सोनभद्र: ट्रक पर चढ़कर तिरपाल सही कर रहे खलासी की करंट से मौत, झुलस गया पूरा शरीर; दर्दनाक हादसे से मातम
रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के बिजौली गांव के पास ट्रक की केबिन पर चढ़कर तिरपाल ठीक कर रहे खलासी की हाईटेंशन करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग जुट गए। हादसे से मृतक के परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
विस्तार
रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के बिजौली गांव में बृहस्पतिवार को हुए दर्दनाक हादसे में ट्रक के खलासी वंशराज विश्वकर्मा (30) की हाईटेंशन करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। खलासी एक गोदाम के बाहर ट्रक के केबिन पर चढ़कर तिरपाल सही कर रहा थी। तभी ऊपर से गुजरे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। सड़क तार की ऊंचाई करीब 20 फीट बताई जा रही है। करंट से खलासी धू-धूकर जलने लगा। घटना से मौके पर अफरातफरी मची रही।
मिर्जापुर के हलिया थाना क्षेत्र के अवधी खुर्द निवासी राजेश दुबे प्रयागराज नंबर की ट्रक लेकर रॉबर्ट्सगंज आया था। यहां से माल लेकर उसे जाना था। उसके साथ मप्र के मऊगंज निवासी खलासी वंशराज भी था। बताते हैं एक गोदाम के पास ट्रक खड़ी करने के बाद खलासी केबिन के ऊपर चढ़कर तिरपाल सही कर रहा था, इसी दौरान उसका हाथ ऊपर से गुजरे 11 हजार वोल्ट के तार से छू गया। खलासी के पूरे शरीर में हाईटेंशन करंट उतर गया और वह धू-धू कर जलने लगा।
आनन-फानन लोगों ने सूचना देकर बिजली आपूर्ति बंद कराई। इसके बाद गंभीर रुप से झुलसे खलासी को ट्रक से उतारकर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डाॅक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। रॉबर्ट्सगंज कोतवाल धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि परिजनों को सूचना देते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
साढ़े आठ मीटर लंबे पोल पर तार खींचा गया है। सड़क से ऊंचाई 20 फीट से ज्यादा है। तार के ठीक नीचे ट्रक खड़ी कर काम करने के कारण हादसा हुआ। निगम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार सहायता राशि प्रदान की जाएगी। - इं. ओपी गुप्ता, एक्सईएन, बिजली निगम।