देर रात तक जाम रहा टांडा-बांदा हाईवे
गौरीगंज। ट्रक की चपेट में आने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों की ओर से टांडा-बांदा राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगाया गया जाम करीब आधी रात तक चला। जाम की वजह से राजमार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों की कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह जाम समाप्त हुआ।
कुढ़ा थाना नसीराबाद जिला रायबरेली निवासी दिहाड़ी मजदूर विंध्यादीन (40) की मंगलवार रात टांडा-बांदा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित स्थानीय थाने के पैंगा गुमटी के पास तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई थी। मजदूर को रौंदने के बाद ट्रक ने एक कार व ट्रैक्टर को भी टक्कर मार दिया। दुर्घटना के बाद नाराज ग्रामीणों ने मजदूर के शव को राजमार्ग पर रखकर जाम लगा दिया।
लोगों का आक्रोश इस कदर चरम पर था कि मौके पर पहुंचे एसडीएम गौरीगंज मोतीलाल यादव व सीओ अमेठी जटाशंकर मिश्र के समझाने-बुझाने के बावजूद वे जाम हटाने को तैयार नहीं हो रहे थे। हालांकि अधिकारियों की कड़ी मशक्कत व कुछ ग्रामीणों के बीच-बचाव के बाद रात 11 बजे के बाद जाम समाप्त हुआ। जाम समाप्त होने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजवाया। राजमार्ग जाम होने से सड़क पर दोनों ओर करीब पांच किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही।