सोनभद्र। सड़कों के निर्माण की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने पीडब्ल्यूडी के चारों खंडों के एक्सईएन के वेतन भुगतान पर रोक लगा दी है। नहरों की सिल्ट सफाई और मजदूरी भुगतान में शिथिलता पर सिंचाई नहर प्रखंड और निर्माण प्रखंड के एक्सईएन को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी की है। उन्होंने सभी अधिकारियों को पारदर्शिता पूर्ण ढंग से समय सीमा में काम पूरा करने का निर्देश दिया है।
कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को मुख्यमंत्री के प्राथमिकता वाले 37 बिंदुओं की समीक्षा में डीएम ने संबंधित अधिकारियों से बारी-बारी जानकारी ली। पीडब्ल्यूडी और सिंचाई विभाग के अफसरों की कार्यप्रणाली संतोषजनक न होने पर कार्रवाई के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सीएमओ को निर्देश दिया कि सोमवार को समाधान दिवस में ग्राम सभा जुगैल में ग्रामीणों ने पीएचसी पर चिकित्सक के न आने की शिकायत ग्रामीणों ने की थी। डीएम ने कहा कि ग्राम सभा जुगैल में जब तक चिकित्सक की उपस्थिति सुनिश्चित नहीं हो जाती तब तक मुख्य चिकित्साधिकारी के देख-रेख में प्रत्येक सप्ताह स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाय। जिले के सीएचसी-पीएचसी पर डॉक्टरों की तैनाती व उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराई जाय, इसमें किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। ग्राम सभा जुगैल में कोटेदार की चयन प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने का निर्देश डीएसओ को दिया। उन्होंने अपात्र लाभार्थियों के पेंशन प्राप्त करने की शिकायतों का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ सौरभ गंगवार, डीडीओ शेषनाथ चौहान, डीडी कृषि डीके गुप्ता आदि मौजूद रहे।