभिलेख उपलब्ध कराने के लिए बीडीओ और जिला विकास अधिकारी को पत्र भेजा।
कई बार पत्राचार किए जाने के बाद भी अभिलेख उपलब्ध नहीं कराए गए। जिसे लोकपाल ने गंभीरता से लेते हुए मुख्य सचिव को पत्र भेजा। इसमें बताया कि सरकारी धनराशि के व्यय का हिसाब न देना भी वित्तीय अनियमितता की तरह मानते हुए 2.53 लाख की वसूली होनी चाहिए।
इसकी वसूली में रुचि न लेने और शिथिलता बरतने पर जिला विकास अधिकारी व खंड विकास अधिकारी को जिम्मेदार ठहराते हुए वसूली अवधि के अनुसार 12 प्रतिशत प्रति वर्ष की दर से 30427 रुपये की वसूली की संस्तुति की। भेजे गए पत्र में ब्याज सहित 283989 रुपये की कुल वसूली कराते हुए राजकोष में जमा कराने की बात कही।